Bihar News: मवेशियों को चारा दे रहे वृद्ध पर बंदरों का हमला, अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत, क्षेत्र का पहला मामला
पंडौल में बंदरों के झुंड ने एक वृद्ध व्यक्ति पर हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई। रामनाथ चौधरी नामक 67 वर्षीय व्यक्ति अपने घर के बाहर मवेशियों को चारा दे रहे थे तभी बंदरों ने उन पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई।
संवाद सहयोगी, पंडौल (मधुबनी)। Madhubani News : इन दिनों बंदरों का उत्पात इतना बढ़ गया है कि रविवार को बंदरों के झुंड ने एक वृद्ध की जान ले ली। घटना पंडौल थाना क्षेत्र की श्रीपुर हाटी उत्तरी पंचायत के शाहपुर में उस वक्त हुई जब रविवार की सुबह लगभग 7.30 बजे वार्ड संख्या 13 निवासी 67 वर्षीय रामनाथ चौधरी अपने घर के बाहर दरवाजे पर मवेशियों को चारा देने की तैयारी कर रहे थे।
उसी समय डेढ़ से दो दर्जन की संख्या में बंदरों ने उनपर हमला कर दिया। अचानक बंदरों द्वारा हमला किए जाने से वह घबराकर वहीं गिर पड़े। मदद के लिए वह लोगों को पुकारने लगे। जब तक उनकी आवाज सुन लोग आते, बंदरों के झुंड ने उन्हें बुरी तरह से नोच कर जख्मी कर दिया था।
आंगन से महिलाएं लाठी डंडे लिए शोर मचाते हुए दौड़कर बाहर निकलीं। सभी ने मिलकर बंदरों के झुंड को भगाया। इस बीच बंदरों द्वारा अचानक हुए हमले और बुरी तरह से काटे जाने से रामनाथ चौधरी लहूलुहान हो जमीन पर बेसुध पड़े थे।
स्थानीय लोगों की मदद से स्वजन इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने लगे। उनके शरीर से खून का बहना नहीं रुक रहा था। फलस्वरूप अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। इस कारण अस्पताल ले जाने के क्रम में ही उनकी मौत हो गई। सदर अस्पताल जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लोहट चीनी मिल के थे कर्मी
मृतक रामनाथ चौधरी लोहट चीनी मिल के सेवानिवृत्त लिपिक थे। वह घर पर खेती-बाड़ी एवं पशुपालन का काम करते थे। वह अपने पीछे अपने एक पुत्र अमित कुमार चौधरी व तीन पुत्री सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
बंदर के काटने से रामनाथ चौधरी के मौत की खबर सुन पंचायत के मुखिया सह प्रखंड मुखिया महासंघ अध्यक्ष रामकुमार यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य काजल कुमारी, समाजसेवी राम बालक चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उनके आवास पर पहुंच गए।
मुखिया रामकुमार यादव के द्वारा तत्काल घटना की सूचना पंडौल सीओ पुरुषोत्तम कुमार, थानाध्यक्ष मो. नदीम, सदर एसडीएम चंदन कुमार झा, बीडीओ मनोज कुमार राय सहित अन्य अधिकारियों को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सीओ पुरुषोत्तम कुमार एवं पंडौल थानाध्यक्ष मो. नदीम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मृतक के परिजनों से बात कर घटना के संबंध में वरीय अधिकारियों को बताया।
स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि व उचित मुआवजे की मांग की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि सरकारी दिशा निर्देशों के अनुसार हर संभव सहायता की जाएगी।
बंदरों के उत्पात से लोग हलकान
स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक सैकड़ों लोगों को बंदरों ने काटा है। बंदरों का उत्पात प्रखंड क्षेत्र के अन्य गांवों में भी अत्यधिक बढ़ गया है। परंतु बंदरों के द्वारा सामूहिक हमला कर इस तरह के घटना को अंजाम देने की यह पहली वारदात है।
उक्त घटना के बाद से शाहपुर एवं मोहनपुर सहित आसपास के गांव के लोग डरे सहमे हैं। प्रखंड मुखिया महासंघ अध्यक्ष रामकुमार यादव ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में बंदर, जंगली सुअर एवं नील गायों के उत्पात से स्थानीय लोग अत्यधिक परेशान हैं।
किसानों के खेतों में फसलें बर्बाद हो जा रही हैं। इस संबंध में कई बार प्रखंड से लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों को लिखा गया, परन्तु अब तक इस संबंध में किसी प्रकार की कोई पहल नहीं की गई है।
जिला परिषद सदस्य सरोज सिंह गुड्डू ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने जिला परिषद की बैठक में भी आवाज उठाती रही हैं। उन्होंने कहा कि एमएलसी घनश्याम ठाकुर सहित अन्य अधिकारियों को अपने ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए इस समस्या के समाधान के लिए पहल करने का मांगपत्र सौंपा था।
प्रखंड क्षेत्र में स्थिति यह हो गई है कि बंदर अब पेड़ पौधों के फल फूल एवं फसलों को छोड़िए घर से बना हुआ खाना लेकर भाग जा रहे हैं। लोग अपने घर आंगन में भी सुरक्षित नहीं है।
लोगों को खुले में छत पर एवं आंगन में रहने व सोने में भी डर लगने लगा है कि कब कहां से कोई बंदर उन पर हमला कर देगा पता नहीं। पूर्व मंत्री सह नगर विधायक समीर कुमार महासेठ ने बंदरों के हमला के शिकार रामनाथ चौधरी के स्वजन को जिला प्रशासन से उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।