अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट : भागलपुर में 40 व मुंगेर में 60% जमीन पर बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, गांवों से ली जाएगी जमीन
Ajgaibinath Dham Greenfield Airport Bhagalpur Munger Land Acquisition SIA Update: भागलपुर के अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज हो गई है। सामाजिक प्रभाव आकलन अगले महीने पूरा होगा, जिसके बाद 3145 एकड़ जमीन के लिए ₹1329 करोड़ खर्च होंगे।

Ajgaibinath Dham Greenfield Airport Bhagalpur Munger Land Acquisition SIA Update: प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण तेज।
सामाजिक प्रभाव आकलन अगले महीने होगा पूरा, जनसुनवाई होगी।
भागलपुर-मुंगेर में 3145 एकड़ जमीन, ₹1329 करोड़ खर्च।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Ajgaibinath Dham Greenfield Airport Bhagalpur Munger Land Acquisition SIA Update: जिले की महत्वाकांक्षी परियोजना अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा के निर्माण की दिशा में भू-अर्जन की प्रक्रिया तेज करने की कवायद शुरू कर दी गई है। परियोजना से संबंधित सामाजिक प्रभाव आकलन (एसआईए) का कार्य अगले महीने पूरा हो जाएगा।
इसके लिए सहायक भू-अर्जन पदाधिकारी उदय शंकर मिश्र को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भू-अर्जन से जुड़े सभी कार्य नियमानुसार और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाने हैं, जिसके लिए उदय शंकर मिश्र संबंधित एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर चुके हैं।
अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना के सामाजिक प्रभाव आकलन के लिए पटना की एशियन डेवलपमेंट रिसोर्स इंस्टीट्यूट (एडीआरआई) का चयन किया गया है। एजेंसी द्वारा सर्वे का कार्य पूरा होने के बाद प्रभावित क्षेत्र में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधियाचना जारी की जाएगी और फिर विधिवत रूप से जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू हो जाएगा।
भागलपुर-मुंगेर में 3145 एकड़ जमीन की होगी खरीद, ₹1329 करोड़ होंगे खर्च
प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में राज्य स्तर पर बड़ी प्रशासनिक पहल की गई है। इसके लिए भागलपुर और मुंगेर जिले में कुल 3145.2308 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। बिहार सरकार ने भूमि अधिग्रहण के लिए 1329 करोड़ 58 लाख 70 हजार 89 रुपये की अनुमानित मुआवजा राशि की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इस संबंध में बिहार सरकार के सचिव डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे ने आदेश जारी किया है। नई योजना के तहत एयरपोर्ट की कुल जमीन का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा भागलपुर और 60 प्रतिशत हिस्सा मुंगेर जिले में होगा।
भागलपुर के पांच मौजों से ली जाएगी 1425.11 एकड़ जमीन
योजना के तहत भागलपुर जिले में कुल 1425.1148 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, जिसके लिए 556.11 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जिले के सुल्तानगंज अंचल अंतर्गत गनगनियां, मंझली, कसवा, हथिऔक और सुजापुर मौजा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इन पांच मौजों की जमीन मिलने से एयरपोर्ट परियोजना से संबंधित निर्माण कार्यों का रास्ता साफ हो जाएगा।
मुंगेर के सात मौजों में 1720.11 एकड़ भूमि का होगा अधिग्रहण
वहीं, मुंगेर जिले में 1720.1160 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए 773.46 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके लिए बरियारपुर और असरगंज अंचल के मुरला, करहरिया, अमैया, ढोल पहाड़ी, चोरगांव, परशोत्तमपुर सतघरिया और सजुआ मौजा को चिह्नित किया गया है। इस प्रकार दोनों जिलों को मिलाकर 3145 एकड़ से अधिक जमीन एयरपोर्ट परियोजना के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।