विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जनकपुर से अयोध्या तक सीधी ट्रेन, शिशो-दरभंगा और सीतामढ़ी के यात्रियों की भी बल्ले-बल्ले

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:20 PM (GMT+05:30)

Janakpur Dham Ayodhya Express : रेल मंत्रालय ने जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट तक सीधी रेल सेवा को मंजूरी दी है, ...और पढ़ें

Janakpur to Ayodhya Train: इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

Janakpur to Ayodhya Train: इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट सीधी रेल सेवा को मिली स्वीकृति।

  2. दरभंगा, सीतामढ़ी के रास्ते चलेगी, यात्रियों को मिलेगी सुविधा।

  3. धार्मिक यात्रा, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। मां जानकी की धरती जनकपुर से प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या तक पहुंचने के लिए अब श्रद्धालुओं को बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।

मिथिला और अयोध्या के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। रेल मंत्रालय ने गाड़ी संख्या 15595/15596 जनकपुरधाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस के परिचालन को स्वीकृति दे दी है।

यह ट्रेन शिशो, दरभंगा और सीतामढ़ी के रास्ते चलेगी। इससे नेपाल के जनकपुर और मिथिलांचल के लोगों को अयोध्या की यात्रा में सहूलियत मिलेगी। धार्मिक यात्रा के साथ व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बार-बार ट्रेन बदलने की झंझट होगी खत्म

इस रेल सेवा का सबसे बड़ा फायदा श्रद्धालुओं को मिलेगा। अभी अयोध्या जाने के लिए यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार अलग-अलग ट्रेनों का सहारा लेना पड़ता है। सीधी रेल सेवा शुरू होने से जनकपुर और मिथिलांचल के लोगों को अयोध्या तक पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलेगा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और परिवार के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

सीतामढ़ी और दरभंगा के यात्रियों को भी लाभ

प्रस्तावित ट्रेन शिशो, दरभंगा और सीतामढ़ी होकर चलेगी। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधे अयोध्या जाने की सुविधा मिलेगी। धार्मिक आयोजनों, राम मंदिर दर्शन और अन्य अवसरों पर अयोध्या जाने वाले लोगों के लिए यह सेवा काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सीधी रेल सेवा से नेपाल और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों और पर्यटकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। जनकपुर और अयोध्या के धार्मिक महत्व को देखते हुए इस रेल संपर्क से दोनों क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिल सकती है।

सांसद ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

सांसद डा. गोपालजी ठाकुर ने रेल सेवा को स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांसद ने कहा कि मिथिला और अयोध्या का संबंध माता जानकी और प्रभु श्रीराम के पवित्र विवाह से जुड़ा है। यह रेल सेवा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

यह भी पढ़ें- बिहार में कन्फर्म टिकट की टेंशन खत्म, स्पेशल ट्रेनों में खाली पड़ी हैं हजारों सीटें; फटाफट करें बुकिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।