मुंगेर के धरहरा प्रखंड-अंचल कार्यालय में ताले, कुर्सियां खाली, समय पर कौन सुनेगा फरियाद?
धरहरा प्रखंड और अंचल कार्यालय में निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिससे नागरिकों को अपने काम कराने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 11 बजे के बाद भी कई कुर्सियां खाली मिलीं और पंचायती राज कार्यालय में ताला लगा था, जिससे प्रमाण पत्र और भूमि संबंधी कार्यों के लिए आए ग्रामीणों को निराश लौटना पड़ा।

धरहरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आरटीपीएस काउंटर पर कुर्सी खाली. जागरण
HighLights
धरहरा कार्यालयों में निरीक्षण के दौरान कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
नागरिकों को प्रमाण पत्र और भूमि संबंधी कार्यों में परेशानी हुई।
एडीएम ने अनुपस्थित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शशिकांत, धरहरा (मुंगेर)। सरकारी दफ्तरों में समय पर पहुंचकर अपने जरूरी काम निपटाने की आस लेकर आने वाले नागरिकों को यदि अधिकारियों और कर्मचारियों का ही इंतजार करना पड़े, तो कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
धरहरा प्रखंड सह अंचल और पंचायती राज कार्यालय में शुक्रवार को कुछ ऐसा ही हाल देखने को मिला। निर्धारित समय बीतने के बावजूद कई कुर्सियां खाली पड़ी रहीं और कई कक्षों में ताला लटका मिला। मौजूद कर्मियों का जवाब भी रटा-रटाया था—'अभी रास्ते में हैं, आ रहे हैं'।
शुक्रवार को दैनिक जागरण की ऑन द स्पॉट टीम सुबह 11:05 बजे प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंची। सबसे पहले अंचलाधिकारी (CO) के कक्ष का जायजा लिया गया। कमरा खुला था, लेकिन कुर्सी खाली थी।
-1795193460349.webp)
पूछने पर जानकारी दी गई कि सीओ क्षेत्र में हैं। वहीं निम्नवर्गीय लिपिक विजय पासवान कार्य करते मिले तथा ऑपरेटर रवि कुमार और लक्ष्मण कुमार भी अपने कक्ष में मौजूद थे। जबकि हेड क्लर्क आशीष चंद्रवंशी अनुपस्थित थे और अंचल के आरपीएस (RPS) ऑपरेटर भी 11:20 बजे तक नहीं पहुंचे थे।
पंचायती राज कार्यालय में ताला, 11:35 बजे तक नहीं पहुंचे नदारद कर्मी
निरीक्षण के दौरान सामाजिक सुरक्षा और प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में कर्मी काम करते पाए गए, लेकिन पहली मंजिल पर स्थित प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी और संबंधित कर्मियों के कार्यालय में ताला लटका मिला। प्रखंड सांख्यिकी कार्यालय और एलएसबीए (LSBA) कक्ष में कर्मी कार्यरत दिखे।
सुबह 11:30 बजे बीडीओ कार्यालय का जायजा लिया गया, जहां सहायक प्रशासी चंदन कुमार सिंह और ऑपरेटर आशीष कुमार अनुपस्थित थे। बीडीओ का कक्ष खुला था, लेकिन वे मौजूद नहीं थे।
-1795193365113.webp)
फोन पर संपर्क करने पर बीडीओ ने बताया कि वे जिला मुख्यालय में बैठक में हैं और दोपहर में प्रखंड कार्यालय पहुंचेंगे। जागरण टीम सुबह 11:35 बजे तक परिसर में रही, लेकिन अनुपस्थित कर्मियों में से कोई नहीं पहुंचा।
कामकाज के लिए भटक रहे फरियादी, एडीएम ने कहा- होगी कार्रवाई
कार्यालयों में समय पर कर्मियों की अनुपस्थिति से प्रमाणपत्र, दाखिल-खारिज और जमीन से जुड़े मामलों के लिए आने वाले ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
हेमजापुर निवासी सुखो देवी ने बताया कि वे चार दिनों से अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं और शुक्रवार को सुबह 10 बजे से 11:35 बजे तक इंतजार करने के बावजूद कोई सुनने वाला नहीं मिला।
उनके अनुसार जमीन पर अतिक्रमण कर सड़क बना दी गई है, लेकिन न बड़ा बाबू मिल रहे हैं और न ही साहब। वहीं घटवारी निवासी मन्नू कुमार ने बताया कि जाति, आय और आवासीय प्रमाणपत्र बनवाने के लिए सुबह 10 बजे से 11:25 बजे तक इंतजार के बाद भी संबंधित कर्मी नहीं मिले, जिससे उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
"धरहरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में जो भी कर्मी अनुपस्थित पाए गए हैं, उनके संबंध में जांच कराई जाएगी। बिना सूचना या उचित कारण के अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्यालय में आम लोगों के काम प्रभावित होना गंभीर मामला है।"
सुमन कुमार साह, एडीएम, मुंगेर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।