सरकारी पैसा मिला, घर अब भी अधूरा, मुंगेर में 25 आवासों की जांच, पांच लाभुकों को नोटिस
Awas Yojana Verification Notice : मुंगेर के धरहरा प्रखंड में 25 आवासों की जांच के दौरान 5 ऐसे लाभुक पाए गए जिन्होंने सरकारी सहायता मिलने के बावजूद आवास निर्माण पूरा नहीं किया। प्रशासन ने इन लाभुकों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है, ताकि राशि का दुरुपयोग रोका जा सके।

आवास योजना के लाभुकों के घर का स्थल सत्यापन करतीं बीडीओ रश्मि भारती. जागरण
HighLights
धरहरा में 25 आवासों का स्थल सत्यापन किया गया।
पांच लाभुकों ने किस्तें मिलने पर भी घर नहीं बनाए।
प्रशासन ने अधूरे आवासों के लिए नोटिस जारी किए।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। Awas Yojana Verification Notice :सरकारी सहायता मिलने के बावजूद आवास निर्माण कार्य पूरा नहीं कराने वाले लाभुकों के विरुद्ध प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। धरहरा प्रखंड की महगामा पंचायत में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बीडीओ रश्मि भारती ने कुल 25 लाभुकों के आवासों का स्थल सत्यापन किया।
जांच के दौरान पांच लाभुक ऐसे पाए गए, जिन्हें आवास योजना की तीनों किस्तें प्राप्त हो चुकी हैं, लेकिन उन्होंने अब तक आवास निर्माण पूरा नहीं कराया है। स्थल सत्यापन में आवास निर्माण की भौतिक स्थिति और सरकारी राशि के उपयोग की गहन पड़ताल की गई।
नोटिस जारी कर जल्द निर्माण पूरा करने का निर्देश
स्थल सत्यापन में जिन पांच लाभुकों ने राशि मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया या उसे अधूरा छोड़ रखा है, उन्हें प्रशासन द्वारा नोटिस जारी कर जल्द से जल्द आवास निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि आवास योजना की राशि मकान बनाने के उद्देश्य से दी जाती है। यदि राशि प्राप्त करने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं कराया जाता है, तो संबंधित लाभुकों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
धरातल पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
अधिकारियों के अनुसार, इस स्थल सत्यापन का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से धरातल पर पहुंचाना, राशि के दुरुपयोग को रोकना और आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाना है। सत्यापन के दौरान आवास सहायक मो. परवेज आलम सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।