Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rajnagar vidhan sabha Seat 2025: सड़क, सिंचाई पर काम, राजनगर राज परिसर को पर्यटन केंद्र बनने का इंतजार

    Rajnagar Assembly Seat 2025 पीएचईडी मंत्री रहे डा. रामप्रीत पासवान ने जलापूर्ति की परेशानी को दूर करने की दिशा में कई पहल की लेकिन जमीन पर उसका असर सीमित ही दिखा। हालांकि भदुआर घाट में कमला नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण की स्वीकृति उनकी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। वर्षों से जर्जर राजनगर-रामपट्टी सड़क का निर्माण नहीं हो सका।

    By Jagran News Edited By: Ajit kumar Updated: Fri, 15 Aug 2025 06:50 PM (IST)
    Hero Image
    डा. रामप्रीत पासवान, विधायक। यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

     प्रमोद कुमार सर्राफ, राजनगर (मधुबनी)। Bihar Vidhan sabha Chunav 2025 / Rajnagar vidhan sabha Seat 2025 / Rajnagar Assembly Seat 2025: राजनगर एवं अंधराठाढ़ी प्रखंड को मिलाकर राजनगर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र बना है। इसमें राजनगर प्रखंड की 22 तथा अंधराठाढ़ी प्रखंड की 18 पंचायतें शामिल हैं। इस क्षेत्र की अधिकांश जनता की जीविका का मुख्य साधन खेती-किसानी एवं व्यवसाय है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डा. रामप्रीत पासवान 2015 में पहली बार राजनगर विधानसभा क्षेत्र (अनुसूचित जाति सुरक्षित) से विधायक बने। इस दौरान किए गए विकास तथा अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ के बल पर वे 2020 के चुनाव में पुनः विधायक चुने गए।

    वर्तमान कार्यकाल के दौरान डा. रामप्रीत पासवान पीएचईडी मंत्री भी रहे। मंत्री रहते उन्होंने ग्रामीण जलापूर्ति संबंधी योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में आवश्यक पहल की। हालांकि, इन योजनाओं का असर सीमित ही रहा।

    भदुआर घाट में कमला नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण की स्वीकृति क्षेत्रीय विकास के पैमाने पर विधायक की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में संपर्क पथों का निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई सुविधा का विकास उनके कार्यकाल में हुए हैं।

    इसके बाद भी कई ऐसे कार्य हैं, जिसके पूरे होने का इंतजार जनता है। वर्षों से जर्जर राजनगर-रामपट्टी सड़क का निर्माण नहीं हो सका। वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2025-26 के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत कुल 14 करोड़ की राशि आवंटित हुई। शत-प्रतिशत खर्च करने का दावा विधायक करते हैं।

    विकास के काम जो हुए

    • अंधराठाढ़ी प्रखंड के पलार एवं भगवतीपुर गांव में सुरगबे नदी पर स्लूस गेट का निर्माण।
    • सहुरिया गांव में मझगोठिया बांध पर 4 करोड़ 21 लाख की लागत से स्लूस गेट का निर्माण।
    • गंगद्वार, महरैल एवं भगवानपुर स्थित रेफरल, पीएचसी एवं एपीएचसी का भवन निर्माण।
    • कोसी नहर एवं उप वितरणियों के माध्यम सिंचाई सुविधा का विकास।
    • क्षेत्र की 90 प्रतिशत सड़कों का कालीकरण एवं पक्कीकरण।
    • विश्व टीकाकार वाचस्पति मिश्र के अंधराठाढ़ी सहित डीह का सुंदरीकरण एवं महोत्सव के आयोजन की स्वीकृति। मदनेश्वर स्थान, कोइलख स्थित भद्रकाली मंदिर एवं मंगरौनी स्थित एकादश रूद्र मंदिर परिसर को पर्यटक स्थल के रूप में स्वीकृति।
    • कोसी मुख्य नहर एक भाग में सड़क निर्माण योजना की स्वीकृति।
    • मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से वित्तीय वर्ष 2025-2026 के तहत 150 सड़कों की स्वीकृति, इनमें राजनगर प्रखंड की 15 तथा अंधराठाढ़ी प्रखंड की 10 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं।

    काम जो नहीं हो सके

    • वर्षों से जर्जर राजनगर-रामपट्टी सड़क का निर्माण नहीं।
    • कई जगहों पर नल-जल योजना की स्थिति खराब। पेयजल की समस्या।
    • राजनगर राज परिसर को पर्यटन केंद्र बनाने का वादा नहीं हुआ पूरा।

    विधानसभा क्षेत्र एक नजर में

    कुल मतदाता  3,31,220
    पुरुष 1,74,361
    महिला  1,56,836
    थर्ड जेंडर  23

    लोगों की बात

    विकास कहीं नजर नहीं आ रहा है। सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। उस पर ध्यान नहीं दिया गया। हर घर नल का जल लोगों के लिए सपना बनकर रह गया है। पेयजल की समस्या से लोग परेशान हैं।

    चंदन ठाकुर, चिचड़ी कानूनगो निवासी

    राजनगर विधानसभा क्षेत्र का काफी विकास हुआ है। हर क्षेत्र में काम हुआ है। उसका लाभ जनता को मिल रहा है। विधायक हर शादी-विवाह एवं पर्व-त्योहार में जनता से मिलते रहते हैं।

    मौसम गुप्ता,गांधी चौक निवासी

    क्षेत्र में विकास कहीं नजर नहीं आ रहा है। राजनगर-रामपट्टी सड़क वर्षों से जर्जर है। इसके निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया। बिजली की स्थिति भी चरमरा गई है। जर्जर व्यवस्था व कटौती से लोग परेशान हैं।

    आमोद कुमार,नरकटिया निवासी

    राजनगर विधानसभा क्षेत्र में कई सड़कें बनी हैं। इससे आवागमन की सुविधा आसान हुई है। विधायक की ओर से किया गया विकास कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप में दिखाई देता है।

    वैद्यनाथ मिश्रा, चिचड़ी बुजुर्ग निवासी

    सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर

    विकास के मामले में राजनगर विधानसभा क्षेत्र शून्य पर है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली एवं सिंचाई के मामले में स्थिति बदतर बनी हुई है। प्रखंड व अंचल कार्यालयों सहित प्रत्येक सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार है। अपराध चरम पर है। इस पर रोक के लिए काम नहीं हुआ।

    रामअवतार पासवान, प्रतिद्वंद्वी, राजद

    सड़क से लेकर हर क्षेत्र में हुआ काम

    क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बिजली के मामले में राजनगर विधानसभा क्षेत्र को विकास के पैमाने पर अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने का काम किया। कमला नदी पर भदुआर घाट में उच्च स्तरीय पुल निर्माण को स्वीकृति दिलाई। मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत सामुदायिक भवन, पीसीसी सड़क, चबूतरा, आंगनबाड़ी केंद्र, तालाब घाट और चहारदीवारी निर्माण सहित 70 योजनाओं को स्वीकृति दी गई। इनमें से 63 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। 70 मध्य एवं उच्च विद्यालयों में बेंच-डेस्क भी उपलब्ध कराया गया।

    डा. रामप्रीत पासवान, विधायक