घोरघाट से सफियाबाद तक 25 किमी में बार-बार बदलती राह, अंधेरे में कहीं मिट्टी तो कहीं कीचड़ से जूझते चालक
मुंगेर-मिर्जाचौकी फोर लेन पर घोरघाट से सफियाबाद तक रात में सफर खतरनाक हो गया है, जहाँ 25 किमी की दूरी तय करने में डेढ़ घंटा लग रहा है। अंधेरे, बार-बार लेन बदलने, कच्चे रास्तों और अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
-1795788883082_m.webp)
रास्ता बदलकर दूसरे लेन जाते कार चालक. जागरण
HighLights
घोरघाट-सफियाबाद हाईवे पर रात में सफर खतरनाक।
अंधेरे, लेन परिवर्तन, कच्चे रास्ते बढ़ा रहे जोखिम।
सुरक्षा, रोशनी, यातायात कर्मियों की कमी चिंताजनक।
संवाद सूत्र, मुंगेर। रात के अंधेरे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक रास्ता या लेन बदलना पड़ जाए तो सड़क हादसे का खतरा कितना बढ़ जाता है, इसकी स्पष्ट तस्वीर घोरघाट से सफियाबाद तक लगभग 25 किलोमीटर लंबे हाईवे पर नजर आती है।
सामान्य स्थिति में जिस दूरी को तय करने में करीब 20 मिनट लगते हैं, वह सफर रात में लगभग डेढ़ घंटे में पूरा हो रहा है। मुंगेर-मिर्जाचौकी के बीच निर्माणाधीन फोर लेन पर परिचालन शुरू होने से आवागमन को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन रात के समय सफर करने वालों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं।
कहीं दाहिनी ओर से वाहन निकल रहे हैं तो कुछ किलोमीटर आगे बाईं ओर से। कई स्थानों पर सड़क निर्माण के कारण बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद किया गया है। दिशा बताने वाले बोर्ड जरूर लगे हैं, लेकिन पर्याप्त रोशनी और मौके पर यातायात नियंत्रित करने वाले कर्मियों की मौजूदगी नहीं दिखती। नवंबर की ठंडी रात, हल्का धुंधलापन और अंधेरे में बार-बार बदलती लेन वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन रही है।
रात 10:30 बजे: घोरघाट से शुरू हुआ सफर, अंधेरे में छिपे संकेत
घोरघाट पुल से रात 10:30 बजे सफियाबाद की ओर सफर शुरू होता है। हाईवे पर बड़े और छोटे वाहनों की आवाजाही जारी रहती है, लेकिन सड़क पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। कुछ ही दूरी आगे बढ़ने पर बैरिकेडिंग से रास्ता बंद मिलता है।
दिशा सूचक बोर्ड लगे हैं, पर अंधेरे के कारण वे दूर से दिखाई नहीं देते। वाहन के बिल्कुल करीब पहुंचने पर चालक को पता चलता है कि आगे मार्ग बंद है और दूसरी तरफ से निकलना है; मार्गदर्शक के रूप में कोई कर्मी भी तैनात नहीं दिखता।
रात 10:50 बजे: बरियारपुर की ओर बढ़ते ही कई जगह बदली मिली लेन
बरियारपुर की दिशा में आगे बढ़ने पर निर्माण कार्य के चलते कई जगह यातायात की दिशा बदली हुई मिलती है। कहीं दाहिनी लेन से वाहन गुजर रहे हैं तो कुछ दूर आगे बाईं लेन से। बैरिकेड के बीच से रास्ता निकालना पड़ रहा है।
अचानक लेन बदलने की स्थिति में चालकों को रफ्तार धीमी करनी पड़ती है, जबकि पीछे से तेज गति में आ रहे वाहन जोखिम को और बढ़ा देते हैं। जरा सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
रात 11:10 बजे: बरियारपुर में मिली पुलिस, बाकी मार्ग पर नदारद
रात 11:10 बजे बरियारपुर के समीप हाईवे किनारे पुलिस की एक गाड़ी खड़ी नजर आती है। इसके अलावा पूरे मार्ग पर यातायात संभालते पुलिसकर्मी या गश्ती दल दिखाई नहीं देते। निर्माण वाले हिस्सों में भी वाहनों को दिशा देने के लिए कोई कर्मी मौजूद नहीं है। तेज रफ्तार वाहनों और लगातार बदलती लेन के बीच पुलिस की सीमित मौजूदगी रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
रात 11:25 बजे: पाटम व नौवागढ़ी के पास चार स्थानों पर कच्चे रास्ते
पाटम और नौवागढ़ी की ओर बढ़ने पर सड़क निर्माण से जुड़ी चुनौतियां सामने आती हैं। करीब चार स्थानों पर वाहनों को कच्चे रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। कहीं मिट्टी और कीचड़ है तो कहीं असमतल सतह। भारी वाहनों के निकलने के दौरान छोटे वाहनों को पीछे रुकना पड़ता है। बैरिकेडिंग के बीच से वाहन निकालने में चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ती है, जो रात के अंधेरे में और अधिक कठिन हो जाता है।
रात 11:40 बजे: वाहनों का दबाव, थमती रही रफ्तार
नौवागढ़ी, जीरो माइल और ऋषिकुंड मोड़ की तरफ बढ़ते हुए बार-बार लेन बदलने की स्थिति बनती है। शादी-विवाह के मौसम के कारण वाहनों का दबाव भी बढ़ा हुआ है। कई जगह कुछ समय के लिए वाहनों की कतार लग जाती है। इसकी बड़ी वजह केवल वाहनों की संख्या नहीं, बल्कि यातायात की बदलती दिशा भी है। एक ओर से दूसरी ओर वाहन निकालने के क्रम में चालक उलझते हैं और आगे निकलने की होड़ में कतार फंसने से रफ्तार थम जाती है।
रात 11:50 बजे: सफियाबाद में भी नहीं दिखी गश्त
रात 11:50 बजे करीब 25 किलोमीटर का सफर पूरा कर सफियाबाद पहुंचते हैं। यहां थाना के आसपास भी कोई पुलिसकर्मी या गश्ती दल नजर नहीं आता। बरियारपुर के पास खड़ी एक पुलिस गाड़ी को छोड़ पूरे रास्ते पुलिस की सक्रिय मौजूदगी नहीं दिखती। अंधेरे में तेज रफ्तार वाहन, निर्माण क्षेत्र, कच्चे रास्ते और बार-बार बदलती लेन हाईवे की व्यवस्थागत खामियों को सामने लाते हैं।
सहूलियत के साथ सुरक्षा भी जरूरी
नया मार्ग शुरू होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत जरूर मिली है, लेकिन सुरक्षित यात्रा के इंतजाम अभी अधूरे दिखते हैं। हाईवे पर समुचित रोशनी, लेन परिवर्तन से पहले दूर से दिखने वाले रिफ्लेक्टिव संकेतक, चमकदार बैरिकेडिंग और निर्माण स्थलों पर पुलिस या ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती बेहद जरूरी है। केवल बोर्ड लगाकर रूट बदल देना पर्याप्त नहीं है; अंधेरे में अचानक बदलती लेन और तेज रफ्तार के बीच छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।