बिहार में ₹550 करोड़ का पुल फिर दरका! 15वां पाया क्षतिग्रस्त; बेतिया-गोपालगंज रूट 24 दिसंबर तक बंद
गंडक नदी पर बना मंगलपुर-गोपालगंज पुल तीसरी बार दरक गया है, जिससे इसका 15वां पाया क्षतिग्रस्त हो गया है और बेतिया-गोपालगंज मार्ग 24 दिसंबर तक बंद कर दिया गया है।

बेतिया-गोपालगंज रूट 24 दिसंबर तक बंद
HighLights
मंगलपुर-गोपालगंज पुल का 15वां पाया क्षतिग्रस्त हुआ।
बेतिया-गोपालगंज मार्ग 24 दिसंबर तक बंद रहेगा।
550 करोड़ का पुल दस साल में तीसरी बार दरका।
जागरण संवाददाता, बेतिया। गंडक नदी पर बना मंगलपुर-गोपालगंज पुल एक बार फिर दरक गया है। इस बार पुल का 15वां पाया क्षतिग्रस्त हुआ है। किनारे के हिस्सों में भी जगह-जगह दरारें उभर आई हैं।
नतीजा यह कि बेतिया और गोपालगंज को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग पर आवागमन बंद करना पड़ा है। दोनों जिलों के जिलाधिकारियों के निर्देश पर 10 नवंबर से 24 दिसंबर तक पुल से वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। महज दस वर्षों के भीतर पुल तीसरी बार क्षतिग्रस्त हुआ है।
समय के साथ यात्रा का खर्च भी बढ़ेगा
इस पुल के बंद होने का असर सिर्फ एक सड़क मार्ग तक सीमित नहीं रहेगा। बेतिया से गोपालगंज जाने वाले यात्रियों को अब अरेराज होते हुए डुमरिया पुर के रास्ते लंबी दूरी तय करनी होगी। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों, विद्यार्थियों और मरीजों की परेशानी बढ़ेगी।

समय के साथ यात्रा का खर्च भी बढ़ेगा। जिन लोगों के लिए यह पुल रोजमर्रा की जिंदगी का आसान रास्ता था, उनके लिए अब यह रास्ता करीब डेढ़ महीने तक बंद रहेगा।
पांच माह पूर्व भी हुआ था दरार
मई 2026 में भी पांचवें पाए के समीप स्पैन में करीब सात इंच का गैप मिलने से हड़कंप मच गया था। जांच के दौरान पांच अन्य स्थानों पर दरारें मिलने और गैप बढ़कर करीब 12 इंच तक पहुंचने की बात सामने आई थी। तब भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी।

तकनीकी जांच के लिए आईआईटी पटना के विशेषज्ञों की मदद भी ली गई थी। वर्ष 2020 में भी पुल में तकनीकी खराबी सामने आई थी, जिसके बाद सुधार कार्य कराया गया था।
550 करोड़ की लागत से बना था पुल
करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल का निर्माण 2015 में शुरू हुआ था और मार्च 2016 में इसका उद्घाटन हुआ था। लेकिन उद्घाटन के एक दशक के भीतर बार-बार तकनीकी खामियां सामने आ रहीं हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।