विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में मिली 800 साल पुरानी भगवान विष्णु की मूर्ति, मधुबनी में मिले अवशेषों से खुलेगा कर्नाट काल का राज

By Manoj Jha Edited By: Ajit kumar
Published: Sat, 21 Nov 2026 07:02 PM (IST)

Karnat Dynasty History Mithila: मधुबनी के खिरहर गांव में 800 साल पुरानी भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति मिली है, जिसे अब सौराठ संग्रहालय में स्थानांतरित किया जा रहा है। यह प्रतिमा मिथिला के कर्नाट वंश के स्वर्ण युग से संबंधित है।

मंदिर में रखी करीब 800 वर्ष पुरानी भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। (AI Generated Image)

मंदिर में रखी करीब 800 वर्ष पुरानी भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। (AI Generated Image)

HighLights

  1. मधुबनी में 800 साल पुरानी खंडित विष्णु मूर्ति मिली।

  2. यह मूर्ति मिथिला के कर्नाट वंश के काल की है।

  3. पुरातत्व विभाग ने इसे सौराठ संग्रहालय में स्थानांतरित किया।

संवाद सहयोगी, हरलाखी (मधुबनी)। Madhubani Ancient Vishnu Idol: प्रखंड अंतर्गत खिरहर गांव के हर मंदिर में रखी करीब 800 वर्ष पुरानी भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है।

ब्लैक बेसाल्ट पत्थर से निर्मित साढ़े पांच फीट लंबी और तीन फीट चौड़ी यह प्रतिमा मिथिला के कर्नाटवंशी शासकों के काल की बताई जा रही है। ग्रामीणों और पुजारियों के अनुसार यह खंडित मूर्ति करीब 100 वर्षों से इस मंदिर में पड़ी हुई थी।

सोशल मीडिया से सक्रिय हुआ प्रशासन

दो दिन पूर्व सोशल मीडिया पर इस मूर्ति की तस्वीर वायरल होने के बाद पुरातत्व विभाग और जिला प्रशासन हरकत में आ गया। दरभंगा के पुरातत्व अन्वेषक डॉ. मुरारी कुमार झा और इंटैक के को-कन्वेनर शिव कुमार मिश्र ने प्रशासन को इसके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सह सहायक संग्रहालय अध्यक्ष नीतीश कुमार, स्थानीय बीडीओ रविशंकर पटेल और डॉ. मुरारी कुमार झा ने मौके पर पहुंचकर मूर्ति को सौराठ संग्रहालय में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की।

madhubani 800 year old karnat dynasty lord vishnu idol saurath museum

अवलोकन करने पहुंचे जिला खेल एवं कला संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार।

मिट्टी के बर्तन व ईंट के अवशेष

अन्वेषक ने मंदिर परिसर के अन्य हिस्सों का जायजा लिया, जहां पूर्व मध्य काल की ईंटों के टुकड़े और मिट्टी के बर्तनों के अवशेष मिले हैं।

सामान्य सतह से करीब 15 फीट ऊंचाई पर स्थित इस स्थल को देखकर अनुमान लगाया गया कि मूर्ति यहीं से निकली होगी। डॉ. मुरारी कुमार झा ने संभावना जताई है कि इस स्थान पर और भी प्राचीन मूर्तियां दबी हो सकती हैं।

कर्नाट वंश और मिथिला का स्वर्ण युग

कर्नाट वंश (1097–1324 ईस्वी) मिथिलांचल पर शासन करने वाला एक प्रमुख राजवंश था, जिसके काल को 'मिथिला का स्वर्ण युग' कहा जाता है। 1097 ईस्वी में दक्षिण भारत के चालुक्य वंश से जुड़े योद्धा नान्यदेव ने इसकी स्थापना की थी और लगभग 227 वर्षों तक उत्तरी बिहार व दक्षिणी नेपाल के तराई क्षेत्र पर शासन किया।

सिम्रौनगढ़ इनकी मुख्य राजधानी थी और बाद में गंगदेव ने दरभंगा को दूसरी राजधानी बनाया, जबकि 1324 ईस्वी में गयासुद्दीन तुगलक के आक्रमण के बाद अंतिम शासक हरिसिंहदेव के साथ इस वंश का शासन समाप्त हुआ।

साहित्य और पंजी प्रथा की देन

पाल वंश के पतन के बाद कर्नाट शासकों ने मिथिला को एक स्वतंत्र और स्थिर राज्य के रूप में स्थापित कर बाहरी आक्रमणों से सुरक्षा दी।

इसी दौर में मैथिली भाषा और साहित्य का उदय हुआ तथा चंडेश्वर ठाकुर और 'वर्ण रत्नाकर' के रचयिता ज्योतिरीश्वर ठाकुर जैसे विद्वानों को राजकीय संरक्षण मिला।

राजा हरिसिंहदेव ने मैथिल समाज की प्रसिद्ध 'पंजी प्रथा' को व्यवस्थित किया और उनके वंशजों ने नेपाल की काठमांडू घाटी में मल्ल वंश की नींव रखकर मैथिली संस्कृति को फैलाया।

खुदाई से इतिहास का पुनर्लेखन संभव

मधुबनी और सिम्रौनगढ़ क्षेत्र में मिल रहे शिलालेख, काले पत्थर की प्रतिमाएं और अवशेष अब तक साहित्य व लोककथाओं पर आधारित कर्नाट इतिहास को ठोस वैज्ञानिक प्रमाण दे रहे हैं।

इन खोजों से सिम्रौनगढ़, दरभंगा, मधुबनी और सीतामढ़ी को जोड़कर 'मिथिला हेरिटेज सर्किट' विकसित करने की संभावना बढ़ेगी, जिससे स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।

साथ ही, उपेक्षित ऐतिहासिक टीलों के वैज्ञानिक संरक्षण और भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत को भी नई मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें- मधुबनी के बलिराजगढ़ में खुदाई से छह सांस्कृतिक परतें मिलीं, ड्रेनेज सिस्टम और प्राचीन अवशेष भी मिले

यह भी पढ़ें- मधुबनी के बलिराजगढ़ में प्राचीन मिथिला नगर के साक्ष्य उजागर, उत्खनन में मिले 2200 साल पुराने अवशेष

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।