Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पटना से इन स्‍टेशनों के बीच चलेगी वंदे भारत और मेट्रो, 400 KM का सफर सिर्फ पांच घंटे में, किराया भी कम

    By Jagran NewsEdited By: Deepti Mishra
    Updated: Wed, 14 Jun 2023 03:30 PM (IST)

    रिपोर्ट के मुताबिक जमालपुर से मालदा के बीच वंदे भारत मेट्रो भागलपुर-हावड़ा के बीच वंदे भारत मेट्रो और भागलपुर-देवघर के बीच वंदे भारत मेट्रो का परिचालन भी किया जाएगा। पूर्व रेलवे ने सभी ट्रेनों की गति सीमा निर्धारित की है।

    Hero Image
    पटना, हावड़ा, मालदा और देवघर के लिए वंदे भारत औ वंदे मेट्रो चलेगी। तस्‍वीर- प्रतीकात्‍मक

     रजनीश, मुंगेर: बिहार की दूसरी वंदे भारत ट्रेन का परिचालन साहिबगंज-भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड पर होगा। यहां वंदे भारत ट्रेन और वंदे भारत मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। रेलवे बोर्ड से पूर्व रेलवे मुख्यालय कोलकाता से रिपोर्ट मांगी गई थी।

    पूर्व रेलवे मुख्यालय ने रेलवे बोर्ड को परिचालन संबंधित रिपोर्ट भेज दी है। इसमें मालदा-पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन का परिचालन शुरू करने की बात कहीं गई है।

    रिपोर्ट के मुताबिक, जमालपुर से मालदा के बीच वंदे भारत मेट्रो, भागलपुर-हावड़ा के बीच वंदे भारत मेट्रो और भागलपुर-देवघर के बीच वंदे भारत मेट्रो का परिचालन भी किया जाएगा। पूर्व रेलवे ने सभी ट्रेनों की गति सीमा निर्धारित की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरअसल, भारतीय रेल में पहले फेज में वंदे भारत ट्रेन चल रही है। दूसरे फेज में वंदे भारत मेट्रो का परिचालन इसी वर्ष शुरू होना है। मालदा से पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन का परिचालन साहिबगंज-भागलपुर-जमालपुर-किऊल के रास्ते होगा।

    400 किलोमीटर की दूरी पांच घंटे में तय होगी

    मालदा से पटना की 400 किमी की दूरी वंदे भारत ट्रेन से पांच से साढ़े पांच घंटे में पूरी होगी। इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में छह दिन होगा। यह ट्रेन औसतन एक घंटे में 80 किमी की दूरी तय करेगी। उम्मीद है कि मालदा से पटना के बीच वंदे भारत का ठहराव पांच प्रमुख स्टेशनों पर होगा। हालांकि, समय और ठहराव पर मंथन किया जाना है।

    दो घंटे में पहुंच सकेंगे भागलपुर से देवघर

    इसी तरह जमालपुर-मालदा वंदे भारत मेट्रो का परिचालन सप्ताह में छह दिन होगा। 231 किमी का सफर चार से साढ़े चार घंटे में पूरा होगा। यह ट्रेन औसतन एक घंटे में लगभग 53 किमी की दूरी तय करेगी। भागलपुर-हावड़ा और भागलपुर-देवघर वंदे भारत मेट्रो भी सप्ताह में छह दिन चलेगी। हावड़ा वंदे भारत मेट्रो एक घंटे में लगभग 59 किमी की दूरी तय करेगी, जबकि देवघर वंदे भारत एक घंटे में 51.43 किमी की दूरी तय करेगी। मतलब दो घंटे में भागलपुर से देवघर की यात्रा पूरी होगी।

    कितना होगा मेट्रो का किराया

    वंदे भारत ट्रेन की तुलना में वंदे मेट्रो का किराया बेहद कम होगा ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के लोग भी सफर कर सकें। इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) चेन्नई में रैक तैयार होगा।

    वंदे भारत मेट्रो का निर्माण इस नई तकनीक के साथ किया जा रहा है कि ट्रेनें 100 किलोमीटर से कम दूरी वाले शहरों में एक दिन में चार या पांच बार चलाई जा सकती हैं। जो यात्रियों के लिए बहुत ही सुविधाजनक और सस्ती होंगी। इसके परिचालन से आम लोगों को काफी राहत मिल सकेगी। इस ट्रेन में कोचों की संख्या अधिकतम सात से आठ होगी।

    मालदा रेल मंडल अंतर्गत रेलवे ट्रैक को पूरी तरह से दुरुस्त है। मालदा-साहिबगंज-किऊल रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार प्रति घंटे 110 किमी है। वंदे भारत और वंदे मेट्रो चलाने का प्रस्ताव है। आने वाले दिनों में तेजस राजधानी का परिचालन होगा। मालदा रेल मंडल के कई स्टेशनों को नया लुक दिया जा रहा है। यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी करना पहली प्राथमिकता है। -विकास चौबे, डीआरएम, मालदा रेल मंडल।

    वंदे भारत और वंदे मेट्रो में अंतर

    वंदे भारत ट्रेन की तरह ही वंदे मेट्रो ट्रेन में भी आधुनिक ब्रेक सिस्टम, रेड सिग्नल ब्रेक करने से रोकने के लिए कवच सेफ्टी सिस्टम, आटोमेटिक डोर, फायर सेंसर, जीपीएस, एलईडी स्क्रीन उपलब्ध होगी। यह यात्रियों को अगले स्टेशन के बारे में पहले से सूचित करेगी। वंदे भारत का परिचालन इस रूट पर दो से तीन माह में शुरू होने की उम्मीद है, जबकि वंदे मेट्रो अक्टूबर-नवंबर के बीच चल सकती है।