मुंगेर के तारापुर में भीषण आग से लाखों का नुकसान, सब्जी मार्केट की 6 दुकानें जलकर राख
तारापुर के सब्जी मार्केट में भीषण आग लगने से छह दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों का नुकसान हुआ।

दुकानों में लगी आग। फोटो जागरण
HighLights
तारापुर सब्जी मार्केट में भीषण आग से छह दुकानें जलीं।
आग से दुकानदारों को सात से आठ लाख रुपये का नुकसान।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, पुलिस कर रही जांच।
संवाद सहयोगी, तारापुर (मुंगेर)। तारापुर थाना के समीप मुख्य सड़क स्थित सब्जी मार्केट में मंगलवार की अहले सुबह भीषण आग लगने से छह दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की लपटों ने दुकानदारों की वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी को पलभर में खाक कर दिया।
अग्निकांड में सात से आठ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। कई दुकानदारों ने कर्ज लेकर अपना कारोबार शुरू किया था। अब दुकान और सामान जलने के बाद उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
घटना सुबह करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच की बताई जा रही है। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास की सैकड़ों दुकानें इसकी चपेट में आने से बच गईं। इसमें पूनम देवी की दुकान का शोकेस, मिठाई सहित अन्य सामान जल गया।
उन्होंने करीब दो लाख रुपये की क्षति बताई। रेखा देवी की मिठाई दुकान में लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ। रोशन चौधरी को भी करीब एक लाख रुपये की क्षति हुई।
प्रभास तिवारी की दुकान का सामान और महत्वपूर्ण कागजात जल गए। उन्होंने दो लाख रुपये के नुकसान की बात कही।
सियाराम पंडा की सब्जियां जलने से करीब एक लाख रुपये की क्षति हुई, जबकि लक्ष्मण साह ने डेढ़ लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई।
शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
अग्निशमन पदाधिकारी वंदना कुमारी ने बताया कि आग बुझाने के लिए दो छोटी और दो बड़ी दमकल गाड़ियों को लगाया गया था। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- मधुबनी के फुलपरास में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, मातम पसरा
यह भी पढ़ें- सासाराम के फैमिली रेस्टोरेंट में चल रहा था ‘गंदा काम’, केबिन से कई युवक-युवतियां गिरफ्तार
