West Champaran : सुबह पापा से कहा-पति मारता है, बच्चों को छोड़कर कैसे आऊं...शाम को मिली नूरैशा की मौत की खबर
पश्चिम चंपारण के दियुलिया गांव में 35 वर्षीय नूरैशा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद उनके ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
नूरैशा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत।
पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप।
मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशान।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। नशे की हालत में पत्नी से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों के बीच जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दियुलिया गांव में 35 वर्षीय विवाहिता नूरैशा खातून की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।
मृतका के पिता आलिम मियां ने अपने दामाद रौशन अंसारी, समधन, समधी समेत अन्य ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने की बात भी सामने आई है।
मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। मृतका की पहचान जगदीशपुर पंचायत के वार्ड संख्या सात, दियुलिया गांव निवासी रौशन अंसारी की पत्नी नूरैशा खातून के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी। वह चार बच्चों, एक पुत्र और तीन पुत्रियों की मां थी।
मृतका अपने दो भाइयों और तीन बहनों में चौथे स्थान पर थी। मृतका के पिता आलिम मियां ने बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि दामाद नशे का सेवन करता था और नशा करने के लिए पत्नी से रुपये मांगता था।
रुपये नहीं देने पर वह नूरैशा के साथ मारपीट करता था। पति की ओर से उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। पिता के अनुसार, रविवार की सुबह नूरैशा ने फोन कर उन्हें अपनी परेशानी बताई थी।
उसने पति पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। बेटी की बात सुनकर पिता ने उसे मायके आ जाने को कहा। इस पर नूरैशा ने चिंता जताते हुए कहा कि वह बच्चों को छोड़कर कैसे आ सकती है।
शाम में मिली मौत की सूचना, घर पहुंचने पर मिला शव
आलिम मियां ने बताया कि रविवार की शाम उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। इसके बाद परिवार के लोग दियुलिया गांव स्थित उसके ससुराल पहुंचे। वहां नूरैशा का शव बिस्तर पर पड़ा था, जबकि ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार थे।
पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट थी, जहां से खून निकल रहा था। इसके अलावा सीने और पीठ पर भी चोट के निशान थे। उन्होंने आशंका जताई कि पति ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उनकी बेटी की पिटाई की और उसकी हत्या कर दी।
मृतका के पिता ने पति रौशन अंसारी, सास, ससुर और अन्य लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद चार छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और मौत के वास्तविक कारणों का पता चलना बाकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।