विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता ने सीमा पर निभाया फर्ज, बेटी का BPSC में परचम; राजस्व अधिकारी बनीं अंकिता कुमारी

Published: Thu, 05 Nov 2026 06:48 PM (IST)

जमालपुर की अंकिता कुमारी ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर राजस्व अधिकारी का पद प्राप्त किया है, जिससे उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है।

मां-पिता के साथ अंकिता। सौ. स्वयं

मां-पिता के साथ अंकिता। सौ. स्वयं

HighLights

  1. अंकिता कुमारी ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में राजस्व अधिकारी का पद पाया।

  2. सेवानिवृत्त सैनिक चंद्रदेव साह की बेटी अंकिता ने नाम रोशन किया।

  3. यह सफलता बेटियों को शिक्षा और समान अवसर देने का प्रतीक।

केएम राज, जमालपुर (मुंगेर)। मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर नया रामनगर की बेटी अंकिता कुमारी ने सफलता की नई इबारत लिखी है। सेवानिवृत्त सैनिक चंद्रदेव साह की पुत्री अंकिता ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर राजस्व अधिकारी का पद प्राप्त किया है।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। वर्तमान में अंकिता गया में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। रामनगर पंचायत की रहने वाली अंकिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय जमालपुर से पूरी की। इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पटना चली गईं।

वहां रहकर उन्होंने आगे की पढ़ाई के साथ सिविल सेवा की तैयारी जारी रखी। लगातार परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की। अंकिता ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और भाई को दिया।

उन्होंने कहा कि हर कठिन परिस्थिति में परिवार का सहयोग और प्रोत्साहन उनकी ताकत बना। माता-पिता के त्याग और भाई के मार्गदर्शन ने उन्हें लक्ष्य से भटकने नहीं दिया। उनकी सफलता पर परिजनों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

बेटियां प्रतिभा के दम पर भर रहीं उड़ान : शालिनी

रेलवे महिला कल्याण संगठन की सचिव शालिनी मिश्रा ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से सफलता का परचम लहरा रही हैं। वे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं।

अभिभावकों को उनकी रुचि और सपनों को समझकर शिक्षा, समान अवसर और प्रोत्साहन देना चाहिए। परिवार का विश्वास और सहयोग ही बेटियों की सफलता की सबसे बड़ी ताकत है।

बेटियां घर-आंगन की होती हैं लक्ष्मी : नीतू

पूर्व वार्ड पार्षद नीतू देवी ने कहा कि बेटियां घर-आंगन की लक्ष्मी होती हैं। बेहतर शिक्षा और संस्कार मिलने पर वे परिवार और देश का नाम रोशन कर सकती हैं। बेटा-बेटी में भेदभाव मिटाकर समान अवसर देना जरूरी है।

उन्होंने दैनिक जागरण के 'लाडो बिटिया के नाम' अभियान की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों के नाम दीप जलाने की पहल समाज में सम्मान और जागरूकता का संदेश देगी।

बेटा-बेटी में नहीं रखें भेदभाव : शताक्षी

सफियासराय निवासी छात्रा शताक्षी कुमारी ने कहा कि बेटियों के नाम दीप जलाने की पहल सराहनीय है, लेकिन बदलाव केवल प्रतीकात्मक आयोजन से नहीं आएगा। इसके लिए अभिभावकों को अपनी सोच और व्यवहार बदलना होगा।

आजादी के इतने वर्षों बाद भी बेटा-बेटी में भेदभाव चिंता का विषय है। बेटियों को समान शिक्षा, सम्मान और अवसर देकर ही वास्तविक समानता स्थापित की जा सकती है।

मिले संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा : कल्पना

जमालपुर निवासी कल्पना कुमारी ने कहा कि बेटियों को बेहतर संस्कार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर मिलें तो वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहेंगी। आज बेटियां प्रशासन, विज्ञान, खेल और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं।

अभिभावकों को उन पर भरोसा जताकर सपनों को पूरा करने में सहयोग करना चाहिए। पुरानी मानसिकता बदलकर ही बेटियों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

लाडो के नाम जले दीप, एक साथ उठे हाथ

लायंस क्लब जमालपुर लौहनगरी की ओर से दरियापुर स्थित शर्मा निवास परिसर में 'लाडो बिटिया के नाम' दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ। सरिता शर्मा के नेतृत्व में बेटियों के सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दीप जलाए।

सदस्यों ने बेटियों को शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया। मौके पर डॉ. कविता लाल, मैरिज लाल, रिया शर्मा, प्रियंका, पूजा, मीठी क्लब अध्यक्ष सुमन कुमार शर्मा, रंजीत प्रसाद, सोनू कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने दीप जलाकर बेटियों के प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट किया।

सभी ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की शान हैं। समान अवसर और बेहतर शिक्षा देकर ही सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- गुरबत को दी मात: किसान की 2 बेटियां एक साथ बनीं बिहार पुलिस में सिपाही, पिता करते हैं मजदूरी

यह भी पढ़ें- मजदूर पिता की बेटी ने पहनी खाकी, बेगूसराय की पूजा बनीं बिहार पुलिस में कॉन्स्टेबल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।