मधुबनी गोलीकांड में फरार ASI की तलाश में STF भी सक्रिय, 12 विशेष टीमें कर रहीं छापेमारी
Bihar STF Search Operation: मधुबनी के बलिराजगढ़ गोलीकांड में फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह उर्फ क्रांति की तलाश तेज हो गई ...और पढ़ें

बुधवार शाम अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Balirajgarh Firing: जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में सर्विस पिस्टल से गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह उर्फ क्रांति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।
मधुबनी पुलिस के साथ अब पटना मुख्यालय और बिहार एसटीएफ की टीम भी उसकी तलाश में जुट गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो नेपाल सीमा से लेकर बक्सर तक उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
नेपाल सीमा से बक्सर तक तलाश
पुलिस की विशेष टीमें बक्सर, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी सहित नेपाल सीमा से सटे इलाकों में आरोपी की तलाश कर रही हैं। उसके करीबी लोगों और सगे-संबंधियों के यहां भी दबिश दी जा रही है। संभावित लोकेशन और संपर्कों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीमों को भी लगाया गया है।
हत्या और आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी
बुधवार शाम अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी एएसआई को मंगलवार को ही निलंबित कर दिया गया था।
उसे सेवा से बर्खास्त करने के लिए विभाग को पत्र भेज दिया गया है। मृतक अशोक यादव की पत्नी अस्मिता देवी के बयान पर आरोपी के विरुद्ध हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
12 विशेष जांच दल गठित
एसएसपी ने बताया कि मामले के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए सदर एसडीपीओ-टू कामिनी कौशल के नेतृत्व में 12 विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित किए गए हैं।
अभियान की निगरानी सदर एसडीपीओ-वन अमित कुमार और सदर एसडीपीओ-टू कामिनी कौशल कर रही हैं। पीड़ित दोनों लड़कियों की मेडिकल जांच कराने के साथ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 183 के तहत न्यायालय में उनका बयान भी दर्ज कराया गया है। पुलिस जल्द अनुसंधान पूरा कर मामले का त्वरित विचारण कराने की तैयारी में है।
चौकीदार और पांच सैप जवान निलंबित
एसएसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना समय पर स्थानीय थाना और वरीय पुलिस पदाधिकारियों को नहीं दी गई थी। इस कारण आरोपी एएसआई को मौके से फरार होने का मौका मिल गया।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय चौकीदार बिजेन्द्र पासवान और बलिराजगढ़ पुलिस पिकेट पर तैनात पांच सैप जवानों को निलंबित कर दिया गया है। इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के साथ सेवा से बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
सूचना देने पर 25 हजार इनाम
फरार एएसआई की तस्वीर विभिन्न स्थानों पर प्रसारित की गई है। उसके वर्तमान ठिकाने की सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट और कुर्की का आदेश प्राप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आदेश मिलते ही उसके घर की कुर्की की जाएगी।
एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर मधुबनी पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9031674255 पर सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में आरोपी के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।