बिहार में कन्फर्म टिकट की टेंशन खत्म, स्पेशल ट्रेनों में खाली पड़ी हैं हजारों सीटें; फटाफट करें बुकिंग
नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची के बावजूद, रेलवे की स्पेशल ट्रेनों में सैकड़ों बर्थ खाली हैं। यह मुजफ्फरपुर सहित ...और पढ़ें
-1794929254947_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची से यात्री परेशान।
स्पेशल ट्रेनों में सैकड़ों बर्थ खाली, कंफर्म टिकट उपलब्ध।
मुजफ्फरपुर सहित बिहार के यात्रियों को मिल रही राहत।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। नियमित ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए मारामारी है, लेकिन रेलवे की ओर से चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों में सैकड़ों बर्थ खाली पड़ी हैं।
एक ओर नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची के कारण यात्रियों को यात्रा की योजना बदलनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर स्पेशल ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता के बावजूद यात्री इनका विकल्प नहीं तलाश रहे हैं।
रेलवे की उपलब्धता रिपोर्ट के अनुसार, 18 से 30 नवंबर के बीच बिहार के विभिन्न स्टेशनों से खुलने वाली कई स्पेशल ट्रेनों में स्लीपर से लेकर वातानुकूलित श्रेणी तक में सीटें उपलब्ध हैं।
मुजफ्फरपुर के अलावा नरकटियागंज, पाटलिपुत्र, पटना, दरभंगा, बरौनी और रक्सौल से खुलने वाली ट्रेनों में भी कंफर्म टिकट मिल सकता है। ऐसे में नियमित ट्रेनों में वेटिंग टिकट लेकर परेशान हो रहे यात्रियों के पास अब सफर का दूसरा विकल्प मौजूद है।
मुजफ्फरपुर जंक्शन से खुलने वाली स्पेशल ट्रेनों में भी सीटें खाली हैं। 28 नवंबर को आनंद विहार जाने वाली 05283 स्पेशल के थर्ड एसी में 54 बर्थ उपलब्ध हैं।
वहीं, 30 नवंबर को यमुनानगर जाने वाली 04313 स्पेशल के सेकेंड एसी में 27 और स्लीपर में 79 बर्थ खाली हैं। दिल्ली और उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए ये ट्रेनें उपयोगी विकल्प हो सकती हैं।
नरकटियागंज-पाटलिपुत्र स्पेशल में 700 से अधिक बर्थ
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर के यात्रियों के लिए नरकटियागंज और पाटलिपुत्र से खुलने वाली स्पेशल ट्रेनें भी राहत दे सकती हैं। 27 नवंबर को ट्रेन संख्या 03215 में स्लीपर की 704 और 03216 में 712 बर्थ उपलब्ध हैं।
वहीं, 30 नवंबर को 03215 में स्लीपर की 709 और थर्ड एसी की 192 बर्थ खाली हैं। बड़ी संख्या में बर्थ उपलब्ध होने से इन ट्रेनों के माध्यम से यात्री अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।
दिल्ली के लिए पटना से भी कई विकल्प
दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए पटना से खुलने वाली स्पेशल और वंदे भारत ट्रेनें भी विकल्प बन सकती हैं। 22 नवंबर को पटना-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन संख्या 04067 के थर्ड एसी में 90 और 23 नवंबर को 202 बर्थ खाली हैं।
25 नवंबर को पटना-नई दिल्ली वंदे भारत में चेयरकार की 234 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, 26 नवंबर को ट्रेन संख्या 02251 वंदे भारत में 398 सीटें खाली हैं।
इसके अलावा 29 नवंबर को दानापुर-आनंद विहार स्पेशल के थर्ड एसी में 177 और थर्ड इकोनॉमी में 401 बर्थ उपलब्ध हैं।
पुणे और कोलकाता जाने वालों को भी राहत
पुणे और कोलकाता की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी स्पेशल ट्रेनों में पर्याप्त जगह है। 18 नवंबर को पटना-पुणे स्पेशल के स्लीपर में 949 और बरौनी-पटियाला स्पेशल में 921 बर्थ खाली हैं। 25 नवंबर को दरभंगा-शालीमार स्पेशल के स्लीपर में 826 बर्थ उपलब्ध हैं।
वहीं, 29 नवंबर को पटना-हावड़ा सुपरफास्ट स्पेशल के सेकेंड सीटिंग में 1202 सीटें खाली हैं। इसी तरह 27 नवंबर को रक्सौल-हावड़ा स्पेशल के स्लीपर में 283 और थर्ड एसी में 132 बर्थ उपलब्ध हैं।
29 नवंबर को इसी मार्ग की दूसरी स्पेशल ट्रेन में स्लीपर की 514 बर्थ खाली हैं। रेलवे की इन विशेष ट्रेनों में उपलब्धता नियमित ट्रेनों की प्रतीक्षा सूची से जूझ रहे यात्रियों के लिए राहत का विकल्प है।
रेलवे के अनुसार टिकट बुक कराने से पहले संबंधित तिथि और श्रेणी में सीटों की ताजा उपलब्धता की जांच करना जरूरी है। इसलिए पहले जांच करना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।