विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर: 50 घरों की बस्ती पक्के सिर्फ दो, 48 परिवारों को आज भी छत का इंतजार; कब बदलेगी तस्वीर?

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:32 PM (IST)

मुंगेर के धरहरा प्रखंड के रामराजपुर गांव में 50 परिवारों में से केवल दो के पास पक्के मकान हैं, बाकी ...और पढ़ें

रामराजपुर गांव की झोपड़ीनुमा मकानों की स्थिति।

रामराजपुर गांव की झोपड़ीनुमा मकानों की स्थिति।

HighLights

  1. रामराजपुर गांव में 50 में से सिर्फ दो पक्के मकान।

  2. ग्रामीण फूस की झोपड़ियों में जीवन जीने को मजबूर।

  3. नल-जल, शौचालय जैसी सरकारी योजनाएं भी बदहाल।

शशिकांत, धरहरा (मुंगेर)। गांवों के विकास और हर घर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के तमाम प्रशासनिक दावों की पोल मुंगेर जिले का एक छोटा सा गांव खोल रहा है। धरहरा प्रखंड की औड़ाबगीचा पंचायत स्थित वार्ड संख्या 16 (रामराजपुर) आज भी बदहाली और उपेक्षा की मार झेल रहा है।

करीब 200 की आबादी वाले इस गांव में कुल 50 परिवार निवास करते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि पूरे गांव में महज दो मकान ही पक्के हैं, जबकि बाकी सभी परिवार आज भी फूस और प्लास्टिक की झोपड़ियों में जीवन गुजारने को मजबूर हैं।

Munger Dharhara Ramrajpur Only 2 Pucca Homes 50 Families in Huts (1)

आंधी-बारिश में बढ़ जाती है मुसीबत, आवास सर्वे के बाद भी निराशा

ग्रामीणों का कहना है कि जरा सी आंधी या बारिश आते ही उनकी सांसे अटक जाती हैं। झोपड़ियों की छतों से पानी टपकता है और तेज हवा में उनके उजड़ने का हमेशा डर बना रहता है। सरकारी योजनाओं के तहत आवास पाने के लिए कई बार सर्वे किया जा चुका है, कर्मियों ने घरों की तस्वीरें भी लीं, लेकिन धरातल पर गरीबों को अब तक पक्के मकान का लाभ नहीं मिल सका है।

Munger Dharhara Ramrajpur Only 2 Pucca Homes 50 Families in Huts (2)

गांव की प्रमिला देवी, कर्मी देवी, राधे देवी और अवधेश मांझी ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि बार-बार कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। बरसात के दिनों में गांव की कच्ची सड़कें कीचड़ से पूरी तरह पट जाती हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।

नल-जल और सामुदायिक शौचालय शो-पीस

गांव में स्वच्छता के नाम पर सामुदायिक शौचालय का निर्माण तो कराया गया, लेकिन रखरखाव और पानी की व्यवस्था न होने के कारण वह बदहाल पड़ा है। परिसर में गंदगी पसरी है और आसपास कोई चापाकल या पानी का कनेक्शन नहीं होने से ग्रामीण उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

Munger Dharhara Ramrajpur Only 2 Pucca Homes 50 Families in Huts (3)

इसके अलावा हर घर नल-जल योजना की पाइपलाइन जगह-जगह बिखरी पड़ी है, जिससे घरों तक पेयजल की एक बूंद भी नहीं पहुंच पा रही है और लोगों को आज भी अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें- मुंगेर के लाल का भूटान में बजेगा डंका, टीम इंडिया में मिली जगह, अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराएंगे तिरंगा

यह भी पढ़ें- मुंगेर में फिर शुरू होगा पत्थर उत्खनन: पटना की टीम ने 5 पहाड़ों का किया ड्रोन सर्वे, नीलामी की प्रक्रिया समझ लें

"रामराजपुर गांव में हाल ही में सर्वे कराया गया है और सर्वे के दौरान सभी संभावित लाभुकों की दो-दो बार तस्वीरें भी ली गई हैं। फिलहाल विभाग से आवास योजना का नया लक्ष्य (टारगेट) प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही उच्च स्तर से नया लक्ष्य प्राप्त होगा, सबसे पहले महादलित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मुहैया कराया जाएगा।"

-

रश्मि भारती, बीडीओ, धरहरा 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।