विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी के बलिराजगढ़ में प्राचीन मिथिला नगर के साक्ष्य उजागर, उत्खनन में मिले 2200 साल पुराने अवशेष

Published: Wed, 03 Jun 2026 06:01 PM (IST)

Ancient Mithila City: बिहार के मधुबनी स्थित बलिराजगढ़ में चल रही खुदाई से प्राचीन मिथिला नगर के जीवंत साक्ष्य मिल रहे हैं, जिसमें दूसरी शताब्दी ईसा पूर्व के अवशेष और बौद्ध ग्रंथों से मेल खाती संरचनाएं शामिल हैं। उत्खनन को बाधित करने वाले तत्वों के बावजूद, इसे वैश्विक पटल पर लाने और एक संग्रहालय बनाने के प्रयास जारी हैं।

मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ में चल रहा उत्खनन कार्य। सौ: इंटरनेट मीडिया

मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ में चल रहा उत्खनन कार्य। सौ: इंटरनेट मीडिया

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Archaeology: बिहार के मधुबनी जिले में स्थित ऐतिहासिक और संरक्षित पुरातात्विक स्थल बलिराजगढ़ में चल रहा उत्खनन इस समय देश के पुरातत्वविदों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की देखरेख में चल रही इस खुदाई से प्राचीन मिथिला सभ्यता के कई ऐसे जीवंत साक्ष्य उभरकर सामने आए हैं, जो यहां एक समृद्ध और विशाल 'मिथिला नगर' होने के दावे को मजबूती दे रहे हैं।

टीलों की गहराई से मिल रहे दूसरी शताब्दी ईसा पूर्व के अवशेष, प्राचीन सिक्के, मृदभांड और विशाल दीवारें मिथिलांचल के गौरवशाली इतिहास की गवाही दे रहे हैं।

'मिथिला नगर' से मेल खाती संरचना

हाल ही में पुरातात्विक स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे इंटैक (INTACH) बिहार स्टेट के को-कन्वेनर डॉ. शिव कुमार मिश्र ने एक बड़ा दावा किया है।

उन्होंने बौद्ध साहित्य के प्रसिद्ध ग्रंथ ‘महाउम्मग जातक’ का हवाला देते हुए बताया कि ग्रंथों में जिस भव्य मिथिला नगर की भौगोलिक और ढांचागत संरचना का वर्णन है, बलिराजगढ़ से मिल रहे साक्ष्य ठीक उसी से मेल खाते हैं।

bali

ग्रंथों के अनुसार, प्राचीन नगर के चारों कोनों पर चार बड़े प्रवेश द्वार थे जहां बड़े बाजार लगा करते थे, जबकि केंद्र में राजमहल और प्रशासनिक भवन होते थे।

वर्तमान उत्खनन में मिल रहे नगर नियोजन के संकेत और विशाल परकोटे इसी प्राचीन नगरीय व्यवस्था की ओर इशारा कर रहे हैं।

एएसआई के वरिष्ठ पुरातत्वविदों ने किया निरीक्षण

इस ऐतिहासिक साइट की महत्ता को देखते हुए एएसआई भोपाल के वरिष्ठ पुरातत्वविद डॉ. जलज कुमार तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय टीम ने उत्खनन कार्य का जायजा लिया।

इस टीम में डॉ. शिव कुमार मिश्र के अलावा बापू टावर पटना के उपनिदेशक ललित कुमार सिंह और सीतामढ़ी के शोधकर्ता रामशरण अग्रवाल शामिल थे। निरीक्षण के दौरान युवा शोधार्थियों को वैज्ञानिक उत्खनन, लेयर (परत) निर्धारण, मैपिंग, फोटोग्राफी और पुरावशेषों के रासायनिक संरक्षण की बारिकियों से अवगत कराया गया।

