Madhubani News : बछराजा नदी पर पुल के इंतजार में पथरा रहीं किसानों की आंखें, आधे दर्जन गांव के लोगों को परेशानी
बेनीपट्टी के पास बछराजा नदी पर पुल न होने से किसानों को खेती में परेशानी हो रही है। वे चचरी पुल के सहारे खाद और बीज लेकर खेतों तक जाते हैं। बारिश में कठिनाई और बढ़ जाती है। किसानों ने सरकार से पुल बनाने की मांग की है ताकि हजारों एकड़ जमीन पर खेती आसान हो सके। विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है स्वीकृति का इंतजार है।
संवाद सहयोगी, बेनीपट्टी (मधुबनी)। Madhubani News: बेनीपट्टी उपकारा के बगल से होकर गुजरने वाली बछराजा नदी पर पुल नहीं रहने के कारण किसानों को खेती करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कृषि कार्य के लिए चचरी पुल सहारा है।
एक पुल मिल जाता तो जिंदगी संवर जाती। यातायात का कोई साधन नहीं है। चिराग तले अंधेरा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। एक ओर सरकार एवं जनप्रतिनिधि विकास के दावे कर रहे हैं। लेकिन चचरी पुल विकास के दावे की पोल को खोल रहा है।
चचरी पुल के सहारे खाद की बोरी लेकर किसान पहुंच रहे खेत
आधे दर्जन गांव के किसानों को खेती कार्य में गंभीर संकट का सामना करना पड़ता है। किसान सिर पर खाद की बोरी रख चचरी पुल के सहारे खेतों पर पहुंचते हैं। ट्रैक्टर व हल बेल तीन किलोमीटर घूमकर दामोदरपुर के रास्ते खेतों पर पहुंच रहा है।
बाढ़ एवं बरसात के दिनों और कठिनाई होती है। लेकिन नदी में पानी कम होने के बाद ठेहुनेभर पानी हेलकर किसान व मजदूर कृषि कार्य करते हैं। हजारों एकड़ उपजाउ भूमि में किसानों को खेती करने में सर्वाधिक दंश झेलना पड़ता है।
यदि बछराजा नदी पर पुल बनाने की वर्षों पुरानी मांग पर सरकार अमल करेगी तो यह तय है कि इस भूमि से धान, गेंहू की उत्पादन किसान के लिए वरदान बन जाएगा। बेहटा, बेनीपट्टी, बनकट्टा दामोदरपुर, कटैया आदि गांव के किसानों की हजारों एकड़ जमीन पर यातायात नहीं होने के कारण कृषि कार्य में कठिनाई हो रही है।
हर वर्ष जन सहयोग से नदी पर बनता चचरी पुल
बेनीपट्टी प्रखंड के बेहटा, बनकट्टा, दामोदरपुर, कटैया, बेनीपट्टी, बेहटा पश्चिम के अधिकतर किसान की जमीन बछराजा नदी के दोनों पार है। नदी पर जन सहयोग से हर वर्श बांस का चचरी पुल बनाकर लोग खेती कार्य व चलने को विवश हैं।
किसानों ने कहा
बेहटा गांव के किसान संजीव पासवान, नरेश यादव, देवेन्द्र पासवान, रामबाबू यादव, मनोज यादव, शंकर यादव, दिलीप यादव, प्रयाग यादव ने बताया कि नदी पर पुल जरूरी है। पुल का निर्माण नहीं होने से खेती करने में परेशानी हो रही है।
खासकर एक दूसरे गांव घूमकर कर खेतों पर पहुंचना पड़ता है। सरकार व प्रशासन इसे गंभीरता से लेकर नदी पर पुल का निर्माण कराए। वरिष्ठ समाजसेवी ई. नवीन चन्द्र झा ने सरकार एवं प्रशासन से उपकारा के निकट बछराजा नदी पर पुल निर्माण कराए जाने का मांग की।
उपकारा बेनीपट्टी के बगल बह रहे बछराजा नदी पर पुल के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति के बाद आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
प्रभात कुमार राज, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग बेनीपट्टी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।