मां ने अपना हाथ किया कुर्बान, फिर भी नहीं बची बेटे की जान; मधुबनी में करंट लगने से किसान की मौत
फुलपरास के नानपट्टी गांव में 60 वर्षीय किसान मुसहरू राम की 440 वोल्ट के नंगे तार की चपेट में आने से मौत हो गई।

घटना के बाद रोती बिलखती मां। फोटो जागरण
HighLights
किसान मुसहरू राम की करंट लगने से मौके पर मौत।
बेटे को बचाने पहुंची मां की उंगलियां कटीं, घायल।
ग्रामीणों ने लाइनमैन की लापरवाही पर गंभीर आरोप लगाए।
संवाद सूत्र, फुलपरास। थाना क्षेत्र के नानपट्टी गांव में मंगलवार दोपहर बाद एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में धान की फसल काटने गए 60 वर्षीय किसान मुसहरू राम की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मुसहरू राम खेत में धान काट रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहे 440 वोल्ट के नंगे तार की चपेट में वह आ गए। करंट लगते ही वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे।
पास ही फसल काट रही मां जहरी देवी बेटे को तड़पता देख दौड़कर पहुंची। बेटे को बचाने के चक्कर में वह भी करंट की चपेट में आ गई। झटका लगने पर उनके हाथ में रखा हंसुआ उन्हीं के बाएं हाथ पर लग गया, जिससे उनकी पांचों उंगलियां कट गईं। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मुसहरू राम को मृत घोषित कर दिया। मां का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। मृतक का एक बेटा दिल्ली में मजदूरी करता है, जो सूचना मिलने पर ट्रेन पकड़कर गांव लौट रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के पीछे गांव के ही लाइनमैन वीरेंद्र यादव की लापरवाही है। वह दूसरे खेत में बोरिंग चलाकर खेत में सिंचाई का काम करता था और इसके लिए नंगे तार का प्रयोग करता था।
तार को बहुत नीचे से खींचा गया था, जिससे खेत में काम करने वालों के लिए हमेशा खतरा बना हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- बेगूसराय में 38.21 किमी बाईपास की तैयारी तेज, दिसंबर तक तैयार हो जाएगा एलिवेटेड फ्लाईओवर
यह भी पढ़ें- बिहार में ₹550 करोड़ का पुल फिर दरका! 15वां पाया क्षतिग्रस्त; बेतिया-गोपालगंज रूट 24 दिसंबर तक बंद