ट्रेन में सीट नहीं मिली तो खुद थामी स्टीयरिंग, छठ मनाने 20 घंटे का सफर कर हरियाणा से बिहार पहुंचे अविनाश
छठ महापर्व पर घर लौटने की चाह में लोग दूरी, थकान और खर्च की परवाह नहीं कर रहे हैं। ट्रेन ...और पढ़ें

कार से पहुंचे अविनाश। फोटो जागरण
HighLights
ट्रेन टिकट न मिलने पर अभिनव ने कार से तय किया 20 घंटे का सफर।
मुंबई से राहुल ने 60 हजार खर्च कर हवाई टिकट से की घर वापसी।
छठ महापर्व पर अपनों के साथ रहने की आस्था ने खींचा घर।
राजेश रंजन शशि, मधुबनी। छठ महापर्व पर घर लौटने की चाह दूरी, थकान और खर्च की चिंता पर भारी पड़ रही है। मां के हाथों का ठेकुआ, परिवार के साथ खरना का प्रसाद और गांव के घाट पर सूर्य को अर्घ्य देने की अभिलाषा प्रवासियों को घर खींच ला रही है।
इस बार फ्लाइट के किराये आसमान छू रहे हैं और दिल्ली सहित दूसरे महानगरों से आने वाली ट्रेनों में आरक्षित सीटें फुल हैं। तत्काल टिकट के प्रयास भी नाकाम रहने पर किसी ने कार से सफर किया, तो किसी ने महंगे हवाई टिकट खरीदे।
गुड़गांव से बिहार का सफर
बाबूबरही प्रखंड के श्यामसिद्धप गांव निवासी अभिनव अविनाश गुड़गांव में अपना कारोबार करते हैं। छठ पर गांव लौटना उनकी परंपरा का हिस्सा है। इस बार ट्रेन का टिकट कंफर्म नहीं हुआ।
परिवार के छह लोगों के हवाई टिकट पर करीब 90 हजार रुपये से अधिक खर्च आता, इसके बावजूद वापसी के टिकट मिलना मुश्किल था। ऐसे में उन्होंने परिवार के साथ अपनी गाड़ी से गांव आने का फैसला किया।
अभिनव शुक्रवार सुबह 11 बजे पत्नी दिव्या भारती, मौसी अनुप्रिया, पुत्र अक्षित, मौसेरे भाई अक्षांश और रिश्तेदार सुचिता देवी के साथ गुड़गांव से निकले। करीब 20 घंटे के सफर के बाद शनिवार सुबह आठ बजे श्यामसिद्धप पहुंचे।
डीजल और अन्य मदों पर करीब 15 हजार रुपये खर्च हुए। अभिनव के मुताबिक, वापसी में भी लगभग इतनी ही राशि लगेगी। इस तरह छह लोगों की आने-जाने की यात्रा करीब 30 हजार रुपये में पूरी होगी।
उन्होंने बताया कि निजी गाड़ी से आने पर ट्रेन की देरी और टिकट की अनिश्चितता से बच गए। परिवार के साथ खरना में शामिल होने और छठ का प्रसाद ग्रहण करने की खुशी है।
मुंबई से ₹60 हजार खर्च कर पहुंचे राहुल
मुंबई में रहने वाले आईटी प्रोफेशनल राहुल मिश्रा ने भी छठ पर घर पहुंचने के लिए खर्च की परवाह नहीं की। तीन महीने पहले कराया गया ट्रेन टिकट कंफर्म नहीं हुआ।
आखिरकार उन्होंने पत्नी निधि मिश्रा और पुत्र निहुल मिश्रा के साथ करीब 60 हजार रुपये खर्च कर हवाई टिकट खरीदा। शुक्रवार देर शाम दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे परिवार सहित श्यामसिद्धप गांव पहुंचे।
राहुल के मुताबिक, उनके कई परिचित ट्रेन से एक दिन पहले रवाना हुए थे, लेकिन अब तक बिहार नहीं पहुंच सके हैं। ऐसे में समय पर घर पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
प्रवासियों की घर वापसी की बदलती तस्वीर
घर लौटने वालों में अब रोजी-रोटी के लिए बाहर गए श्रमिकों के साथ आईटी प्रोफेशनल, कारोबारी और दूसरे पेशों से जुड़े लोग भी शामिल हैं। कोई परिवार के साथ 20 घंटे कार चलाकर आ रहा है, तो कोई महंगे हवाई टिकट खरीद रहा है।
सफर के तरीके अलग हैं, लेकिन घर लौटने की वजह एक ही-छठी मैया के प्रति आस्था, अपनों के साथ पर्व मनाने की खुशी और गांव के घाट पर अर्घ्य देने की अभिलाषा।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में छठ के बाद वापसी की नो टेंशन! स्पेशल ट्रेनों में अभी भी खाली हैं सैकड़ों सीटें
यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: एक क्लिक पर जानें छठ घाटों से जुड़ी पूरी जानकारी, बिना इंटरनेट काम करेगा ये एप