बेगूसराय में 38.21 किमी बाईपास की तैयारी तेज, दिसंबर तक तैयार हो जाएगा एलिवेटेड फ्लाईओवर
बेगूसराय में एनएच-31 पर निर्माणाधीन चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का काम दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ...और पढ़ें

समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में तकनीकी विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक को संबोधित करते डीडीसी आकाश चौधरी। सौजन्य-जिला प्रशासन
HighLights
एनएच-31 एलिवेटेड फ्लाईओवर दिसंबर तक होगा पूरा।
बेगूसराय बाईपास के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज।
तकनीकी विभागों की समीक्षा में विकास कार्यों पर जोर।
जागरण संवाददाता, बेगूसराय। शहर में एनएच-31 पर निर्माणाधीन चार लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का काम दिसंबर तक हर हाल में पूरा करें। निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को समाहरणालय सभागार में तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक में डीडीसी आकाश चौधरी ने एनएचएआइ के अधिकारियों को यह निर्देश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर का करीब 97 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। डीडीसी ने शेष कार्य तेजी से पूरा करने के साथ निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को कहा।
बैठक में सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, ऊर्जा और बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।
डीडीसी ने कार्यपालक अभियंताओं को नियमित स्थल निरीक्षण और गुणवत्ता की निगरानी करने का निर्देश दिया। तय समय-सीमा के बाद भी काम में अनावश्यक देरी करने वाले संवेदकों का एकरारनामा रद करने और उन्हें काली सूची में डालने की कार्रवाई की चेतावनी दी।
भूमि विवाद दूर कर पूरी करें सड़कें
ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा में चेरिया बरियारपुर, बखरी, गढ़पुरा, नावकोठी, मटिहानी और तेघड़ा की सड़कों के निर्माण में आ रही भूमि संबंधी समस्याओं पर चर्चा हुई।
डीडीसी ने संबंधित अंचलाधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र मापी और सीमांकन कराने को कहा। निर्धारित अवधि के बाद भी काम में प्रगति नहीं लाने पर एकरारनामा रद कर पुनर्निविदा की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।
पथ निर्माण विभाग और एनएचएआइ की योजनाओं में दलसिंहसराय-कैदराबाद-मालती पथ, तेघड़ा-मुबारकपुर पथ, बखरी-बहादुरपुर बाईपास तथा एसएच-55 पर वीर कुंवर सिंह चौक से माधुरी ढाला तक सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का काम शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
वहीं, बीटीपीएस चकिया से लखमीनिया-बलिया तक प्रस्तावित 38.21 किलोमीटर लंबे बेगूसराय बाईपास के लिए भूमि अधिग्रहण और वन विभाग की एनओसी की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।
सीवरेज नेटवर्क और जलापूर्ति पर जोर
नमामि गंगे परियोजना के तहत 17 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 102.22 किलोमीटर सीवरेज नेटवर्क के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
अमृत-2.0 के तहत नगर निगम क्षेत्र में बोरिंग, पाइपलाइन और वाटर ट्रीटमेंट से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत बेगूसराय नगर निगम, बीहट, तेघड़ा, बखरी और बरौनी में स्वीकृत सड़क, नाला निर्माण और पोखर जीर्णोद्धार के काम समय पर पूरे कराने का निर्देश दिया गया।
कालेज, स्कूल और पुलिस भवनों की भी समीक्षा
शिक्षा आधारभूत संरचना के तहत बखरी, तेघड़ा और शाम्हो डिग्री कालेज तथा जीडी कालेज में शैक्षणिक भवनों के निर्माण की प्रगति देखी गई। स्कूलों में अतिरिक्त वर्ग कक्ष और बालिका शौचालय निर्माण की भी समीक्षा हुई।
उद्योग एवं ऊर्जा क्षेत्र में बियाडा के इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में प्लग एंड प्ले मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के फेज-III और फेज-V तथा कामकाजी महिला छात्रावास के फिनिशिंग कार्य को समय पर पूरा कराने को कहा गया।
बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की योजनाओं में शाम्हो, तेयाय ओपी, फुलवरिया, डंडारी, लोहियानगर और छौड़ाही थाना भवनों के निर्माण की समीक्षा हुई।
यातायात थाना, संयुक्त कार्यालय भवन और पुलिस लाइन में 300 महिला सिपाहियों के लिए बन रहे बैरक का काम भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता उपस्थित थे।