विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जंगल सफारी का रोमांच, वन्यजीवों का दीदार और प्रकृति की खूबसूरती... आइए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व

Published: Tue, 10 Nov 2026 07:00 PM (IST)

बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 शुरू हो गया है, जहां पर्यटक जंगल सफारी, वन्यजीवों का दीदार और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकते हैं।

जंगल सफारी का रोमांच, वन्यजीवों का दीदार और प्रकृति की खूबसूरती... आइए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व

जंगल सफारी का रोमांच, वन्यजीवों का दीदार और प्रकृति की खूबसूरती... आइए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व

HighLights

  1. वाल्मीकि टाइगर रिजर्व बिहार का एकमात्र बाघ अभयारण्य है।

  2. पर्यटन सत्र 2026-27 के लिए चार नए सफारी रूट शुरू।

  3. पर्यटकों के लिए ऑनलाइन बुकिंग, टूर पैकेज और सुविधाएं उपलब्ध।

डिजिटल डेस्क, वाल्मीकिनगर। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों, वन्यजीवों और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है।

यहां स्थित बिहार का एकमात्र टाइगर रिजर्व, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर), अपनी समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक खूबसूरती के कारण पर्यटकों के बीच खास पहचान बना रहा है।

यहां जंगल सफारी का रोमांच, वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अवसर और प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताने का अनुभव पर्यटकों की यात्रा को यादगार बनाता है। प्रकृति और संस्कृति का अनूठा संगम भी इस क्षेत्र को खास बनाता है।

WhatsApp Image 2026-11-10 at 6.54.18 PM

बक्सर से वाल्मीकि टाइगर रिजर्व घूमने पहुंचे मुकेश कुमार मिश्रा अपना अनुभव साझा करते हुए बताते हैं, यहां कई तरह के वन्यजीव देखने को मिले। पर्यटकों के ठहरने के लिए कॉटेज, खाने-पीने की साफ-सुथरी व्यवस्था और घूमने के लिए गाड़ियों की सुविधा उपलब्ध है। पर्यटक अपनी जरूरत के अनुसार बुकिंग कर जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं। यहां पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हैं।

पर्यटन सत्र 2026-27 की शुरुआत

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 की शुरुआत हो चुकी है। इस बार पर्यटकों के लिए जंगल सफारी को और रोमांचक बनाने के उद्देश्य से चार नए सफारी रूट शुरू किए गए हैं। इन रूटों के जरिए पर्यटक जंगल के अलग-अलग हिस्सों की सैर करने के साथ गिद्ध संरक्षण केंद्र भी देख सकेंगे।

नए सफारी रूटों में पहला रूट मदनपुर स्थित गेटवे ऑफ वीटीआर से शुरू होकर मदनपुर देवी स्थान होते हुए दिल्ली कैंप तक जाएगा। दूसरा रूट वाल्मीकिनगर पर्यटन केंद्र से गणौली वन प्रक्षेत्र स्थित गिद्ध संरक्षण केंद्र तक निर्धारित किया गया है।

तीसरे रूट के तहत पर्यटक वाल्मीकिनगर पर्यटन केंद्र से गणौली, चिउटाहां और रघिया बफर जोन होते हुए गोवर्धना एवं मंगुराहा पर्यटन केंद्रों तक पहुंच सकेंगे। वहीं, चौथा रूट मंगुराहा पर्यटन केंद्र के अंतर्गत भवानीपुर नाका से मानपुर तक निर्धारित किया गया है।

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की खासियत केवल इसके घने जंगल और वन्यजीव ही नहीं हैं, बल्कि यहां मौजूद धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

यहां सोफा मंदिर, मदनपुर माई मंदिर और ऐतिहासिक कोलेश्वर मंदिर जैसे प्रमुख स्थल हैं। इस तरह पर्यटकों को एक ही यात्रा में प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीवों और धार्मिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

टिकट बुकिंग कैसे करें?

पर्यटकों की सुविधा के लिए पटना से वाल्मीकिनगर और मंगुराहा के लिए एक, दो और तीन दिवसीय टूर पैकेज भी उपलब्ध कराए गए हैं। इन पैकेजों में आने-जाने, भोजन, ठहरने और पर्यटन स्थलों के भ्रमण की सुविधाएं शामिल हैं।

जंगल सफारी और टूर पैकेज की बुकिंग टिकट काउंटर के साथ-साथ ऑनलाइन भी की जा सकती है। इसके लिए पर्यटक वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट valmikitigerreserve.com पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं।

वीटीआर के स्थानीय निवासी अभिषेक गुप्ता बताते हैं, "यहां घूमने आने वाले पर्यटक मंगुराहा, गोवर्धना रेंज, वाल्मीकिनगर और मदनपुर जैसे प्रमुख वन क्षेत्रों की सैर कर सकते हैं। इन क्षेत्रों में नीलगाय, हिरण और गौर जैसे वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अवसर मिलता है। इसके अलावा लालभितिया सनसेट पॉइंट, गंडक बैराज एवं रिवर फ्रंट, गिद्ध संरक्षण केंद्र, इको पार्क, जंगल कैंप और परेवादह जैसे स्थल भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। यहां नौका विहार करने और प्रकृति के बीच समय बिताने का भी आनंद लिया जा सकता है।"

कुल मिलाकर वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की यात्रा पर्यटकों को जंगल सफारी के रोमांच के साथ बिहार की समृद्ध प्राकृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर देती है।

घने जंगल, विविध वन्यजीव, खूबसूरत प्राकृतिक नजारे और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाएं इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए एक खास पर्यटन स्थल बनाती हैं।

अगर आप भी प्रकृति के करीब कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं और जंगल सफारी का रोमांच महसूस करना चाहते हैं, तो इस पर्यटन सत्र में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की सैर एक अच्छा विकल्प हो सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।