Updated: Wed, 30 Jul 2025 08:54 PM (IST)
मुंगेर जिले में जन्माष्टमी पर वंदे भारत एक्सप्रेस का तोहफा मिल रहा है। 16 अगस्त से जमालपुर जंक्शन से इस ट्रेन का परिचालन शुरू होगा जिसे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन जमालपुर से हावड़ा के बीच 450 किमी की दूरी 6.35 घंटे में तय करेगी जिससे यात्रियों और व्यापारियों को सुविधा होगी। रेलवे परिचालन की तैयारी में जुटा है।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। जिलेवासियों को जन्माष्टमी पर बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। यहां के लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी यानी 16 अगस्त से देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत से सफर करेंगे। सांसद सह केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वंदे भारत एक्सप्रेस को जमालपुर जंक्शन पर हरी झंडी दिखाएंगे।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
दूरभाष पर केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मालदा रेल मंडल प्रबंधक ने उनसे वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के लिए समय निर्धारित करने का आग्रह किया था। मालदा डीआरएम को 16 अगस्त का समय दिया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भी है। इस बड़ी खुशी जिले वासियों के लिए क्या हो सकती है। भगवान कृष्ण के जन्मदिन पर मुंगेर के लोगों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो रहा है।
इधर, केंद्रीय मंत्री से समय मिलने के बाद मालदा रेल मंडल भी तैयारी में जुट गया है। बताया गया कि 16 अगस्त को रेलवे की तरफ से वंदे भारत के परिचालन शुरू करने के लिए बेहतर व्यवस्था की तैयारी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुंगेर के लोगों को काफी डिमांड थी कि जमालपुर जंक्शन से वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो। लोगों की मांग पर उन्होंने खुद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया था। इसके तुरंत बाद केंद्रीय रेलमंत्री ने वंदे भारत का भागलपुर से जमालपुर तक विस्तार के लिए निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता को जो भी समाजहित में मांगें रही, उसे पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि जमालपुर जंक्शन पर दो नई पिट लाइन का निर्माण हो रहा है। पिट लाइन निर्माण का काम नवंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद कुछ और ट्रेनों का परिचालन शुरू कराने की दिशा में काम होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वंदे भारत के चलने से जमालपुर-मुंगेर और आसपास के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। छोटे-बड़े व्यापारियों को भी कारोबार में काफी सहूलियत होगी।
6.35 घंटे में 450 किमी का सफर
वंदे भारत एक्सप्रेस जमालपुर से हावड़ा के बीच की 450 किमी दूरी महज 6.35 घंटे में तय करेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन सप्ताह में शुक्रवार को छोड़कर सभी छह दिन होगा। हावड़ा से ट्रेन संख्या 22309 अप सुबह 7.45 बजे चलेगी।
बाेलपुर शांति निकेतन 9.13 बजे, रामपुरहाट स्टेशन 10 बजे, दुमका 11.05, नौनिहाट 11.32, हसंडिहा 11.50, मंदारहिल 12.12, बाराहाट 12.30, भागलपुर 1.15 बजे और जमालपुर 2.15 बजे पहुंचेगी।
इसी तरह जमालपुर से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22310 दोपहर 3.30 बजे चलेगी। भागलपुर 4.22, बाराहाट 5.02, मंदारहिल 5.16, हंसडिहा 5.38, नौनिहाट 5.53, दुमका 6.25, रामपुर हाट 7.18, बोलपुर शांति निकेतन 7.56 और हावड़ा 10.05 बजे पहुंचेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।