विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में दुर्गापूजा पर 7 दिन ट्रैफिक पर ब्रेक, 70 ड्रॉप गेट संभालेंगे भीड़, 17 से 23 तक इन रास्तों पर नो एंट्री

Published: Thu, 15 Oct 2026 07:01 PM (IST)

Munger Traffic Plan Durga Puja: मुंगेर जिला प्रशासन ने दुर्गापूजा के दौरान भीड़ और जाम से निपटने के लिए 17 से 23 अक्टूबर तक विस्तृत यातायात योजना बनाई है।

ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लेते पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी।

ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लेते पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी।

HighLights

  1. मुख्य बाजारों में 17-23 अक्टूबर तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध।

  2. यातायात सुचारु रखने को 70 ड्रॉप गेट, नए रूट लागू।

  3. मंदिरों के लिए पार्किंग, सीसीटीवी, अलग कतारें सुनिश्चित।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Traffic Plan Durga Puja: दुर्गापूजा के दौरान शहर में उमड़ने वाली अपार श्रद्धालुओं की भीड़ और लगने वाले भीषण जाम से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने यातायात का एक नया और विस्तृत प्लान तैयार किया है।

आगामी 17 से 23 अक्टूबर तक शहर के मुख्य बाजारों में सभी प्रकार के भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही, एक नंबर ट्रैफिक से मुर्गियाचक तक ई-रिक्शा के परिचालन पर भी रोक लगा दी गई है।

शहर के प्रमुख शक्तिपीठों जैसे बड़ी दुर्गा स्थान, चंडिका स्थान और कल्याणपुर दुर्गा मंदिर में आने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था में व्यापक फेरबदल किया गया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस नए रूट प्लान की जानकारी दी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा की पूरी अवधि के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों का ही पालन करना होगा, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। यातायात को सुचारू रखने के लिए पूरे सदर अनुमंडल क्षेत्र में 70 स्थानों पर ड्रॉप गेट और 25 महत्वपूर्ण जगहों पर ट्रैफिक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां पुलिस बल मुस्तैद रहेगा।

जमालपुर, खगड़िया और बरियारपुर के लिए बदला रूट

  • जमालपुर से आने वाले वाहन: कोणार्क मोड़, शाहजुबैर रोड, मुंगेर रेलवे स्टेशन और नीलम रोड होते हुए कोतवाली पहुंचेंगे। वहीं, वापसी में जमालपुर जाने वाले वाहनों को भगत सिंह चौक, लल्लू पोखर और चुआबाग के रास्ते कासिम बाजार, बिंदवारा या हेरूदियारा के मार्ग से भेजा जाएगा।

  • खगड़िया से आने वाले वाहन: गीताबाबू रोड और अस्पताल रोड के रास्ते कोतवाली पहुंचेंगे। इसके अलावा, खगड़िया की ओर जाने वाले भारी वाहनों को तेलिया तालाब के पास से फोरलेन पर चढ़ना होगा।

  • बरियारपुर से आने वाले वाहन: डीएवी स्कूल, आईटीसी, लाल दरवाजा और अस्पताल रोड होते हुए कोतवाली तक पहुंचेंगे।

  • बड़ी दुर्गा मंदिर दर्शन के लिए पार्किंग और सुरक्षा प्रबंध

    बड़ी दुर्गा मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए दुर्गास्थान हाईस्कूल मैदान, बस डिपो मैदान और गढ़ैया मार्केट को चिह्नित किया गया है।

    मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं, तथा प्रवेश व निकास के रास्ते भी पूरी तरह पृथक रखे गए हैं। किसी भी असामाजिक तत्व पर पैनी नजर रखने के लिए प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर परिसर तक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और एक प्रशासनिक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

    कल्याणपुर में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित और थोक कारोबारियों के लिए निर्देश

    कल्याणपुर दुर्गा मंदिर के पास अत्यधिक भीड़भाड़ को देखते हुए वहां सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बरियारपुर और सुल्तानगंज में एनएच-80 पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी, जो भारी वाहनों को सीधे फोरलेन की ओर डायवर्ट करेगी।

    इसके साथ ही, फल मंडी और अन्य थोक कारोबारियों को 23 अक्टूबर तक रात के समय ही बड़े वाहनों से माल मंगाने का निर्देश दिया गया है। थोक विक्रेताओं ने भी शहर के बाहर ही ट्रकों से सामान छोटे वाहनों में अनलोड कर रात में मंडी तक पहुंचाने पर अपनी सहमति जताई है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इस पावन पर्व पर शहरवासियों को सुगम यातायात और सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।

    यह भी पढ़ें- बूंद-बूंद पानी से मुंगेर में भविष्य संवार रहीं कृतिका, जल संरक्षण की मुहिम से जगा रहीं नई उम्मीद

    यह भी पढ़ें- मुंगेर में माता जागरण के दौरान चलीं गोलियां, दो युवक गंभीर घायल, शंकरपुर में तनाव

    "दुर्गापूजा के दौरान शहर में सुगम यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर के प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है और 25 ट्रैफिक पोस्ट पर पुलिस बल तैनात रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

    -

    — कुमार अभिषेक, सदर अनुमंडल अधिकारी (मुंगेर)