विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल से अयोध्या तक डायरेक्ट ट्रेन की तैयारी, जयनगर-जनकपुर रूट पर ट्रायल पूरा; IRCTC से बुक होगी टिकट

By Md Ali Edited By: Rajat Mourya
Published: Thu, 05 Nov 2026 06:22 PM (IST)

जयनगर-जनकपुर रेलखंड पर ट्रेन सेवा के सफल ट्रायल के बाद जनकपुर-अयोध्या ट्रेन जल्द शुरू होने की संभावना है। यह ट्रेन ...और पढ़ें

जयनगर-जनकपुर रेलखंड पर ट्रायल पूरा, जल्द शुरू होगी ट्रेन सेवा

जयनगर-जनकपुर रेलखंड पर ट्रायल पूरा, जल्द शुरू होगी ट्रेन सेवा

HighLights

  1. जयनगर-जनकपुर रेलखंड पर ट्रेन सेवा का सफल ट्रायल संपन्न।

  2. जनकपुर-अयोध्या ट्रेन 'रामायण सर्किट' योजना के तहत चलेगी।

  3. सुरक्षा, कस्टम जांच, IRCTC बुकिंग पर अधिकारियों ने चर्चा की।

संवाद सहयोगी, जयनगर (मधुबनी)। लंबी प्रतीक्षा के बाद प्राचीन मिथिला की राजधानी जनकपुर धाम से अवध नगरी और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की धरती अयोध्या के बीच प्रस्तावित ट्रेन सेवा का शुभारंभ इसी महीने होने की संभावना है।

जनकपुर (नेपाल) से अयोध्या (भारत) के बीच प्रस्तावित यह ट्रेन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'रामायण सर्किट' के तहत चलाई जानी है।

नेपाली भूभाग के रेलखंड पर ट्रेन परिचालन, सुरक्षा और संरक्षा समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी लेने के लिए गुरुवार को पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन और समस्तीपुर डिवीजन के साथ भारत-नेपाल दोनों देशों के रेलवे व सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने एम्प्टी (खाली) कोच स्पेशल ट्रेन से जनकपुर-कुर्था रेलखंड का ट्रायल लिया।

जयनगर-जनकपुर रेलखंड पर ट्रायल ट्रेन में पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन एवं समस्तीपुर मंडल स्तर के परिचालन, सेक्शन, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल, सुरक्षा, मैकेनिकल एवं सेफ्टी विभाग के दर्जनों रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।

रेलवे के अधिकारियों ने जयनगर से प्रस्थान करने पर वैदेही, कुर्था एवं जनकपुर समेत अन्य रेलवे स्टेशनों पर कार्यरत स्टेशन अधीक्षक और ऑपरेटिंग कर्मियों से यातायात संबंधी बिंदुओं पर जानकारी ली।

अधिकारियों ने प्रस्तावित ट्रेन के परिचालन को लेकर स्टेशन पर कंट्रोल रूम, पैनल रूम, सिग्नल सिस्टम, ट्रैक चेंज और ऑपरेटिंग एवं यात्रियों के आवागमन और सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर भारत-नेपाल के अधिकारियों के साथ चर्चा की।

निरीक्षण के बाद जयनगर पहुंचने पर एजीएम अमरेंद्र कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जनकपुर-अयोध्या के बीच जल्द ही ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा। इसी को लेकर जयनगर-जनकपुर रेलखंड का ट्रायल लिया गया है।

नेपाली क्षेत्र में रेलवे के सेक्टर में काफी काम हुआ है, लेकिन कुछ छोटे काम अभी बाकी हैं। रेल परिचालन से पूर्व संभवतः इन्हें पूरा करा लिया जाएगा। तकनीकी बिंदुओं पर भारत और नेपाल के अधिकारियों के साथ बैठक में चर्चा हुई है।

जनकपुर-अयोध्या ट्रेन की सुरक्षा का जिम्मा नेपाली क्षेत्र में नेपाल की सुरक्षा एजेंसी और भारतीय क्षेत्र में आरपीएफ व जीआरपी द्वारा संभाला जाएगा।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ट्रेन परिचालन को लेकर अभी दिन निर्धारित नहीं किया गया है। दोनों देशों की सरकारों के स्तर पर इसकी घोषणा की जाएगी। ट्रेन का टिकट लेने वाले रेल यात्रियों से रेलवे द्वारा जिन कागजातों की मांग की जाएगी, उन्हें वे दिखाने होंगे। आईआरसीटीसी (IRCTC) द्वारा टिकट बुक किया जाएगा।

भारत और नेपाल दोनों देशों के लोग कहीं से भी टिकट बुक कर सकते हैं और जो स्टेशन निर्धारित होगा, वहां से उक्त ट्रेन में यात्रा कर सकते हैं।

पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि ट्रेन में एसी व स्लीपर क्लास के डिब्बे लगे होंगे। जनकपुर-अयोध्या ट्रेन जयनगर पहुंचने पर कस्टम विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है, इसलिए जांच की कार्रवाई कस्टम विभाग को करनी है।

ट्रायल ट्रेन के जनकपुर पहुंचने पर स्टेशन प्रतीक्षालय में नेपाल के अधिकारियों द्वारा भारतीय अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

अधिकारियों ने सभी स्तरों पर लिया जायजा:

भारतीय रेलवे व सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों ने जयनगर-जनकपुर रेलखंड का ट्रायल किया। इस क्रम में नेपाल से जयनगर आने पर रेल यात्रियों के आवागमन, सामानों की जांच और रेल यात्रियों की जांच के अलावा, अयोध्या जाने वाली ट्रेन से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों एवं उनके सामानों की जयनगर में कैसे जांच की जाएगी, इन बिंदुओं पर अधिकारियों ने चर्चा की।

इसके अलावा जयनगर के नेपाली रेलवे स्टेशन पर एसएसबी द्वारा जवानों की प्रतिनियुक्ति, स्टेशन परिसर की घेराबंदी एवं रेल यात्रियों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था की भी जानकारी ली गई।

यह भी पढ़ें- मुंबई से बिहार के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन: आरा होकर जाएगी मुजफ्फरपुर, फटाफट नोट कर लें तारीख और बुकिंग टाइम

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-पटना के बीच चलेगी तीसरी वंदे भारत स्पेशल, यात्रियों को मिलेगी राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।