मधुबनी में डीएम के साथ धक्का-मुक्की, ASI की गोली से ग्रामीण की मौत के बाद भड़का था गुस्सा
मधुबनी के बाबूबरही में एएसआई की गोली से एक ग्रामीण की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित ...और पढ़ें

घटना के बाद मधुबनी में वार्ता करते डीएम आनंद शर्मा एवं एसएसपी योगेन्द्र कुमार व अन्य। सौ. डीपीआरओ
HighLights
एएसआई की गोली से ग्रामीण अशोक यादव की मौत।
आक्रोशित भीड़ ने जिलाधिकारी आनंद शर्मा से धक्का-मुक्की की।
डीएम ने दोषी को स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, बाबूबरही (मधुबनी)। बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही में सोमवार रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने प्रशासनिक महकमे को भी सकते में डाल दिया। ग्रामीणों का आक्रोश शांत कराने पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आक्रोशित भीड़ के बीच डीएम के साथ धक्का-मुक्की की गई। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर वहां से निकाला।
डीएम के साथ हुई धक्का-मुक्की
बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में आक्रोशित महिलाएं डीएम के सामने अपनी नाराजगी जाहिर कर रही थीं। इसी दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। डीएम के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें भीड़ से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
एएसआई की गोली से ग्रामीण की मौत
दरअसल, सोमवार रात बलिराजगढ़ गांव में पुरातत्व स्थल की सुरक्षा के लिए बने पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआइ चंद्रमोहन सिंह पर एक महिला के घर में गलत नीयत से घुसने का आरोप लगा। ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। इसी दौरान एएसआई ने सर्विस रिवाल्वर से फायरिंग कर दी। इसमें अशोक यादव (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शव सड़क पर रखकर किया जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को खोजपुर चौक से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बाबूबरही-खुटौना मुख्य पथ पर रखकर जाम कर दिया। इस दौरान डीएसपी को भी घेर लिया गया और जिला मुख्यालय से पहुंची विशेष टीम को खदेड़ दिया गया।
डीएम ने दिया कार्रवाई का भरोसा
डीएम आनंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर दोषी को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने और एक माह के भीतर जिला स्तर से मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अन्य मांगों को सरकार तक भेजने की बात कही। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।