Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर में मुखिया परमानदं टुड्डू की हत्या में हार्डकोर नक्सली कारी देवी ने निभाया था अहम रोल, हुई गिरफ्तार

    By Rajnish KumarEdited By: Shivam Bajpai
    Updated: Tue, 29 Nov 2022 05:10 PM (IST)

    मुंगेर में मुखिया परमानंद टुड्डू की हत्या का मामला काफी दिनों तक सुर्खियों में छाया रहा। इस हत्याकांड के नामजद नक्सलियों में शामिल हार्डकोर नक्सली कारी देवी को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं।

    Hero Image
    गिरफ्तार की गई हार्डकोर नक्सली कारी देवी।

    जागरण संवाददाता, मुंगेर : नक्सल प्रभावित लड़ैयाटांड थाना स्थित गोरैया-सुखौल जंगल क्षेत्र से मुंगेर पुलिस और जमालपुर एसटीएफ ने हार्डकोर महिला नक्सली कारी देवी को गिरफ्तार किया। महिला थाना क्षेत्र के न्यू पैसरा गांव की रहने वाली है। महिला पर कई आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज है। दिसंबर 2021 में अजीमगंज पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया परमानंद टुड्डू की हत्या मामले में भी महिला नामजद आरोपित थी। पूछताछ में पुलिस टीम को कई अहम जानकारी मिली है। महिला नक्सली को जेल भेज दिया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरअसल, पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी को गोरैया-सुखौल जंगल क्षेत्र में नक्सली कारी देवी के छिपे होने की सूचना मिली थी। एसपी के निर्देश पर एएसपी अभियान कुणाल कुमार के नेतृत्व में मुंगेर पुलिस और जमालपुर एसटीएफ की टीम ने जंगलों में संयुक्त कांबिंग आपरेशन चलाया। इस दौरान फरार हार्डकोर महिला नक्सली को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने कहा कि नक्सलियों की धरपकड़ के लिए लगातार आपेरशन चलेगा। किसी भी सूरत में नक्सलियाें को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने कहा कि नक्सली मुख्य धारा से जुड़ें या फिर सरेंडर करें।

    2021 में हुई थी मुखिया की हत्या

    2021 के दिसंबर माह में अजीमगंज पंचायत के नव निर्वाचित मुखिया परमानदं टुड्डू की हत्या हुई थी। नक्सलियों ने घर से बुलाकर गला रेतकर मुखिया को मौत के घाट उतारा था। इस मामले में 21 लोगों को नामजद किया गया था। कई आरोपित जेल में है। हत्या के मामले में कारी देवी फरार चल रही थी।

    नक्सलियों तक सूचना पहुंचाती थी कारी

    न्यू पैसरा की रहने वाली महिला नक्सली कारी देवी पहले भी जेल जा चुकी है। कारी देवी मुख्य रूप से नक्सलियों तक पुलिस की गतिविधियों की सूचना पहुंचाती थी। साथ ही क्षेत्र की हर जानकारी नक्सलियाें को भेजती थी। मुखिया परमानंद टुड्डू की हत्या मामले में कारी देवी की अहम भूमिका थी।