महाभारत की मोदगिरी से मुंगेर के योगनगरी तक का सफर
...और पढ़ें

आनंद कुमार सिंह, मुंगेर। यह प्राचीन अंग प्रदेश का मुंगेर क्षेत्र है जिसे महाभारत काल में मोदगिरी के नाम से पुकारा जाता था। प्रभु श्रीराम ने यहीं पर ताड़का वध किया था। माता सीता ने यहां पर छठ किया था। महाभारत के यशस्वी पात्र कर्ण की दानशीलता से यहां की कहानी जुड़ी हुई है।
:- मुंगेर के इतिहास में नया अध्याय
आज उसी ताड़कवन, मोदगिरी या मुंगेर की गौरवगाथा में एक नया अध्याय जोड़ने के लिए बिहार योग विद्यालय का स्वर्ण जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। कुल 56 देशों और अपने देश के 23 प्रांतों के अतिथि योग के ज्ञानामृत का बड़ी तत्परता से पान कर रहे हैं। बुधवार को गुलजार पोखर में एक 70 वर्षीय वृद्धा बड़ी तत्परता से अपनी बहू को अखबार में योग विद्यालय की खबर दिखाती है, जो यह साबित करने के लिए काफी है कि मुंगेर को योगनगरी क्यों कहा जाता है।
:- चौथा विश्व योग सम्मेलन
पहला विश्व योग सम्मेलन 1953 में ऋषिकेष में आयोजित किया गया। यह सम्मेलन स्वामी शिवानंद सरस्वती की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। उस वक्त स्वामी शिवानंद सरस्वती ने कहा था कि हर व्यक्ति आध्यात्मिक जीवन जी सकता है। दूसरा विश्व योग सम्मेलन 1973 में स्वामी सत्यानंद सरस्वती की अध्यक्षता में मुंगेर में आयोजित किया गया। उनका मानना था कि योग के क्षेत्र में विशिष्ठ उपलब्धि प्राप्त लोगों द्वारा योग की शिक्षा दी जाए। तीसरा योग सम्मेलन 1993 में मुंगेर में ही हुआ जिसकी अध्यक्षता स्वामी निरंजनानंद सरस्वती ने की। अभी चौथे सम्मेलन की अध्यक्षता भी स्वामी निरंजनानंद सरस्वती ही कर रहे हैं।
:- प्रसिद्ध योग गुरुओं को मिली है ऋषिकेष से प्रेरणा
आइए हम थोड़ा पीछे की ओर चलें। गंगा का उद्गम स्थल गंगोत्री विश्व के कुछ प्रसिद्ध योग गुरुओं की साधनास्थली रही है। यहीं पर स्वामी शिवानंद सरस्वती रहते थे। इनका बचपन का नाम कुप्पू स्वामी अय्यर था। दस वर्षो तक मलाया में चिकित्सक का काम करने के बाद आध्यात्मिक प्रेरणा के कारण ये भारत आए। यहां स्वामी विशुद्धानंद को इन्होंने अपना गुरु बनाया।
:- विशुद्धानंद ने दिखाया शिवानंद को रास्ता
स्वामी विशुद्धानंद ने शिवानंद को हमेशा योग के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित किया। गुरु के विचारों से प्रेरित होकर स्वामी शिवानंद सरस्वती ने डिवाइन लाइफ सोसाइटी की स्थापना की। इस सोसाइटी की ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, मलेशिया और दक्षिण अफ्रीका में शाखाएं हैं। इनके शिष्यों ने पूरी दुनिया में योग और वेदांतों के प्रचार-प्रसार का कार्य किया है।
:- शिवानंद के शिष्य थे चिन्मयानंद और सत्यानंद
इन्हीं के प्रमुख शिष्यों में स्वामी चिन्मयानंद और स्वामी सत्यानंद सरस्वती प्रसिद्ध हुए। शिवानंद योग ने विदेश में काफी धूम मचाई। स्वामी सत्यानंद सरस्वती ने ऋषिकेष में स्वामी शिवानंद सरस्वती को गुरु बनाया। गुरु के आदेश पर इन्होंने 'योग का प्रचार-प्रसार, द्वारे-द्वारे-तीरे-तीरे' करने का लक्ष्य बना लिया। इस दौरान परिव्राजक जीवन व्यतीत करते हुए स्वामी सत्यानंद सरस्वती ने कई यात्राएं कीं।
:- कर्णचौरा से प्रभावित थे सत्यानंद
मुंगेर में ये कई स्थानों पर रुके लेकिन कर्णचौरा में उन्हें विशेष अनुभूति होती थी। यही कर्णचौरा दानवीर कर्ण से जुड़ा है। 1963 में स्वामी शिवानंद सरस्वती ने महासमाधि ली। इससे पूर्व इन्होंने स्वामी सत्यानंद सरस्वती को योग के प्रचार-प्रसार का आदेश दिया।
:- वसंत पंचमी को रखी गई विद्यालय की आधारशिला
वसंत पंचमी के दिन 19 जनवरी 1964 को सत्यानंद सरस्वती ने बिहार योग विद्यालय की स्थापना की। 1983 में इन्होंने अपना प्रभार स्वामी निरंजनानंद सरस्वती को सौंप दिया। इसके बाद रिखिया में रह कर स्वामी सत्यानंद सरस्वती ने एक परमहंस साधक की कठोर जीवनशैली अपना ली। परमहंस साधना का निर्वहन करते हुए सत्यानंद सरस्वती ने कई उच्च वैदिक साधनाएं संपन्न कीं।
:- सत्यसंगानंद बनीं रिखियापीठ की पीठाधीश्वरी
2007 में उन्होंने स्वामी सत्यसंगानंद को रिखियापीठ की पीठाधीश्वरी नियुक्त किया और उन्हें अपने गुरु की तीन शिक्षाओं सेवा, प्रेम और दान को मूर्त रूप प्रदान करने का मिशन सौंपा।
:- बच्चों-वृद्धों पर विशेष ध्यान
2009 में महासमाधि में लीन होने के पहले इन्होंने तीन मुख्य आदेश दिए-रिखिया पंचायत के प्रत्येक बच्चे को एक समय का भरपेट पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना, संन्यास पीठ की स्थापना और रिखिया में वयोवृद्धों के लिए आवासगृह का निर्माण। निरंजनानंद ने अपने सभी दायित्वों का उचित तरीके से निर्वहन किया और 2008 में बिहार योग विद्यालय की बागडोर स्वामी सूर्यप्रकाश सरस्वती को सौंप दी। इसके बाद स्वामी निरंजनानंद सरस्वती अपने गुरु के मिशन पर चलने को स्वतंत्र हो गए।
:- डाउनलोड करें दीक्षा का फॉर्म
यदि आप बिहार योग विद्यालय के शिक्षक से दीक्षा लेना चाहते हैं तो इंटरनेट पर इसके लिए फॉर्म उपलब्ध है। इस फॉर्म को डाउनलोड करने के लिए बिहार स्कूल ऑफ योगा की वेबसाइट बिहारयोगाडॉटनेट पर जाकर दीक्षा पर क्लिक करें और दीक्षा का फॉर्म भरें। दीक्षा के प्रकार के अलावा आपको अपना नाम-पता भरने की जरूरत होगी। एक खास बात, आपको अपना नया आध्यात्मिक नाम भी चुनना होगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।