मधुबनी में 15 दिन से लापता थी महिला, पति की दुकान में मिली लाश; ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
मधुबनी के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में 15 दिन से लापता 28 वर्षीय गुलशन खातून का शव उसके पति की जमैला बाजार स्थित फर्नीचर दुकान से बरामद हुआ है।
-1792819121568_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
15 दिन से लापता विवाहिता का शव बरामद।
पति की जमैला बाजार स्थित फर्नीचर दुकान से मिला।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, अंधराठाढ़ी। रुद्रपुर थाना क्षेत्र के डुमरा से विगत 15 दिनों से लापता 28 वर्षीय विवाहिता गुलशन खातून का शव आज जमैला बाजार स्थित अयान फर्नीचर हाउस से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोग दहशत में हैं।
मृतका गुलशन खातून रुद्रपुर थाना के डुमरा वार्ड 10 की रहने वाली थी। उसका मायका डुमरा गांव के वार्ड 3 में है। उसके माता-पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है।
करीब 10 वर्ष पूर्व उसकी शादी डुमरा निवासी अमीरुल्ला अंसारी के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। उसका पति जमैला बाजार में अयान फर्नीचर की दुकान चलाता है।
बताया जा रहा है कि गांव में पारिवारिक विवाद के कारण लगभग 20 दिन पहले उसका पति उसे डुमरा से जमैला अपने दुकान पर ले गया था। इसके बाद से वह लापता थी।
भाई ने जताया था हत्या का शक
मृतका के भाई डुमरा निवासी मो. माजिद द्वारा रुद्रपुर थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया था। आवेदन में उन्होंने पति, देवर, सास सहित पांच लोगों पर साजिश कर हत्या करने की आशंका जताई थी।
दो दिन पूर्व झंझारपुर डीएसपी सुबोध कुमार सिन्हा सहित थाना पुलिस ने जमैला बाजार स्थित अयान फर्नीचर की तलाशी ली थी।
आज उसी फर्नीचर हाउस से शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- पटना मनेर में सोन नदी के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सिर पर चोट के निशान और खून मिलने से हत्या का संदेह गहराया
यह भी पढ़ें- सऊदी अरब पर हुए हमले में बिहार के अरमान की मौत, 2 महीने पहले गए थे दुबई; अब पार्थिव शरीर का इंतजार
