मुद्गल ऋषि के कहने पर सीता ने मुंगेर में किया था छठ व्रत; गंगा के बीच सीताचरण में मौजूद हैं श्रीराम व सीता के चरण चिह्न
Munger Sitacharan Temple Chhath Puja History Ramayana Circuit Demand: मुंगेर के सीताचरण मंदिर का छठ महापर्व से गहरा पौराणिक संबंध ...और पढ़ें
-1794660298055_m.webp)
Munger Sitacharan Temple Chhath Puja History Ramayana Circuit Demand: मुंगेर के सीताचरण मंदिर में माता सीता ने की थी पहली छठ पूजा
HighLights
माता सीता ने मुंगेर में किया था छठ व्रत।
सीताचरण मंदिर में श्रीराम-सीता के चरण चिह्न मौजूद।
मंदिर को रामायण सर्किट से जोड़ने की मांग।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Sitacharan Temple Chhath Puja History Ramayana Circuit Demand: लोक आस्था के महापर्व छठ का मुंगेर के ऐतिहासिक सीताचरण मंदिर से गहरा पौराणिक संबंध रहा है। धार्मिक मान्यता है कि त्रेतायुग में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण लंका पर विजय प्राप्त करने के बाद अयोध्या लौटने के क्रम में मुंगेर में रुके थे। यहां गंगा नदी के बीच अवस्थित एक टीले पर माता सीता ने भगवान सूर्य की उपासना करते हुए छठ व्रत किया था। मुंगेर के बबुआ घाट के सामने गंगा की धारा के बीच स्थित सीताचरण मंदिर आज भी इस पावन परंपरा का साक्षी है।
शिलाखंड पर आज भी मौजूद हैं चरण चिह्न, 1926 के गजट में भी है उल्लेख
गंगा नदी के बीच स्थित सीताचरण मंदिर के एक विशाल शिलाखंड पर माता सीता और भगवान श्रीराम के चरण चिह्न आज भी स्पष्ट रूप से मौजूद हैं, जिसके अग्रभाग में चक्र का निशान भी अंकित है। इस स्थल के पौराणिक महत्व को देखते हुए स्थानीय लोगों के सहयोग से वर्ष 1974 में यहां मंदिर का निर्माण कराया गया था।

ऐतिहासिक दस्तावेजों के अनुसार, इस स्थल का उल्लेख वर्ष 1926 के सरकारी गजट में भी मिलता है। छठ महापर्व के अवसर पर यहां हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। लोगों का अटूट विश्वास है कि यहां सच्चे मन से भगवान भास्कर को अर्घ्य देने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, हालांकि अब तक इसे राष्ट्रीय स्तर पर अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई है।
महर्षि मुद्गल के कहने पर माता सीता ने किया था छठ अनुष्ठान
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वनवास के लिए निकलते समय भी भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण मुंगेर स्थित महर्षि मुद्गल के आश्रम पहुंचे थे। उस समय माता सीता ने मां गंगा से वनवास काल के सकुशल बीतने की प्रार्थना की थी। लंका विजय के पश्चात वे पुनः महर्षि मुद्गल के आश्रम आए और ऋषि के मार्गदर्शन में माता सीता ने गंगा के बीच टीले पर सूर्य उपासना कर छठ का अनुष्ठान संपन्न किया।
-1794660094390.webp)
108 फीट ऊंची प्रतिमा और रामायण सर्किट से जोड़ने के लिए विधायक को सौंपा प्रारूप
सीताचरण को छठ पूजा की उद्गम स्थली मानते हुए इसके भव्य विकास की मांग तेज हो गई है। समाजसेवी सनत कुमार ने मुंगेर विधायक कुमार प्रणय को मंदिर के प्रस्तावित प्रारूप के साथ मांग पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि गंगा के बीच स्थित सीताचरण मंदिर आस्था, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम है। यहां 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित कर इसे रामायण सर्किट से जोड़ा जाना चाहिए, जिसके लिए उन्होंने प्रतिमा का डिजाइन भी तैयार किया है। विधायक कुमार प्रणय ने इस मांग को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
-1794660249286.webp)
इसके अतिरिक्त समाजसेवी शंभू राय, कौशल किशोर पाठक सहित अन्य स्थानीय नागरिकों ने भी परिसर में 108 फीट ऊंची माता सीता की प्रतिमा लगाने, रामायण सर्किट से जोड़ने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मरीन ड्राइव से लूप लाइन, बेहतर नाव सेवा और रोपवे जैसी सुविधाएं विकसित करने की पुरजोर मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।