विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार से बाहर जाने वालों को रेलवे की सौगात, सहरसा से आनंद विहार के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:15 PM (IST)

छठ पूजा के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने सहरसा और आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक विशेष ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. छठ के बाद यात्रियों की भीड़ के लिए विशेष ट्रेन।

  2. सहरसा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलेगी।

  3. कोहरे के कारण सात ट्रेनें घंटों विलंब से।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। छठ पूजा के बाद दूसरे प्रदेशों में लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए समस्तीपुर मंडल की ओर से सहरसा और आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक जोड़ी विशेष ट्रेन का परिचालन किया जाएगा।

ट्रेन अप और डाउन दिशा में एक-एक फेरा लगाएगी। इससे त्योहार के बाद दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में लौटने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

19 नवंबर को सहरसा से खुलेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 05521 सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल विशेष ट्रेन 19 नवंबर 2026 को सहरसा से रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 05522 आनंद विहार टर्मिनल-सहरसा विशेष ट्रेन 21 नवंबर 2026 को आनंद विहार से खुलेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का परिचालन केवल एक-एक फेरे के लिए किया जाएगा।

16 कोच के साथ होगा परिचालन

विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 10 स्लीपर श्रेणी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी और दो दिव्यांग सह लगेज कोच शामिल होंगे। रेलवे की इस व्यवस्था से छठ के बाद वापस काम पर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिलेगी।

कोहरे से सात ट्रेनें घंटों विलंब

इधर, कोहरे का असर ट्रेनों के परिचालन पर भी दिखने लगा है। बुधवार को समस्तीपुर जंक्शन से गुजरने वाली सात महत्वपूर्ण ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। सबसे अधिक देरी पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन को हुई। यह निर्धारित समय रात दो बजे के बजाय सुबह 9:26 बजे पहुंची। इस तरह ट्रेन 7 घंटे 26 मिनट विलंब रही।

राजधानी एक्सप्रेस भी ढाई घंटे लेट

दरभंगा स्पेशल अपने निर्धारित समय सुबह 8:05 बजे के बजाय दोपहर 1:44 बजे पहुंची। यह ट्रेन 5 घंटे 39 मिनट विलंब रही। अवध-असम एक्सप्रेस 2 घंटे 44 मिनट, डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस 2 घंटे 30 मिनट और कामाख्या कविगुरु एक्सप्रेस 2 घंटे 2 मिनट की देरी से समस्तीपुर जंक्शन पहुंचीं।

बिहार संपर्क क्रांति 56 मिनट लेट

ग्वालियर-बरौनी मेल भी निर्धारित समय सुबह 10:50 बजे के बजाय दोपहर 12:27 बजे पहुंची। इसके परिचालन में एक घंटे 37 मिनट की देरी हुई। वहीं, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सुबह 7:45 बजे के बजाय 8:41 बजे समस्तीपुर जंक्शन पहुंची। लगातार ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर निर्धारित समय से अधिक इंतजार करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- जनकपुर से अयोध्या तक सीधी ट्रेन, शिशो-दरभंगा और सीतामढ़ी के यात्रियों की भी बल्ले-बल्ले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।