VTR के जंगल में दिखा ममता का अद्भुत रूप! 50 मीटर की दूरी पर शावकों संग दिखी बाघिन; वैज्ञानिक भी हुए हैरान
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मंगुराहा वन क्षेत्र में जंगल सफारी के दौरान पटना के वैज्ञानिकों ने 50 मीटर की दूरी से बाघिन और उसके दो शावकों को देखा।
HighLights
पटना के वैज्ञानिकों ने वीटीआर में जंगल सफारी की।
50 मीटर दूर से बाघिन और दो शावक देखे।
मां और बच्चों के ममता भरे दृश्य से हुए रोमांचित।
संवाद सूत्र, गौनाहा (पश्चिम चंपारण)। वीटीआर के मंगुराहा वन प्रक्षेत्र में बुधवार की सुबह जंगल सफारी के दौरान पटना से आए वैज्ञानिकों की टीम को ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे वे लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे।
जंगल के खुले और प्राकृतिक वातावरण में करीब 50 मीटर की दूरी से बाघिन और उसके दो शावकों का दीदार कर वे रोमांचित हो उठे। जंगल के बीच मां और उसके बच्चों के बीच दिखा ममता का अनूठा दृश्य सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।
मंगुराहा का जंगल किसी स्वर्ग से कम नहीं
पटना से आई टीम में शामिल डॉ. संजीव कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि मंगुराहा का जंगल किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, घनी हरियाली और वन्यजीवों की मौजूदगी मन को आनंदित कर देती है।

बताया कि बाघ देखने की विशेष उम्मीद लेकर पहुंचे थे। जंगल सफारी के दौरान करीब 50 मीटर की दूरी से बाघिन और उसके दोनों शावकों को देखने का मौका मिला। यह उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा।

बताया कि सफारी के दौरान बाघिन कुछ देर तक अपने शावकों का इंतजार करती दिखाई दी। करीब एक मिनट तक वह एक स्थान पर रुकी रही। मां और बच्चों के बीच का यह दृश्य प्रकृति में मौजूद ममता और वन्यजीवों के पारिवारिक व्यवहार की खूबसूरत झलक पेश कर रहा था। इसके अलावा जंगल में बड़ी संख्या में हिरण भी दिखाई दिए।
प्रकृति के करीब पहुंचने का मिला अवसर
वैज्ञानिकों की टीम में शामिल डॉ. शिवानी ने कहा कि सुबह-सुबह जंगल भ्रमण करना एक अलग ही अनुभूति है। जंगल की शांति, पेड़-पौधों की हरियाली और वन्यजीवों की चहलकदमी ने मन मोह लिया। सफारी के दौरान हिरणों की दो प्रजातियों को देखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि जंगल में कुछ समय बिताने के बाद ही वन्यजीवों के अलग संसार और प्रकृति के महत्व को करीब से समझा जा सकता है।
वन विभाग की व्यवस्था की सराहना
वैज्ञानिकों ने जंगल सफारी के दौरान वन विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए भ्रमण की बेहतर व्यवस्था की गई है। प्राकृतिक आवास में वन्यजीवों को देखने का अवसर मंगुराहा को प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए खास बनाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।