मलेशिया जैसा ट्विन टावर, विक्टोरिया हाउस पर महादेव, मुंगेर की 363 साल पुरानी दुर्गापूजा में क्या है इस बार खास
Munger Twin Tower: कल्याणपुर, मुंगेर की 363 साल पुरानी दुर्गा पूजा इस साल मलेशिया के पेट्रोनास ट्विन टावर की थीम ...और पढ़ें

मुंगेर के कल्याणपुर में मलेशिया के पेट्रोनास ट्विन टावर की तर्ज पर बांस और लकड़ी से तैयार हो रहा भव्य दुर्गापूजा पंडाल।
HighLights
मलेशिया के पेट्रोनास ट्विन टावर थीम पर भव्य पंडाल।
विक्टोरिया हाउस में भगवान भोलेनाथ के विशेष दर्शन।
झरने, लेजर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण।
शशिकांत, मुंगेर। Munger Twin Tower: मुंगेर जिले के कल्याणपुर की बड़ी दुर्गा महारानी का दरबार हर साल एक नई भव्यता के साथ सजता है। बदलती थीम, आकर्षक सजावट और विशाल पंडाल के कारण यहां की दुर्गापूजा आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहती है।
वर्ष 2021 में 80 लाख रुपये की लागत से जयपुर के हवा महल की थीम पर शुरू हुआ भव्य पंडाल निर्माण का सफर 2026 में तीन करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। छह वर्षों में छह अलग-अलग थीम के जरिए कल्याणपुर की दुर्गापूजा ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
इस बार मलेशिया के पेट्रोनास ट्विन टावर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल के भीतर और बाहर की कलात्मक सजावट, झरना, लेजर शो, आकर्षक रोशनी और विक्टोरिया हाउस की थीम पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होंगे।
छह साल में छह थीम, हर साल बढ़ी भव्यता
वर्ष 2021 (जयपुर का हवा महल): कल्याणपुर की बड़ी दुर्गा पूजा की थीम यात्रा वर्ष 2021 में जयपुर के प्रसिद्ध हवा महल से शुरू हुई थी। इसकी सजावट और पंडाल निर्माण पर लगभग 80 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसने पहले ही साल श्रद्धालुओं का भारी ध्यान खींचा।
वर्ष 2022 (मुंबई का ताज होटल): दूसरे वर्ष यानी 2022 में मुंबई के ऐतिहासिक ताज होटल को पंडाल की थीम बनाया गया। इस पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च हुए और भव्यता का दायरा और बढ़ गया।
वर्ष 2023 (मीनाक्षी अम्मन मंदिर): वर्ष 2023 में तमिलनाडु के प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया गया, जिसमें दक्षिण भारतीय स्थापत्य कला का अदभुत संगम देखने को मिला। इस पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च आए।
वर्ष 2024 (दुबई का बुर्ज खलीफा): वर्ष 2024 में दुबई के विश्वप्रसिद्ध बुर्ज खलीफा की थीम पर पंडाल का निर्माण हुआ, जिसके लिए बजट बढ़कर करीब दो करोड़ रुपये हो गया।
वर्ष 2025 (बैंकॉक का अरुण मंदिर): पिछले वर्ष 2025 में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के प्रसिद्ध अरुण मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया था, जिस पर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च किए गए।
वर्ष 2026 (मलेशिया का ट्विन टावर): इस वर्ष 2026 में मलेशिया के पेट्रोनास ट्विन टावर की भव्य प्रतिकृति तैयार की जा रही है, जिसकी अनुमानित लागत करीब तीन करोड़ रुपये है। पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुशल कारीगर इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं, जबकि दिल्ली और उत्तर प्रदेश से आए कलाकार शीशे की नायाब नक्काशी और सजावट संभाल रहे हैं।
विक्टोरिया हाउस पर दिखेंगे भगवान शंकर, झरने से स्वागत
इस बार पंडाल में केवल ट्विन टावर की थीम ही नहीं, बल्कि कई अन्य आकर्षण भी शामिल किए जा रहे हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर झरने की आकर्षक संरचना श्रद्धालुओं का स्वागत करेगी। विक्टोरिया हाउस की थीम पर बनाए जा रहे हिस्से में भगवान भोलेनाथ के दर्शन होंगे।
सड़क से मां के दरबार तक पहुंचने के रास्ते में शीशे पर की गई कलात्मक नक्काशी, भव्य एलईडी गेट और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं का ध्यान खींचेगी। पंडाल में लेजर शो की भी व्यवस्था की जा रही है।
363 साल से अधिक पुरानी है पूजा की परंपरा
कल्याणपुर की बड़ी दुर्गा महारानी की पूजा का इतिहास 363 वर्ष से अधिक पुराना बताया जाता है। हर वर्ष यहां बनने वाला भव्य पंडाल मुंगेर के साथ भागलपुर, बांका, खगड़िया, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय और पूर्णिया समेत आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इस वर्ष पूजा के दौरान एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।
बर्नेट होम्योपैथी प्राइवेट लिमिटेड सह हरिओम होमियो के प्रबंध निदेशक और प्रसिद्ध होम्योपैथ चिकित्सक डा. नीतीश दुबे ने बताया कि मां की कृपा से हर वर्ष पूजा महोत्सव धूमधाम से आयोजित होता है। पिछले वर्ष अरुण मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया था। इस बार ट्विन टावर की थीम पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है।
पवन सिंह समेत कई कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू
इस बार पूजा महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह, गायिका कल्पना पटवारी और भरत शर्मा समेत कई चर्चित कलाकारों के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इससे पूजा महोत्सव में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है।
भीड़ नियंत्रण के लिए चार निकास द्वार
श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए पंडाल परिसर में चार अलग-अलग निकास द्वार बनाए गए हैं। ग्रामीणों और कल्याणपुर यूथ क्लब के सदस्यों की टीम व्यवस्था संभालेगी।
बड़ी दुर्गा पूजा समिति के सचिव शशिरंजन दुबे, कोषाध्यक्ष मृत्युंजय दुबे, प्रशांत दुबे, नंदकुमार दुबे, संजय दुबे, गुलाब सिंह, मनीष सिन्हा, बंटी दुबे, गुलु सिंह और सुदामा चौधरी समेत ग्रामीण आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
कल्याणपुर यूथ क्लब के अमित दुबे, डुलडुल सिंह, मनीष सिन्हा, राजा बाबू, कृष्णमोहन दुबे, चंदन दुबे, रमेश तिवारी और पवन दुबे समेत अन्य सदस्य भी व्यवस्था संभाल रहे हैं।
छह वर्षों में थीम और बजट में लगातार बढ़ोतरी के साथ कल्याणपुर की बड़ी दुर्गा पूजा का आयोजन इस बार फिर भव्य स्वरूप लेने जा रहा है। ट्विन टावर की थीम, भोलेनाथ के दर्शन, झरने से स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच श्रद्धालुओं को इस वर्ष एक अलग अनुभव मिलने की उम्मीद है।
