विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोच डिस्प्ले पर लाखों खर्च, फिर भी यात्रियों को बोगी का पता नहीं, धरहरा स्टेशन पर मैनुअल सिस्टम ने खोली सुविधा की पोल

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:01 PM (IST)

Dharhara Railway Station Coach Display: धरहरा रेलवे स्टेशन पर कोच डिस्प्ले लगा होने के बावजूद यात्रियों को ट्रेन आने पर अपने आरक्षित डिब्बे ढूंढने में परेशानी हो रही है। यह व्यवस्था मैनुअल होने के कारण अक्सर ट्रेन के समय जानकारी प्रदर्शित नहीं होती, जिससे लाखों खर्च के बावजूद सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता।

डिस्प्ले बोर्ड में कोच नंबर नहीं दिखने से परेशान यात्री. जागरण

डिस्प्ले बोर्ड में कोच नंबर नहीं दिखने से परेशान यात्री. जागरण 

HighLights

  1. धरहरा स्टेशन पर कोच डिस्प्ले यात्रियों के लिए परेशानी का कारण।

  2. ट्रेन आने पर डिस्प्ले पर कोच नंबर नहीं दिखते।

  3. मैनुअल सिस्टम के कारण सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता।

संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। Dharhara Railway Station Coach Display: यात्रियों की सुविधा के लिए धरहरा रेलवे स्टेशन पर कोच डिस्प्ले तो लगा दिया गया, लेकिन ट्रेन आने के समय यही व्यवस्था यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। डिस्प्ले पर ट्रेन और कोच की जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों को अपने आरक्षित डिब्बे की तलाश में प्लेटफार्म पर भटकना पड़ रहा है। रविवार को गया-हावड़ा एक्सप्रेस के धरहरा पहुंचने पर यही स्थिति देखने को मिली।

ट्रेन संख्या 13024 डाउन गया-हावड़ा एक्सप्रेस के पहुंचने के दौरान कोच डिस्प्ले पर न तो ट्रेन नंबर दिख रहा था और न ही कोच की संख्या। स्क्रीन पर केवल धरहरा और प्लेटफार्म नंबर ही प्रदर्शित हो रहा था।

ऐसे में यात्रियों को यह पता नहीं चल सका कि उनका आरक्षित कोच प्लेटफार्म पर किस स्थान पर आएगा। ट्रेन के पहुंचते ही यात्री अपने डिब्बे की तलाश में इधर-उधर दौड़ते नजर आए। इस दौरान बुजुर्गों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को विशेष परेशानी उठानी पड़ी।

ऑटोमेटिक नहीं, मैनुअल है डिस्प्ले व्यवस्था

रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के नाम पर सूचना प्रणाली तो लगाई गई है, लेकिन उसके संचालन की जिम्मेदारी भी कर्मचारियों पर निर्भर है। स्टेशन अधीक्षक ललित कुमार ने बताया कि धरहरा में कोच डिस्प्ले ऑटोमेटिक नहीं है। इसमें कर्मचारियों को मैनुअल तरीके से ट्रेन और कोच की जानकारी फीड करनी पड़ती है।

संभवतः ट्रेन आने के समय जानकारी फीड नहीं होने के कारण कोच नंबर प्रदर्शित नहीं हुआ। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि जब ट्रेन आने के समय ही यात्रियों को कोच की सटीक जानकारी नहीं मिलेगी, तो इस सुविधा का लाभ आखिर कैसे मिल पाएगा।

यह भी पढ़ें- मुंगेर के धरहरा में पांच साल से जलजमाव, सिर्फ आश्वासन मिलने का आरोप, शादी-ब्याह से लेकर बीमारी तक बनी मुसीबत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।