विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर के धरहरा में पांच साल से जलजमाव, सिर्फ आश्वासन मिलने का आरोप, शादी-ब्याह से लेकर बीमारी तक बनी मुसीबत

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:37 PM (IST)

मुंगेर के धरहरा में पिछले पांच सालों से मुख्य सड़क पर नाली का गंदा पानी बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही और बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद प्रशासन से केवल आश्वासन मिलने के कारण स्थानीय लोग स्थायी समाधान और नियमित सफाई की मांग कर रहे हैं।

हेमजापुर पंचायत के वार्ड संख्या पांच में सड़क पर जमा नाली का गंदा पानी. जागरण

हेमजापुर पंचायत के वार्ड संख्या पांच में सड़क पर जमा नाली का गंदा पानी. जागरण

HighLights

  1. धरहरा में पांच साल से सड़क पर बह रहा नाली का पानी।

  2. अतिक्रमण के कारण पानी निकासी बाधित, ग्रामीण झेल रहे परेशानी।

  3. शिकायतों के बावजूद केवल आश्वासन, स्थायी समाधान की मांग।

शशिकांत, धरहरा (मुंगेर)। पांच साल गुजर गए, लेकिन सड़क पर नाली का पानी बहना बंद नहीं हुआ। शिकायतें हुईं, गुहार लगाई गई, आश्वासन भी मिले, फिर भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका।

मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड अंतर्गत हेमजापुर पंचायत के वार्ड संख्या पांच में करीब 500 मीटर मुख्य सड़क पर नाली का गंदा पानी बह रहा है। जलजमाव और कीचड़ के बीच ग्रामीण रोजाना आवाजाही करने को मजबूर हैं और घरों के सामने जमा गंदा पानी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, नाली के पानी की निकासी सरकारी जमीन पर स्थित डोभा में होती है। आरोप है कि नाली के अंतिम छोर पर अतिक्रमण होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई है, जिससे नाली का पानी सड़क पर फैल रहा है।

लोगों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से इस समस्या को लेकर मुखिया, प्रशासन, संबंधित अधिकारियों और विधायक तक शिकायत की गई, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। पंचायत में मुखिया का कार्यकाल भी लगभग पांच साल पूरा होने को है, मगर सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

स्वच्छता अभियान के दावे, सड़क पर पसरी गंदगी

एक ओर सरकार स्वच्छता को लेकर अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर वार्ड की सड़क पर गंदा पानी और कचरा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं होती और स्वच्छता कर्मी भी सफाई करने नहीं पहुंचते। इसके चलते सड़क पर गंदगी जमा रहती है और लोगों को दुर्गंध के बीच गुजरना पड़ता है।

Munger Dharhara Waterlogging for 5 Years Residents Demand Solution (1)

पांच साल में नहीं निकला नाली का पानी, ग्रामीणों का सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जलजमाव के कारण शादी-विवाह, सामाजिक आयोजनों और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने में भारी परेशानी होती है। घरों के सामने गंदा पानी जमा रहने से मच्छर पनपने और बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है।

स्थानीय लोगों के लिए यह महज नाली जाम की समस्या नहीं, बल्कि पांच साल से विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर है। अब ग्रामीण आश्वासन के बजाय जलनिकासी और नियमित सफाई की स्थायी व्यवस्था चाहते हैं।

ग्रामीणों की पीड़ा और प्रशासन का रुख

"पांच साल से सड़क पर नाली का पानी बह रहा है। कई बार मुखिया और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला। मुखिया का कार्यकाल भी लगभग पूरा होने वाला है, फिर भी समस्या जस की तस है। आखिर हमारी परेशानी कब दूर होगी।"

— कंचन देवी, स्थानीय निवासी

"सड़क पर करीब 500 मीटर तक गंदा पानी जमा रहता है। पैदल चलने वालों को काफी परेशानी होती है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं इसी रास्ते से गुजरते हैं। बारिश हो या सामान्य दिन, सड़क की हालत खराब रहती है। घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है।"

— शकुंतला देवी, स्थानीय निवासी

"सरकार स्वच्छता अभियान चलाती है, लेकिन हमारे वार्ड की सड़क पर गंदगी पसरी रहती है। नाली का पानी बहता है और नियमित सफाई भी नहीं होती। सफाईकर्मी आते तक नहीं हैं। गंदगी और बदबू से आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।"

— अमित पटेल, स्थानीय निवासी

"घर के आगे गंदा पानी जमा रहने से मच्छर पनपते हैं और बीमारी का डर बना रहता है। शादी-विवाह या किसी कार्यक्रम में आने वाले लोगों को भी इसी गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार लोगों को रास्ता बदलना पड़ता है। हम सिर्फ साफ सड़क और स्थायी जलनिकासी चाहते हैं।"

— नीतीश कुमार, स्थानीय निवासी


यह भी पढ़ें- मुंगेर: बीस सूत्री की बैठक में बीएओ के आवास भत्ते से लेकर जीविका ऋण व आवास के नाम पर वसूली तक उठे कई सवाल

 

"पूर्व में डीपीआरओ सर के साथ स्थल का सत्यापन किया गया था और मुखिया को सफाई कराने का निर्देश दिया गया था। यदि अब तक सफाई नहीं हुई है तो इसकी जांच कराई जाएगी। संबंधित मुखिया को निर्देश देकर जल्द जलजमाव की समस्या दूर कराई जाएगी।"

-

— रश्मि भारती, बीडीओ, धरहरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।