मुंगेर: बीस सूत्री की बैठक में बीएओ के आवास भत्ते से लेकर जीविका ऋण व आवास के नाम पर वसूली तक उठे कई सवाल
धरहरा में प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में सरकारी योजनाओं में वसूली और अनियमितताओं का मुद्दा छाया रहा। सदस्यों ने आवास, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों में गड़बड़ी की जांच और कार्रवाई की मांग की।

प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में मौजूद पदाधिकारी व सदस्य
HighLights
बीएओ पर ई-किसान भवन में रहने और आवास भत्ता लेने का आरोप।
श्रम कार्ड, आवास, जीविका ऋण में अवैध वसूली के गंभीर आरोप।
शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता व्यवस्था में अनियमितताओं पर जांच की मांग।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक शनिवार को हंगामेदार रही, जिसमें सरकारी योजनाओं में कथित वसूली और विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितताओं का मुद्दा छाया रहा। समिति सदस्यों ने आवास योजना, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और स्वच्छता व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।
सदस्य चंद्रचूड़ साक्षी ने बंगालवा-दशरथपुर मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) अशोक प्रियदर्शी ई-किसान भवन में ही परिवार के साथ रहते हैं तथा आवास भत्ता का भी लाभ ले रहे हैं।
श्रम कार्ड, मुआवजा, आवास और जीविका ऋण में वसूली के आरोप
सदस्य चंद्रचूड़ साक्षी ने श्रम कार्ड बनवाने के नाम पर 400 से 500 रुपये की वसूली तथा मजदूर की मौत के बाद मुआवजा दिलाने के एवज में 50 प्रतिशत कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया।
इसके अलावा सारोबाग, इटवा, महगामा और औड़ाबगीचा में आवास निर्माण के नाम पर अवैध वसूली किए जाने तथा जीविका की मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत ऋण दिलाने के लिए दो से तीन हजार रुपये मांगने की शिकायतें भी बैठक में रखी गईं। वहीं, खजुरिया में बिजली विभाग की छापेमारी के दौरान भेदभावपूर्ण कार्रवाई किए जाने का आरोप लगा।
-1795872971972.webp)
स्वास्थ्य केंद्र, स्वच्छता और स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल
बैठक में अमारी स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर स्थिति, बंगालवा में चिकित्सक की नियुक्ति और बिलोखर के वार्ड 14 व 15 में कचरा उठाव नहीं होने का मामला प्रमुखता से उठा। आंगनबाड़ी केंद्रों में अनियमितता को लेकर सीडीपीओ अमृता रंजन ने लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर मध्य विद्यालय शिवकुंड में मध्याह्न भोजन के बाद पढ़ाई न होने तथा प्लस टू उच्च विद्यालय इटवा में नामांकन के नाम पर 50 रुपये अधिक लेने और छत टपकने की शिकायत की गई।
साथ ही प्रधानाध्यापक (HM) पर पैसे लेकर एनओसी (NOC) देने का आरोप भी लगाया गया। वहीं, पशुपालन विभाग के डॉ. राजेश कुमार सिंह ने 170 रुपये में 50 हजार रुपये का पशु बीमा कराने की योजना की जानकारी दी।
बैठक की अध्यक्षता नवीन कुमार सिंह ने की। मौके पर उपाध्यक्ष प्रीतम कुमार, प्रमुख पल्लवी भारती, बीडीओ रश्मि भारती और सीओ वीरेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- सरकारी पैसा मिला, घर अब भी अधूरा, मुंगेर में 25 आवासों की जांच, पांच लाभुकों को नोटिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।