अंग प्रदेश और कोसी-गंगा संगम से नेपाल तक छठ का महापर्व; सूर्यपुत्र कर्ण, द्रौपदी व प्रियंवद से जुड़ी पौराणिक कथाएं
Chhath Puja History Anga Pradesh Munger Ghat Karna Draupadi Story: लोक आस्था का महापर्व छठ अब बिहार की वैश्विक पहचान ...और पढ़ें

Chhath Puja History Anga Pradesh Munger Ghat Karna Draupadi Story : अंग प्रदेश से शुरू हुई थी छठ की परंपरा।
HighLights
छठ महापर्व बिहार की वैश्विक सांस्कृतिक पहचान बना।
सूर्यपुत्र कर्ण, द्रौपदी से जुड़ी हैं इसकी कथाएं।
चार दिवसीय अनुष्ठान में सूर्य को अर्घ्य दिया जाता।
संवाद सूत्र, सिकटी (अररिया)। Chhath Puja History Anga Pradesh Munger Ghat Karna Draupadi Story: लोक आस्था का महापर्व छठ आज बिहार की वैश्विक सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। सूर्य उपासना का यह अनुपम लोकपर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाता है, लेकिन अब देश-विदेश में भी अपनी मिट्टी से जुड़े इस पर्व के प्रति लोगों की आस्था निरंतर बढ़ रही है।
यह एकमात्र ऐसा पर्व है, जो वैदिक काल से अनवरत चला आ रहा है। ऋषियों द्वारा रचित ऋग्वेद में सूर्य पूजन और उषा पूजन की जो आर्य परंपरा वर्णित है, छठ उसी की जीवंत झलक प्रस्तुत करता है।
अंग प्रदेश के गंगा घाट और कोसी संगम से शुरू होकर नेपाल तक पहुंचा पर्व
मान्यता है कि इस महापर्व की शुरुआत प्राचीन अंग प्रदेश के मुंगेर स्थित गंगा घाट से हुई थी, जिसके कारण सीमांचल क्षेत्र में भी इसकी महत्ता गहराती गई। वर्षों से छठ कर रही व्रती महिलाओं का मानना है कि वे सूर्यपुत्र कर्ण की भांति तेजस्वी और यशस्वी पुत्र की प्राप्ति के लिए यह व्रत करती हैं।
वरिष्ठ शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता बताते हैं कि अंग प्रदेश में कोसी और गंगा का पावन संगम हुआ है और यहीं से छठ की शुरुआत मानी जाती है। आज जिसे सीमांचल कहा जाता है, वह प्राचीन अंग प्रदेश का ही हिस्सा रहा है। कर्मकांडों से परे आस्था की डोर में बंधा यह पर्व अंग के गंगा तट से निकलकर कोसी, मिथिलांचल और सीमांचल होते हुए नेपाल तक प्रसारित हुआ।
-1794641358522.webp)
महापर्व छठ से जुड़ी तीन प्रमुख पौराणिक व ऐतिहासिक मान्यताएं
| संदर्भ / पात्र | पौराणिक कथा एवं ऐतिहासिक महत्व | व्रत का संदेश व फल |
| राजा प्रियंवद व रानी मालिनी | महर्षि कश्यप के यज्ञ से प्राप्त पुत्र मृत पैदा होने पर ब्रह्मा की मानस पुत्री देवी षष्ठी (छठी मइया) प्रकट हुईं और राजा ने उनकी पूजा कर जीवित संतान पाई। | संतान प्राप्ति और संतान के सुखी व दीर्घायु जीवन की कामना के लिए छठ पूजा। |
| सूर्यपुत्र अंगराज कर्ण | महाभारत काल में अंग प्रदेश के राजा कर्ण प्रतिदिन घंटों कमर तक गंगा जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना व अर्घ्य देते थे। | यशस्वी संतान की प्राप्ति और सूर्य तेज व कृपा के लिए जल में खड़े होकर अर्घ्य देने की परंपरा। |
| द्रौपदी और पांडव | जुए में अपना संपूर्ण राजपाट कौरवों से हार जाने के बाद द्रौपदी ने विधिपूर्वक छठ व्रत किया, जिसके प्रभाव से पांडवों को राजपाट वापस मिला। | संकट से मुक्ति, परिवार की समृद्धि और सूर्य देव व छठी मइया (भाई-बहन) की संयुक्त कृपा। |
नवजात की छठी पूजा से जुड़ा है महत्व, बांस के सूप-डाला में सजता है प्रसाद
पंडित उमेश तिवारी बताते हैं कि नवजात शिशु के जन्म के छठे दिन होने वाली 'छठी पूजा' भी इसी परंपरा का हिस्सा है, ताकि शिशु पर छठी मइया की विशेष कृपा बनी रहे। चार दिनों के इस महाअनुष्ठान में दो दिनों का कठिन निर्जला उपवास होता है।
कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को व्रती महिलाएं नदी या तालाब के कमर भर पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं। बांस से बने डाला, सूप और कोनिया में ठेकुआ, पूरी, नारियल, ईख (गन्ना), सेब, संतरा, मूली, अदरक, हल्दी, पान-सुपारी और धूप-दीप सजाकर भगवान भास्कर को अर्पित किया जाता है।
-1794641422117.webp)
राजा प्रियंवद, सूर्यपुत्र कर्ण और द्रौपदी से जुड़ी हैं छठ की पौराणिक कथाएं
छठ पर्व की उत्पत्ति को लेकर तीन प्रमुख पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं:
राजा प्रियंवद की कथा: पौराणिक आख्यान के अनुसार, निःसंतान राजा प्रियंवद ने महर्षि कश्यप से पुत्रेष्टि यज्ञ कराया, जिसके बाद रानी मालिनी ने पुत्र को जन्म दिया, लेकिन वह मृत पैदा हुआ। वियोग में प्राण त्यागने को तत्पर राजा के समक्ष ब्रह्मा की मानस पुत्री देवसेना प्रकट हुईं। उन्होंने बताया कि सृष्टि की मूल प्रवृत्ति के छठे अंश से उत्पन्न होने के कारण वे षष्ठी (छठी मइया) कहलाती हैं। उनके निर्देशानुसार राजा ने षष्ठी व्रत किया, जिससे उन्हें जीवित पुत्र की प्राप्ति हुई।
सूर्यपुत्र कर्ण की साधना: महाभारत काल में अंगराज कर्ण प्रतिदिन घंटों कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना करते थे और उन्हें अर्घ्य देते थे। सूर्य देव की कृपा से ही वे महान योद्धा बने और यहीं से अर्घ्य देने की लोक-परंपरा आरंभ हुई।
द्रौपदी का व्रत: एक अन्य कथा के अनुसार, जब पांडव जुए में अपना सारा राजपाट हार गए, तब द्रौपदी ने छठ व्रत रखा था, जिसके फलस्वरूप पांडवों को पुनः उनका राज्य प्राप्त हुआ। लोक मान्यताओं के अनुसार सूर्य देव और छठी मइया भाई-बहन हैं, इसलिए इस पर्व में दोनों की संयुक्त आराधना अत्यंत फलदायी मानी जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।