Bihar News: प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह की पहल से जुड़ेंगे जनकपुर-अयोध्या, 24 को पहुंचेगी ट्रेन
India Nepal Rail Connectivity : भारत और नेपाल के बीच जनकपुर-अयोध्या रेल सेवा का उद्घाटन 23 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह करेंगे। यह ऐतिहासिक रेल मार्ग दोनों देशों के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत करेगा, जिसकी पहली ट्रेन 24 नवंबर को जनकपुर पहुंचेगी।

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ऐतिहासिक रेल सेवा का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे।
HighLights
23 नवंबर को पीएम मोदी और नेपाल पीएम करेंगे उद्घाटन।
जनकपुर-अयोध्या रेल मार्ग से जुड़ेंगे भारत-नेपाल के शहर।
धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मिलेगी नई दिशा।
संवाद सहयोगी, जयनगर (मधुबनी)। रामनगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर अब रेल मार्ग से सीधे जुड़ने जा रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 23 नवंबर को इस ऐतिहासिक रेल सेवा का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे।
इसके साथ ही दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को नई कड़ी मिलेगी। 24 नवंबर को ट्रेन जनकपुर पहुंचेगी, जहां नेपाल सरकार की ओर से भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। इधर, मधुबनी से जयनगर तक रेलवे स्टेशनों को भी स्वागत समारोह के लिए सजाया जा रहा है।
अयोध्या कैंट स्टेशन पर खास तैयारी
ट्रेन परिचालन को लेकर अयोध्या कैंट स्टेशन पर तैयारी चल रही है। नेपाल के जनकपुर रेलवे स्टेशन पर भी नेपाल रेलवे द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। साफ सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त किए जा रहे हैं।
नेपाल रेलवे के महाप्रबंधक परिवेश पराजुली ने बताया कि जनकपुर अयोध्या ट्रेन शुभारंभ के बाद 24 नवंबर को जनकपुर पहुंचने पर नेपाल सरकार की ओर से उसका स्वागत किया जाएगा।
भारत नेपाल पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष ललित झा ने कहा कि स्वागत समारोह में नेपाल सरकार की ओर से मधेश प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री कृष्णा प्रसाद यादव, राज्यपाल डा. सुरेन्द्र लाल, उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र भंडारी, भारत नेपाल नागरिक मंच के अध्यक्ष सदाशिव मिश्रा, नेपाल भारत मैत्री संघ के अध्यक्ष नरेश प्रसाद सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों एवं समाजिक कार्यकर्ता के भाग लेने की संभावना है। नेपाल के भौतिक पूर्वाधार मंत्री सुनील लमशार प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ नई दिल्ली उद्घाटन समारोह में शामिल रहेंगे।
प्रमुख स्टेशनों पर रेल यात्रियों का होगा भव्य स्वागत
जनकपुर आने से पूर्व निर्धारित रेल खंड के विभिन्न स्टेशनों पर भी रेल यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल समस्तीपुर मंडल की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है।
रेल सूत्रों के अनुसार 24 नवंबर को निर्धारित रेल खंड के शिशो, सकरी, मधुबनी एवं जयनगर रेलवे स्टेशन पर स्वागत होगा। उक्त स्टेशन अंतर्गत सभी लोकसभा व विधानसभा क्षेत्र के सांसद, मंत्री एवं विधायक को रेलवे द्वारा निमंत्रण पत्र भेजने की तैयारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।