मुंगेर के किसानों की किस्मत, 1 बीघा से डेढ़ लाख तक मुनाफा; जानिए केले की खेती का पूरा तरीका
मुंगेर में केले की खेती किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प है, जिससे एक बीघा जमीन से सालाना 1 से 1.5 लाख रुपये तक की आमदनी हो सकती है।
-1795465668081_m.webp)
केले की खेती। फाइल फोटो
HighLights
मुंगेर में केले की खेती किसानों के लिए बेहतर विकल्प।
एक बीघा जमीन से सालाना 1 से 1.5 लाख रुपये मुनाफा।
कृषि विशेषज्ञ दे रहे हैं केले की खेती के लिए मार्गदर्शन।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। खेती से अच्छी आमदनी की चाहत रखने वाले किसानों के लिए केले की खेती एक बेहतर विकल्प बन सकती है।
मुंगेर की मिट्टी और जलवायु केले की खेती के अनुकूल है। इसके बावजूद जिले के अधिकांश किसान अब भी धान और गेहूं की पारंपरिक खेती तक सीमित हैं।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि किसान पारंपरिक फसलों के साथ केले की खेती अपनाएं तो कम समय में बेहतर आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। एक बीघा जमीन में केले की खेती से सालाना एक से डेढ़ लाख रुपये तक की आमदनी संभव है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय कृषि विज्ञानी मुकेश कुमार बताते हैं कि बाजार में केले की मांग हमेशा बनी रहती है। इसमें कार्बोहाइड्रेट, पोटेशियम, कैल्शियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं।
ऐसे में किसानों के लिए इसकी खेती आमदनी का अच्छा जरिया बन सकती है। केले की उन्नत किस्म जी-9 का पौधा करीब 15 रुपये में उपलब्ध है।
रोपाई के लगभग नौ महीने बाद इसमें फल तैयार होने लगते हैं। जिले के किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से इसकी खेती के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
इन प्रखंडों में खेती की अच्छी संभावना
जिले में सदर प्रखंड के ऊपरी हिस्सों के अलावा जमालपुर, धरहरा, हवेली खड़गपुर, संग्रामपुर, टेटिया बंबर और तारापुर में केले की खेती की अच्छी संभावना है।
हालांकि, जलजमाव वाले खेतों में इसकी खेती से बचना होगा। ऐसी जमीन जहां पानी की निकासी की उचित व्यवस्था हो, वहां किसान केले के पौधे लगा सकते हैं।
20 से 35 डिग्री तापमान अनुकूल
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, केले की खेती के लिए उष्ण एवं उपोष्ण जलवायु तथा 20 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान उपयुक्त है। जैविक पदार्थों से भरपूर दोमट मिट्टी में इसकी पैदावार अच्छी होती है।
खेत में जलनिकासी की व्यवस्था जरूरी है। मार्च से जुलाई तक पौधों की रोपाई की जा सकती है। जी-9 के अलावा ड्वार्फ कैवेंडिश, रोबस्टा, मालभोग, बसराई और चिनिया जैसी किस्में भी किसानों के लिए विकल्प हैं।
विज्ञानी तरीके से लगाएं पौधे
केले की खेती के लिए खेत की दो से तीन बार जुताई कर समतल बनाना चाहिए। जलनिकासी के लिए नालियां तैयार करने के बाद डेढ़ से दो मीटर की दूरी पर पौधे लगाएं।
एक हेक्टेयर में करीब 2500 से 3500 पौधे लगाए जा सकते हैं। रोपाई के बाद नियमित सिंचाई के साथ गोबर खाद, नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश का प्रयोग कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार करना चाहिए।
पड़ोसी जिलों से लें प्रेरणा
वरीय कृषि विज्ञानी प्रो. मुकेश कुमार बताते हैं कि खगड़िया और नवगछिया के किसान बड़े पैमाने पर केले की खेती कर रहे हैं।
मुंगेर के किसानों के पास भी अनुकूल जमीन और वातावरण उपलब्ध है। किसान पारंपरिक खेती के साथ केले की खेती को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- लखीसराय नगर परिषद में शामिल होंगे बालगुदर और नीरपुर समेत ये 5 गांव, बैठक में 2009 के संकल्प पर मुहर
यह भी पढ़ें- BAU के वैज्ञानिकों ने बनाई अनोखी तकनीक, जेनॉन गैस से सुरक्षित रहेगा अंकुरण कक्ष, सीड जर्मिनेटर को मिला पेटेंट