नेपाल के जलेश्वर जेल से फरार 576 में से 53 कैदी जेल हुए वापस, भारतीय सीमा से पकड़ाए 13 कैदी सौंपे गए
नेपाल की जलेश्वर जेल से फरार हुए 576 कैदियों में से 53 वापस लौटे जिनमें 5 भारतीय हैं। जेल प्रशासन ने चेतावनी जारी की थी कि समर्पण न करने पर सख्त कार्रवाई होगी। जेन-जी के प्रदर्शनकारियों ने जेल पर धावा बोलकर कैदियों को भगाने में मदद की थी। सीमा पर एसएसबी और पुलिस ने 13 कैदियों को पकड़कर नेपाल पुलिस को सौंपा।

संवाद सहयोगी, मधवापुर (मधुबनी)। पड़ोसी देश नेपाल में आंदोलन के दौरान जलेश्वर जेल से फरार 576 कैदियों में जेल प्रशासन के चेतावनी के बाद गुरुवार की शाम 53 कैदियों की वापसी हुई है। वापस हुए कैदियों में पांच भारतीय हैं। उक्त जानकारी जलेश्वर कारागार प्रभारी रैबिन ठाकुर ने दी है।
जलेश्वर जेल प्रशासन द्वारा फरार कैदियों को 24 घंटे के अंदर आत्मसमर्पण करने को कहा था। कैदियों के वापसी नहीं होने पर सख़्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने बताया कि कई फरार कैदियों ने फोन के माध्यम से जेल प्रशासन को आवागमन शुरू होने पर वापसी की सूचना दी है।
बताते चलें कि बीते मंगलवार की रात आन्दोलनकारी जेन-जी के पांच सौ से अधिक समर्थक महोतरी जिला मुख्यालय जलेश्वर जेल पहुंच कर जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान मौके का फायदा उठाते हुए विभिन्न कांडों के 576 कैदी जेल की दीवार तोड़ कर फरार हो गए।
इस कार्य में जेन-जी के आंदोलनकारी समर्थकों ने कैदियों का सहयोग किया था। जेल से फरार 12 की संख्या में कैदी भारत-नेपाल सीमा के भिट्ठा मोड़ के रास्ते भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करना चाहा जहां सीमा पर तैनात एसएसबी व पुलिस ने संयुक्त रूप से सभी 12 कैदियों को गिरफ्तार कर नेपाल पुलिस के हवाले किया।
इसी तरह मधवापुर एसएसबी कैम्प प्रभारी इंस्पेक्टर ऋषिकेश कुमार के नेतृत्व में एसएसबी और मधवापुर पुलिस ने मधवापुर पंचायत के रामपुर वृत वार्ड 12 में बीती रात छापेमारी कर जलेश्वर जेल से फरार सजायाफ्ता कैदी मो.उख्तार का 43 वर्षीय पुत्र मो.गुलजार को गिरफ्तार कर नेपाल मटिहानी पुलिस के हवाले किया है।
गिरफ्तार भारतीय कैदी अवैध नशीली दवा मामले में 18 माह से जलेश्वर जेल में बंद कैदी हैं। महोतरी जिलाधिकारी नारायण प्रसाद रिसाल ने कहा कि फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए नेपाल में छापेमारी की जा रही है। वहीं भारतीय कैदी की वापसी के लिए भारतीय प्रशासनिक अधिकारी से बात की जा रही है।
दो नाइजेरियन और एक ब्राजील का नागरिक गिरफ्तार
नेपाल में हुए आंदोलन के दौरान अगजनी के बाद इंडो नेपाल बॉर्डर बासोपट्टी स्थित ख़ौना में एसएसबी ने 2 नाइजेरियन व 1 ब्राजील के नागरिक को हिरासत में लिया है। प्रारम्भिक पूछताछ में देर रात पकड़ाए एक नाइजीरियन व दूसरा ब्राजील के नागरिक ने पुलिस को बताया कि वे लोग नेपाल घूमने आए थे।
नेपाल में उग्र आंदोलन के दौरान होटल में अगजनी की गई जिसमें उनका सभी सामान जल गया। वे लोग वहां से निकल कर भारत के सीमा में प्रवेश कर गए। जिसके बाद अहले सुबह खौना के ही बेरहा गांव में एक और नाइजेरियन युवक को हिरासत में लिया गया।
बाद में गिरफ्तार युवक ने जांच अधिकारियों को बताया कि वे सभी नेपाल के काठमांडू जेल में अलग अलग मामलों में बंद थे। आंदोलन के दौरान जेल टूटने के बाद वे लोग वहां से इंडिया आ गए। पकड़े गए ब्राजील के नागरिक का नाम लारिशन बिनीतो दोस (25) है। वहीं नाईजीरिया के इमेहा इबेह (28) और ओदेश ओलूवासोगो गलोली (26) को पकड़ा गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।