दीपावली से पहले पकड़ी गई शराब की बड़ी खेप, मुंगेर में कंटेनर से 300 कार्टन बरामद
मुंगेर में दीपावली से पहले शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस ने श्रीकृष्ण सेतु के पास एक कंटेनर ...और पढ़ें

मुंगेर में शराब बरामद। फोटो जागरण
HighLights
दीपावली से पहले मुंगेर में शराब की बड़ी खेप पकड़ी।
श्रीकृष्ण सेतु के पास 300 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद।
चावल की बिल्टी बनाकर शराब तस्करी का खुलासा हुआ।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। दीपावली में शराब खपाने का बड़ा खेल का राजफाश हुआ। धनबाद से चावल की बिल्टी बनाकर कंटेनर में भरकर भेजी जा रही अंग्रेजी शराब की खेप पुलिस के हत्थे चढ़ गई।
श्रीकृष्ण सेतु के पास एसपी की आसूचना इकाई की टीम ने जाल बिछाकर कंटेनर को पकड़ लिया। तलाशी में 300 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में खलबली मच गई है।
चावल की बिल्टी, कंटेनर में शराब का धंधा
मुफस्सिल थानाध्यक्ष वीरभद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते कंटेनर में शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और सेतु के पास घेराबंदी कर कंटेनर को दबोच लिया। तलाशी में शराब की 300 से अधिक पेटियां मिलीं।
धनबाद से मुजफ्फरपुर तक सिंडिकेट
गिरफ्तार चालक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बेलारी थाना क्षेत्र के तेवरखास गांव निवासी मेहरबान है। पूछताछ में चालक ने बताया कि धनबाद से उसे चावल की बिल्टी देकर कंटेनर मुजफ्फरपुर के पीपलाकोठी पहुंचाने को कहा गया था। बिल्टी में चावल का जिक्र था, जबकि कंटेनर में अंग्रेजी शराब लदी थी। शराब दीपावली के दौरान खपाने की तैयारी थी।
सेतु बना शराब तस्करी का रास्ता
गौरतलब है कि इससे पहले भी पुलिस श्रीकृष्ण सेतु से 143 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की जा चुकी है। लगातार दूसरी बड़ी बरामदगी ने सेतु के रास्ते शराब तस्करी के नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस इस खेप के पीछे शामिल तस्करों और पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।