विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर: रेलवे के तालाब या कचरे के डंपिंग ग्राउंड? जलकुंभी-झाड़ियों से घिरे जलस्रोत, जमालपुर में सफाई के दावे बेअसर

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:52 PM (IST)

सरकारी जल संरक्षण प्रयासों के बावजूद जमालपुर रेलवे क्षेत्र के तीन तालाब गंदगी और जलकुंभी से बदहाल हैं, जिससे जल संचयन प्रभावित हो रहा है। रेलवे के सीपीआरओ ने इन तालाबों की जल्द सफाई कराने का आश्वासन दिया है, जो वर्षों से उपेक्षित पड़े हैं।

जमालपुर रेल क्षेत्र में झाड़-जंगल व जलकुंभी से घिरे तालाब

जमालपुर रेल क्षेत्र में झाड़-जंगल व जलकुंभी से घिरे तालाब 

HighLights

  1. जमालपुर के तीन रेलवे तालाब गंदगी, जलकुंभी से बदहाल।

  2. जल संचयन, भूजल स्तर पर पड़ रहा नकारात्मक असर।

  3. सीपीआरओ ने तालाबों की जल्द सफाई का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। जल संरक्षण के लिए सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। कहीं अमृत सरोवर योजना से तालाबों का कायाकल्प हो रहा है तो कहीं जल-जीवन-हरियाली और रेन वाटर हार्वेस्टिंग के जरिए वर्षा जल संचयन का अभियान चल रहा है। लेकिन जमालपुर रेल क्षेत्र में जल संरक्षण के दावे रेलवे के तीन तालाबों की बदहाली के आगे बेमानी नजर आते हैं।

फिल्टर वाटर वर्क्स के समीप स्थित तालाब, नार्थ टैंक रोड का बर्फ घर तालाब और धोबी घाट के पास बिजली उत्पादन वाला तालाब झाड़-जंगल, गंदगी और जलकुंभी से घिरे हैं। वर्षों से इनकी सफाई और जीर्णोद्धार नहीं हुआ है, जिससे तीनों तालाबों की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

कहीं किनारों पर झाड़ियां उग आई हैं तो कहीं पानी में जलकुंभी का कब्जा है। गाद और कचरे के जमाव से तालाबों की सूरत बिगड़ चुकी है और नियमित देखरेख के अभाव में कभी जल संचयन के प्रमुख केंद्र रहे ये जलस्रोत अपनी उपयोगिता खोते जा रहे हैं।

भूजल संरक्षण पर भी पड़ रहा असर

स्थानीय लोगों का कहना है कि ये तालाब केवल रेलवे की संपत्ति नहीं, बल्कि क्षेत्र के प्राकृतिक जलस्रोत हैं। वर्षा जल संचयन, भूजल स्तर बनाए रखने और पर्यावरण संतुलन में इनकी अहम भूमिका है। सफाई नहीं होने से जल संचयन क्षमता प्रभावित हो रही है और यदि यही स्थिति रही तो इनका अस्तित्व भी संकट में पड़ सकता है।

अमृत सरोवर की तर्ज पर हो कायाकल्प

सरकारी स्तर पर जलस्रोतों को बचाने के अभियान के बीच रेलवे की उदासीनता सवाल खड़े कर रही है। जरूरत है कि तीनों तालाबों से जलकुंभी और गाद हटाई जाए, किनारों की मरम्मत हो तथा अतिक्रमण पर रोक लगे। अमृत सरोवर की तर्ज पर इनका विकास हो तो जल संरक्षण के साथ रेल क्षेत्र की सुंदरता भी लौट सकती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि रेलवे इन जलस्रोतों को बचाने के लिए पहल कब करेगा।

सीपीआरओ ने दिया जल्द सफाई कराने का भरोसा

मामले को लेकर पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शिव राम मांझी ने कहा कि रेलवे कॉलोनी के अंदर पड़ने वाले तालाबों की सफाई जल्द से जल्द कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता को लेकर रेलवे पूरी तरह से संवेदनशील है।

यह भी पढ़ें- कोच डिस्प्ले पर लाखों खर्च, फिर भी यात्रियों को बोगी का पता नहीं, धरहरा स्टेशन पर मैनुअल सिस्टम ने खोली सुविधा की पोल

यह भी पढ़ें- मुंगेर की बेटी शेफाली राय ने गुजरात में जगाई विधिक जागरूकता की अलख, संविधान दिवस पर बांटीं 300 पुस्तिकाएं

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।