BAU के वैज्ञानिकों ने बनाई अनोखी तकनीक, जेनॉन गैस से सुरक्षित रहेगा अंकुरण कक्ष, सीड जर्मिनेटर को मिला पेटेंट
BAU Sabour Xenon Gas Seed Germinator Design Patent Bhagalpur Agriculture : बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) सबौर ने जेनॉन गैस आधारित सीड जर्मिनेटर डिज़ाइन का पेटेंट हासिल किया है। यह उपकरण बीजों के अंकुरण और गुणवत्ता की जांच के लिए सटीक तापमान व नमी बनाए रखने में मदद करेगा, जिससे ऊर्जा संरक्षण भी होगा।

BAU Sabour Xenon Gas Seed Germinator Design Patent Bhagalpur Agriculture : बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि
HighLights
बीएयू सबौर ने जेनॉन गैस सीड जर्मिनेटर का पेटेंट प्राप्त किया।
यह उपकरण बीजों के अंकुरण और गुणवत्ता जांच में सहायक होगा।
ऊर्जा संरक्षण के साथ सटीक तापमान, नमी नियंत्रित करेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। BAU Sabour Xenon Gas Seed Germinator Design Patent Bhagalpur Agriculture : अच्छी और भरपूर फसल के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बीज ही पहली गारंटी होते हैं, लेकिन बीजों के अंकुरण की जांच के दौरान सटीक तापमान और नमी बनाए रखना प्रयोगशालाओं के लिए एक बड़ी चुनौती रही है। इस जटिल चुनौती का वैज्ञानिक समाधान बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के वैज्ञानिकों ने खोज निकाला है।
विश्वविद्यालय के बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विकसित विशेष ‘सीड जर्मिनेटर’ के डिजाइन को भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय से आधिकारिक पंजीकरण मिल गया है। जेनॉन गैस आधारित इस अत्याधुनिक उपकरण से बीजों के अंकुरण और गुणवत्ता की जांच अधिक नियंत्रित परिस्थितियों में की जा सकेगी।
जेनॉन गैस, अल्ट्रासोनिक ह्यूमिडिफायर और ऑक्सीजन सिलेंडर से लैस है उपकरण
इस नवाचारी उपकरण का पूरा नाम ‘सिंगल चैंबर सीड जर्मिनेटर इंसुलेटर सह नोबल गैस (जेनॉन गैस) फॉर जर्मिनेशन ऑफ प्लांट सीड्स’ है। इसमें अंकुरण कक्ष के भीतर तापमान को लंबे समय तक स्थिर रखने के लिए इंसुलेशन के रूप में नोबल गैस जेनॉन का उपयोग किया गया है।
इसके साथ ही कक्ष में सटीक नमी और वायु संचार के लिए अल्ट्रासोनिक ह्यूमिडिफायर और ऑक्सीजन सिलेंडर भी लगाया गया है। इन व्यवस्थाओं से अंकुरण के लिए आवश्यक सूक्ष्म वातावरण को पूरी तरह नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी, जिससे बीज की गुणवत्ता जांचने में होने वाली त्रुटियों की संभावना न्यूनतम हो जाएगी।
देश की बीज परीक्षण प्रयोगशालाओं में होगा उपयोग, कंपनियों से होगा एमओयू
ऊर्जा संरक्षण के सिद्धांत पर आधारित यह डिजाइन देशभर की सरकारी और निजी बीज परीक्षण प्रयोगशालाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। पेटेंट मिलने के बाद विश्वविद्यालय अब इस तकनीक को प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने के लिए इसका व्यावसायिक उत्पाद तैयार करने की दिशा में काम करेगा। इसके लिए विभिन्न कंपनियों को समझौता ज्ञापन (एमओयू) के लिए आमंत्रित करने की योजना है।
कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. फिजा अहमद तथा वैज्ञानिकों डॉ. अरुण कुमार, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. आनंद कुमार, डॉ. राज किशोर कुमार और डॉ. अशोक कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जेनॉन गैस के प्रयोग से ऊर्जा संरक्षण और बीज गुणवत्ता जांच को बेहतर बनाने की दिशा में यह विश्वविद्यालय की बड़ी उपलब्धि है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।