मधुबनी सीट पर राजद के समीर महासेठ का कब्जा बरकरार
मधुबनी। जिले के सबसे अहम माने जाने वाले मधुबनी शहरी विधानसभा में राजद के समीर महासेठ का कब्जा बरकरार है।
मधुबनी। जिले के सबसे अहम माने जाने वाले मधुबनी शहरी विधानसभा में राजद के समीर महासेठ का कब्जा बरकरार है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वीआईपी के सुमन महासेठ को छह हजार 890 मतों से पछाड् दिया है। राजद के समीर महासेठ को 70 हजार 727 मत मिले हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वि वीआईपी के सुमन महासेठ 64 हजार 237 मतों पर ही अटक गए। इस सीट से भाजपा के पूर्व विधायक रामदेव महतो ने बगावत करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ा, लेकिन वे आठ हजार 214 मत ही प्राप्त कर सके। इस सीट पर लोजपा ने अरविद कुमार पूर्वे को प्रत्याशी बनाया था जिन्हें 15775 मत प्राप्त हुए। इस सीट पर भी आगे-पीछे का खेल चलता रहा। मतगणना शुरू होने के बाद समीर महासेठ लगातार बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन बीच में सुमन महासेठ आगे निकल गए। इसके बाद महागठबंधन खेमे में मायूसी छा गई। लेकिन, अंतत: राजद के समीर महासेठ अपनी सीट को बचाने में सफल रहे और निर्णायक बढ़त ले ली। पंचायती राज मंत्री की बहू मीना ने पहले प्रयास में मारी बाजी मधुबनी। जिले के बाबूबरही सीट पर इस बार दिवंगत पंचायती राज मंत्री कपिलदेव कामत की बहू मीना कुमारी ने पहली बार में ही जीत दर्ज कर अपने ससुर के सीट पर कब्जा बरकरार रखा है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान ही मंत्री कपिलदेव कामत का निधन हो गया था। प्रतिद्वंद्वी के रूप में अनुभवी राजद नेता उमाकांत यादव थे। अपने पहले ही चुनाव में मीना कुमारी विधायक बनने में सफल रही। मीना कुमारी को 77355 मत मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाले राजद के उमाकांत यादव को 65111 मत मिले। अन्य प्रत्याशियों में लोजपा के अमरनाथ प्रसाद को 9793, रालोसपा के महेंद्र प्रसाद सिंह को 11691, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अठावले के अनिल कुमार यादव को 1634, समता पार्टी के मनोज झा को 2936, जाप के राजकिशोर सिंह को 1503, भारतीय चेतना पार्टी के रामा सहनी को 915, जागो हिदुस्तान पार्टी के विद्यासागर मंडल को 1951, भारतीय राष्ट्रीय दल के विश्वनाथ राय को 2242, प्लूरल्स पार्टी की शालिनी कुमारी को 3406, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के शिव नंदन मंडल को 3653, निर्दलीय महानारायण राय को 3490 एवं नोटा को 4983 मत मिले। खबर लिखे जाने तक जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं हो सकी थी। बेनीपट्टी में प्रतिष्ठा बचाने में सफल रहे पीएचईडी मंत्री विनोद मधुबनी। जिले की बेनीपट्टी सीट पर पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा अपनी प्रतिष्ठा बचाने में सफल रहे। जिले में सबसे अधिक अंतर से इन्होंने जीत दर्ज की है। 2010 में भाजपा को इस सीट से पहली बार जीत दिलाने वाले विनोद नारायण झा 2015 के चुनाव में कांग्रेस की भावना झा से पिछड़ गए थे, लेकिन इस बार उन्होंने पिछली हार का बदला ले लिया। कांग्रेस की भावना झा दूसरे स्थान पर रही। विनोद नारायण झा को 78723 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की भावना झा को 45819 वोट मिले। इस सीट पर कुल 15 प्रत्याशी थे। अन्य प्रत्याशियों में बसपा के नागेंद्र प्रसाद यादव को 1852, प्लूरल्स पार्टी की अनुराधा सिंह को 1838, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अठावले की नूतन देवी को 606 मत के अलावा निर्दलीय अबुबकर रहमानी को 752, अमरनाथ को 521, चंदन कुमार को 566, नीरज कुमार झा को 3864, मिथिलेश चंद्र झा को 557, राजेश कुमार यादव को 9525, रुपेश कुमार को 909, ललन किशोर झा को 2299, विनोद शंकर झा को 3559, विनोदानंद कामत को 2128 मत और नोटा को 1647 मत मिले। खबर लिखे जाने तक जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं हो सकी थी। खजौली में भाजपा के अरुण शंकर ने राजद के विधायक को पछाड़ा मधुबनी। खजौली सीट पर इस बार राजद कमजोर पड़ गया। यहां से राजद के निवर्तमान विधायक सीताराम यादव भाजपा के अरुण शंकर प्रसाद से 23037 मतों से पीछे रहे। भाजपा के अरुण शंकर प्रसाद को कुल 82870 मत मिले हैं, जबकि राजद के सीताराम यादव को 59833 मत मिले हैं। जिले में सबसे अधिक 22 प्रत्याशी खजौली विधानसभा में ही रहे। 