मधुबनी के बलिराजगढ़ में खुदाई से छह सांस्कृतिक परतें मिलीं, ड्रेनेज सिस्टम और प्राचीन अवशेष भी मिले
मधुबनी के बलिराजगढ़ पुरातात्विक स्थल पर खुदाई में छह सांस्कृतिक परतें, प्राचीन निर्माण और विकसित जल निकासी प्रणाली मिली है। इन खोजों से विभिन्न कालखंडों में मानव बसावट और उन्नत जीवनशैली के प्रमाण सामने आए हैं, जिनमें 13 रिंग वाला कुआँ भी शामिल है।

बलिराजगढ़ पुरातात्विक स्थल ! फाइल फोटो
HighLights
बलिराजगढ़ में छह सांस्कृतिक परतें और प्राचीन निर्माण मिले।
विकसित जल निकासी प्रणाली और 13 रिंग वाला कुआँ मिला।
विभिन्न कालखंडों की मानव बसावट के प्रमाण उजागर।
संवाद सहयोगी, बाबूबरही (मधुबनी)। जिले के ऐतिहासिक बलिराजगढ़ पुरातात्विक स्थल पर जारी उत्खनन में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं। पुरातत्व विभाग की टीम छह अलग-अलग गड्ढों में खुदाई कर रही है, जहां से किलेबंदी, प्राचीन निर्माण, जल निकासी व्यवस्था और विभिन्न कालखंडों से जुड़े अवशेष मिले हैं। इन खोजों से संकेत मिलता है कि इस क्षेत्र में अलग-अलग समय में मानव बसावट रही थी।
किलेबंदी क्षेत्र से मिले प्राचीन निर्माण के अवशेष
पुरातत्व विभाग की ओर से जारी करंट स्टेटस नोट के अनुसार किलेबंदी क्षेत्र में वाईसी-00, वाईडी-31 और एक अन्य गड्ढे में खुदाई के दौरान ईंट की दीवार, आंगन, पत्थर के गोले और फर्श के अवशेष मिले हैं। यहां से उत्तरी काली पॉलिश वाले बर्तनों (एनबीपीडब्ल्यू) के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा मिट्टी से बनी मानव और पशु आकृतियां, खिलौना गाड़ी, हॉप्सकॉच के मोहरे, मनके, स्लिंग बॉल, ब्लैक स्लिप्ड वेयर और विभिन्न प्रकार के मिट्टी के बर्तन भी मिले हैं, जो यहां के प्राचीन जीवन और संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हैं।
छह मिट्टी की परतें और 13 रिंग वाला कुआं
उत्तर-दक्षिण दिशा में की गई खुदाई के दौरान मिट्टी की छह अलग-अलग परतों की पहचान की गई है। इसी क्षेत्र में 13 रिंग (परतों) वाला एक गोलाकार कुआं भी मिला है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इसका उपयोग अनाज भंडारण, पानी संग्रह या घरेलू जरूरतों के लिए किया जाता रहा होगा।
दक्षिणी क्षेत्र में मिला विकसित ड्रेनेज सिस्टम
किले की दीवार से करीब 200 मीटर दक्षिण स्थित क्षेत्र में भी तीन गड्ढों में उत्खनन जारी है। जेडडी-16 गड्ढे में 3.60 मीटर की गहराई तक खुदाई की गई, जिसमें शुरुआती 1.50 मीटर तक केवल मिट्टी मिली। इसके नीचे ईंटों से बनी संरचनाएं, कच्ची ईंट और मिट्टी की दीवारें सामने आईं।
इस हिस्से की सबसे अहम उपलब्धि एक विकसित ड्रेनेज सिस्टम का मिलना है। यहां एक सोक पिट भी मिला है, जिसे नाली के मोड़ के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। इसी क्षेत्र से मुहरें, टिकटें, मिट्टी की मानव एवं पशु आकृतियां, विभिन्न आकार के मनके तथा लाल, काले, भूरे रंग के मिट्टी के बर्तन और एनबीपीडब्ल्यू के अवशेष भी मिले हैं।
सात परतों वाली ईंट की संरचना भी मिली
वाईएल-14 गड्ढे की खुदाई में सात परतों वाली ईंट की संरचना सामने आई है। इसकी लंबाई 3.80 मीटर और चौड़ाई 2.60 मीटर मापी गई है। पुरातत्वविद इस संरचना की प्रकृति और उपयोग का विस्तृत अध्ययन कर रहे हैं।
अलग-अलग कालखंड की बसावट के संकेत
विशेषज्ञों का कहना है कि लाल, काले, स्लेटी और एनबीपीडब्ल्यू जैसे विभिन्न प्रकार के मिट्टी के बर्तनों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि बलिराजगढ़ में अलग-अलग कालखंडों में मानव आबादी निवास करती रही। उत्खनन का दायरा बढ़ने और आसपास के गड्ढों की खुदाई पूरी होने के बाद यहां की प्राचीन संरचनाओं के स्वरूप और विस्तार के बारे में और स्पष्ट जानकारी मिलने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।