20 फीट की गहराई में मिलीं मौर्यकालीन दीवारें

बीते 29 मार्च से शुरू हुए इस सत्र के उत्खनन में एएसआई की टीम अब तक करीब 20 फीट की गहराई तक जा चुकी है। किले के मध्य भाग और उत्तरी परकोटे की खुदाई के दौरान लगभग 2200 वर्ष पुरानी विशाल दीवारें मिली हैं।

इतिहासकारों के मुताबिक, बलिराजगढ़ में अब तक अलग-अलग पांच सत्रों में खुदाई हो चुकी है, जिसमें शुंग, कुषाण और पाल कालखंड के अवशेष मिले हैं। पूर्व की खुदाई में यहां मौर्यकालीन ईंटें, एनबीपीडब्ल्यू (NBPW) के सिक्के, हाथी दांत की वस्तुएं, पक्की नालियां और बहुमूल्य मनके मिल चुके हैं।

Balirajgarh sanjay jha 1

केंद्रीय मंत्री से 10 वर्षीय प्रोजेक्ट की मांग

बलिराजगढ़ के ऐतिहासिक महत्व को वैश्विक पटल पर लाने के लिए राजनीतिक स्तर पर भी प्रयास तेज हो गए हैं। राज्यसभा सांसद और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की थी।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपकर बलिराजगढ़ के व्यापक और निर्बाध उत्खनन के लिए कम-से-कम 10 वर्षों की एक दीर्घकालिक परियोजना स्वीकृत करने की मांग की थी।

पटना म्यूजियम की तर्ज पर बनेगा संग्रहालय

इससे पहले 28 मार्च को उत्खनन कार्य का विधिवत शुभारंभ करते हुए सांसद संजय झा ने कहा था कि रामायण काल से जुड़े इस स्थल की पूरी वैज्ञानिक खुदाई से राजा विदेह की वास्तविक राजधानी का रहस्य दुनिया के सामने आ सकेगा।

उन्होंने घोषणा की कि उत्खनन से प्राप्त होने वाली दुर्लभ सामग्रियों को सहेजने के लिए यहाँ पटना म्यूजियम के मानक पर एक आधुनिक संग्रहालय (म्यूजियम) का निर्माण कराया जाएगा। इससे इस क्षेत्र में पर्यटन सर्किट का विकास होगा और होटल, रेस्ट हाउस के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उत्खनन कार्य में शरारती तत्वों की बाधा

इस बीच, राष्ट्रीय धरोहर की खुदाई की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला भी सामने आया है। असामाजिक और शरारती तत्वों द्वारा उत्खनन कार्य को बाधित करने और पुरास्थल से छेड़छाड़ की शिकायतें मिली हैं।

एएसआई द्वारा की गई घेराबंदी, खूंटे और रस्सियों को तोड़ दिया गया है, यहाँ तक कि यार्ड में सहेजकर रखे गए कुछ प्राचीन अवशेषों के भी गायब होने की आशंका है। रात के समय ट्रेंच में ईंटें गिराकर काम रोकने की कोशिश की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 मनोज राम और स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) संतोष कुमार ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय संपत्ति के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शरारती तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील

वर्तमान में किले के उत्तरी और दक्षिणी भागों में अलग-अलग ट्रेंच बनाकर डेढ़ से पांच फीट और कुछ जगहों पर 20 फीट तक खुदाई की जा रही है, जहाँ मोटी और टेढ़ी-मेढ़ी दीवारें मिली हैं। पानी के रिसाव जैसी तकनीकी बाधाओं को दूर कर एएसआई इसकी अंतिम तह तक जाने का प्रयास कर रही है।

इस ऐतिहासिक यज्ञ को निर्बाध रूप से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय मुखिया, सरपंच और वार्ड प्रतिनिधियों का सहयोग बेहद जरूरी है। मैंने जिलाधिकारी मधुबनी और सांसद संजय झा से भी बात कर सुरक्षा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने का आग्रह किया है।

-

डॉ. शिव कुमार मिश्र, सहसंयोजक, इंटैक बिहार चैप्टर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।