31 राउंड की मतगणना के बाद भाजपा ने इस सीट पर निर्णायक बढ़त बना ली। इन दोनों प्रत्याशियों के अलावा इस सीट से प्लूरल्स पार्टी के कुमार चैतन्य, जनता दल राष्ट्रवादी के चंद्रकेतु नारायण यादव, जनशक्ति विकास पार्टी के दिनेश प्रसाद सिंह, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अठावले के बबलू गुप्ता, जाप के ब्रज किशारे यादव, भारतीय सबलोग पार्टी के राजदेव दास, बहुजन मुक्ति पार्टी के राम कुमार राम, जन मिथिला विकास पार्टी के राम सुफल यादव, प्रबल भारत पार्टी के रितेश कुमार मंडल, सजद डी के विरेंद्र कुमार यादव, आजाद समाज पार्टी के हस्सानुल हक, लोग जन पार्टी हरिभूषण कुमार के अलावा निर्दलीय अमित कुमार महतो, अंबिका प्रसाद सिंह, दिलीप कुंवर, नरेश कुमार सिंह, पुरुषोत्तम प्रसाद गुप्ता, प्रमिला देवी, ब्रजेश राउत एवं राम नारायण ठाकुर भी अपना भाग्य आजमा रहे थे। बिस्फी में भाजपा के हरिभूषण ठाकुर बचोल ने बनाई निर्णायक बढ़त मधुबनी। बिस्फी विधानसभा में भाजपा के हरिभूषण ठाकुर बचोल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के डॉ. फैयाज अहमद को 10 हजार 469 मतों से पछाड़ दिया है। हरिभूषण ठाकुर बचोल को कुल 86 हजार 298 मत मिले हैं, जबकि डॉ. फैयाज अहमद को 75 हजार 829 मत मिले। पिछले चुनाव में इस सीट से डॉ. फैयाज अहमद ने राजद के टिकट पर जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार वे भाजपा से पीछे रह गए। भाजपा ने यह सीट जीतकर जिले में अपनी पकड़ मजबूत की है। इसी सीट से चुनाव लड़ रही द प्लूरल्स पार्टी की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया को मात्र 1509 मत मिले हैं। 2928 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। इस विधानसभा से कुल 13 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे थे। सुबह से इस सीट पर आगे-पीछे का खेल चलता रहा। कभी हरिभूषण ठाकुर आगे रहे तो कभी डॉ. फैयाज। इन दोनेां के अलावा कोई भी प्रत्याशी रेस में नहीं आ सका। अंतत: भाजपा के हरिभूषण ठाकुर बचोल ने अपनी निर्णायक बढ़त बना कर यह सीट अपने नाम कर ली। फुलपरास में जदयू की शीला ने कांग्रेस के कृपानाथ को पछाड़ा मधुबनी। जदयू प्रत्याशी शीला कुमारी ने अपने पहले ही चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के कृपानाथ पाठक को 11 हजार 639 मतों से पछाड़ दिया है। शीला कुमारी को कुल 74371 मत मिले हैं, जबकि कांग्रेस के कृपानाथ पाठक को 62732 मतों से ही संतोष करना पड़़ा। यह सीट इस बार के चुनाव में काफी चर्चित रही थी। यहां से जदयू ने पिछली बार जीत दर्ज करने वाली गुलजार देवी का टिकट इस बार काट दिया जिससे नाराज निवर्तमान विधायक गुलजार देवी ने निर्दलीय नामांकन कर दिया था। गुलजार देवी को मात्र 48 सौ वोट मिले। इस सीट से लोजपा ने भी विनोद कुमार झा को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वे भी संघर्ष को त्रिकोणीय नहीं बना सके। लोजपा प्रत्याशी को 10 हजार 14 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा नेशनलिस्ट जनशक्ति पार्टी के अशोक सिंह, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के गणेश यादव, जाप के गौड़ी शंकर यादव, पीस पार्टी के परवेज आलम, प्लूरल्स पार्टी के ब्रजेश कुमार कुंवर, पिपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक के रत्नेश कुमार साहु, समाजवादी जनता दल के राम कुमार यादव के साथ ही निर्दलीय रेखा रंजन यादव, विजय कुमार, संजय कुमार सिंह, हृदय नारायण कामत भी अपना भाग्य आजमा रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।