विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: छठ मनाकर काम पर लौट रहे हैं तो पढ़ लें ये खबर, राजधानी समेत कई ट्रेनें चल रहीं घंटों लेट

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:25 AM (IST)

छठ पूजा के बाद परदेस लौटने वाले यात्रियों की भीड़ से जमालपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में जगह पाने की ...और पढ़ें

बिहार: छठ मनाकर काम पर लौट रहे हैं तो पढ़ लें ये खबर, राजधानी समेत कई ट्रेनें चल रहीं घंटों लेट

बिहार: छठ मनाकर काम पर लौट रहे हैं तो पढ़ लें ये खबर, राजधानी समेत कई ट्रेनें चल रहीं घंटों लेट

HighLights

  1. छठ के बाद रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़।

  2. राजधानी एक्सप्रेस चार घंटे, स्पेशल ट्रेन सात घंटे विलंब।

  3. रेलवे प्रशासन भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा में जुटा हुआ है।

संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja) का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होते ही अब परदेस लौटने वालों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। रोजगार और कामकाज के सिलसिले में दिल्ली सहित दूसरे शहरों की ओर लौट रहे यात्रियों से ट्रेनों में जगह पाने की होड़ मची है।

लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन अलर्ट है। यात्रियों की सुरक्षा से लेकर प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रण तक के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वहीं, दूसरी ओर ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है।

राजधानी एक्सप्रेस चार घंटे तो हरिद्वार-मालदा टाउन स्पेशल सात घंटे से अधिक विलंब (लेट) से चल रही है। सोमवार को जमालपुर रेलवे स्टेशन (Jamalpur Railway Station) पर स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार ने आरपीएफ की टीम के साथ लंबी दूरी की ट्रेनों का जायजा लिया।

प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही और ट्रेन में चढ़ने-उतरने की स्थिति पर विशेष नजर रखी गई। भागलपुर से आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन और विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचते ही रेलवे की टीम सक्रिय हो गई।

आरपीएफ जवान विभिन्न कोचों के दरवाजों पर तैनात रहे। यात्रियों को कतारबद्ध कर एक-एक कर कोच में प्रवेश कराया गया। भीड़ के बीच धक्का-मुक्की और अफरातफरी की स्थिति नहीं बने, इसके लिए जवान लगातार यात्रियों को दिशा-निर्देश देते रहे।

स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार ने स्वयं व्यवस्था की निगरानी की। रेलवे की कोशिश है कि पर्व के बाद घर लौट रहे यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में सवार कराया जा सके।

राजधानी की चाल भी गड़बड़ाई

एक तरफ रेलवे भीड़ नियंत्रित करने में जुटा है, तो दूसरी तरफ ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों का इंतजार बढ़ा रही है। जमालपुर-भागलपुर-किऊल रेलखंड पर ट्रेनों का विलंब से परिचालन परेशानी का कारण बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 20508 आनंद विहार-सारंग डाउन राजधानी एक्सप्रेस का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 11:05 बजे है। सोमवार को यह ट्रेन करीब चार घंटे विलंब से चल रही है। इसके दोपहर लगभग तीन बजे पहुंचने की संभावना जताई गई।

वहीं, 03438 हरिद्वार-मालदा टाउन स्पेशल ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय शाम 6:20 बजे है। यह ट्रेन सात घंटे से अधिक विलंब से चल रही है। इसके देर रात करीब दो बजे पहुंचने की संभावना है।

स्पेशल से राहत नहीं

छठ के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ कम करने के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। लेकिन इन ट्रेनों के भी घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों को अपेक्षित राहत नहीं मिल पा रही है।खासकर रात में छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ स्टेशन पर इंतजार करना यात्रियों के लिए मुश्किल हो रहा है।

यात्रियों का कहना है कि पर्व के बाद वापसी के समय ट्रेनों में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन समय पर परिचालन नहीं होने से परेशानी दोगुनी हो जाती है। यात्रियों ने स्पेशल ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन और स्टेशन पर अतिरिक्त व्यवस्था की मांग की है।

यह भी पढ़ें- छठ के बाद परदेस वापसी आसान, गया से दिसंबर तक चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें; चेक करें लिस्ट

यह भी पढ़ें- छठ के बाद परदेस लौटने का इंतजाम, छपरा से दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 3 स्पेशल ट्रेनों का एलान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।