Deepawali 2022: बिहार की सबसे बड़ी दिवाली मनाएगा 10 हजार आबादी वाला ये गांव, मुंगेर को बना दिया खास
Deepawali 2022 बिहार के मुंगेर जिले के इस गांव की आबादी भले ही दस हजार हो लेकिन यहां होने वाले आयोजन इतने भव्य और अद्भुत रहते हैं कि उनकी चर्चा प्रदेशभर में होती है। इस बार भी ये गांव बिहार की सबसे बड़ी दिवाली मनाने जा रहा है।

जागरण संवाददाता, मुंगेर : बिहार के मुंगेर जिले में राज्य की सबसे बड़ी दिवाली मनायी जाएगी। इसके लिए गांव वालों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दस हजार लोगों की आबादी वाले इस गांव में लगभग सभी त्योहारों में बड़ा आयोजन किया जाता है। इसकी वजह से ही गांव चर्चा में रहता है। दिवाली 2022 के सेलिब्रेशन को लेकर भी गांव के मेगा आयोजन की चर्चा अब चारों ओर हो रही है।
पिछली बार की तरह, इस बार भी जिले के बरियारपुर प्रखंड स्थित कल्याणपुर में राज्य की बड़ी दीपावली मनाई जाएगी। दीपावली से पहले धनतेरस के दिन एक साथ छह लाख दीये जलेंगे। दीपोत्सव की तैयारी कल्याणपुर यूथ क्लब ने शुरू कर दी है। सबसे बड़े दीपोत्सव का शुभारंभ गणमान्य अतिथि करेंगे। दीपोत्सव का लाइव प्रसारण भी होगा। दीपोत्सव का कार्यक्रम कल्याणपुर बड़ी दुर्गा महारानी प्रांगण में होगा। इस अद्भुत दीपोत्सव को देखने के लिए लोग दूर-दूर से कल्याणपुर पहुंचेंगे। दीप जलाने के लिए कल्याणपुर के ग्रामीण पूरी तरह से सक्रिय रहेंगे। छह लाख दीये में लगभग छह हजार लीटर तिल का तेल खर्च होंगे। घी से भी दीप जलेंगे।
सबसे बड़ी दिवाली में क्या होगा
- 6 लाख से दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे
- 6 हजार लीटर तिल का तेल लगेगा।
- देसी घी के दीप भी प्रज्ज्वलित होंगे।
- इसका लाइव प्रसारण इंटरनेट मीडिया के माध्यम से होगा।
द बर्नेट होम्यापैथी प्राइवेट लिमिटेड सह हरिओम होमियो के प्रबंध निदेशक और देश के प्रसिद्ध होम्याेपैथ चिकित्सक डा. नीतीश दुबे ने बताया कि यहां राज्य की सबसे बड़ी दीपावाली मनाई जा रही है। माता दुर्गा के प्रति लोगों की श्रद्धा और विश्वास है। इस बड़े संकल्प को पूरा करने ग्रामीणों का पूरा सहयोग मिल रहा है। डा. दुबे ने बताया कि सभी दीये को मुंगेर के अलावा दूसरे जिले के कुम्भकारों से तैयार कराया जा रहा है। लोग मां की श्रद्धा से दीप जलाना चाहेंगे तो वह भी एक दीया लेकर पहुंच सकते हैं। दीपोत्सव के बाद भव्य तरीके से मां गंगा की महाआरती भी की जाएगी। इस दीपोत्सव की सफलता में कल्याणपुर यूथ क्लब के गुलाब सिंह, मनीष सिन्हा, अंशु दुबे, चंदन दुबे, विवेक दुबे, सुदामा चौधरी, पवन दुबे ,अमित दुबे, प्रियरंजन दुबे ,प्रह्लाद दुबे सहित गांव के सैकड़ों युवा लगे हुए हैं।
कब-कब कितना जले दीप
यूथ क्लब कल्याणपुर के गुलाब सिंह ने बताया कि 2020 में दीपावाली पर 1.75 लाख दीप जले थे। 2021 में संख्या बढ़कर पांच लाख पहुंच गया था। यह कार्यक्रम पूरे गांव की सहमति से होती है। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष दीये की संख्या और बढ़ेगी। दीपोत्सव को देखने के लिए दूर-दराज से लोग श्रद्धा भाव से पहुंचते हैं। मां दुर्गा महारानी की कृपा से सबकुछ संभव होता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।