Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: 'इंदिरा गांधी संविधान को ताक पर रखती थीं, अब राहुल गांधी...', इमरजेंसी के 50 साल पूरे होने पर गरमाई सियासत

    By Satyendra Kumar JhaEdited By: Rajesh Kumar
    Updated: Wed, 25 Jun 2025 03:21 PM (IST)

    पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आपातकाल को लोकतंत्र पर "काला धब्बा" बताया, जिसे कांग्रेस और गांधी परिवार ने संविधान का दुरुपयोग कर थो ...और पढ़ें

    Hero Image

    पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आपातकाल को लोकतंत्र पर "काला धब्बा" बताया। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, मोतिहारी। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि आपातकाल लोकतंत्र पर काला धब्बा है, जिसे कभी नहीं मिटाया जा सकता। कांग्रेस के शासनकाल में इंदिरा गांधी संविधान को ताक पर रखती थीं, अब राहुल गांधी उसे जेब में रखते हैं। नेहरू-गांधी परिवार और तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी ने तानाशाही की हर हद पार कर दी थी। जिसने भी आपातकाल का विरोध किया उसे जेल में डाल दिया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि जेल में राजनेताओं, पत्रकारों और समाजसेवियों के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। कांग्रेस की संविधान विरोधी सोच का ही परिणाम है कि बार-बार संविधान को रौंदा गया। बार-बार संविधान में संशोधन कर कानून बदलने का काम किया गया। कांग्रेस सरकार ने धारा 356 का दुरुपयोग कर चुनी हुई सरकार को बार-बार बदला। जस्टिस खन्ना को मुख्य न्यायाधीश नहीं बनने दिया गया।

    पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जेपी आंदोलन के माध्यम से जब आवाज उठाई गई तो लालू प्रसाद और नीतीश कुमार उसी की उपज हैं। लेकिन लालू प्रसाद कांग्रेस की गोद में बैठ गए और बाबा साहेब को अपने चरणों में रख लिया। लालू और कांग्रेस ने बिहार की जनता को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया।

    आपातकाल की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जब जेल में महिला प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी, तो उसे जंजीरों में जकड़ कर रखा गया था। उस समय गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी जेल में थे। उनकी मां का निधन हो गया था, लेकिन उन्हें अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं होने दिया गया। राहुल गांधी मीडिया की बात करते हैं। लेकिन उनकी ही सरकार ने अभिव्यक्ति की आजादी को कैसे कुचला, यह आज भी सबको याद है।

    उन्होंने कहा कि आपातकाल के पचास साल पूरे होने पर श्री ठाकुर बरियारपुर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इसी होटल में युवाओं के लिए मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जहां आपातकाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। साथ ही युवाओं ने इस मुद्दे पर अपने विचार भी रखे। मौके पर सांसद राधामोहन सिंह, विधायक प्रमोद कुमार, श्यामबाबू प्रसाद, जिला अध्यक्ष पवन राज समेत कई लोग मौजूद थे।