Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Benipatti vidhan sabha Seat 2025: सड़क, पुल-पुलिया में सुधार, उद्योग-रोजगार खोज रहे लोग

    Updated: Mon, 08 Sep 2025 04:03 PM (IST)

    Benipatti Assembly Seat 2025 बस स्टैंड की मांग पुरानी है। केंद्रीय विद्यालय भी नहीं मिला व खसियाघाट में धौंस नदी पर पुल का सपना अपना नहीं हो सका है। क्षेत्र में सड़क पुल-पुलिया बिजली के क्षेत्र में कई कार्य हुए हैं। सड़कों की स्थिति में भी सुधार हुआ है। बछराजा नदी पर पुल नहीं रहने से बांस का चचरी पुल बनाकर लोग कृषि कार्य करने को विवश हैं।

    Hero Image
    विनोद नारायण झा, विधायक । सौ. स्वजन

    अमोद कुमार झा, बेनीपट्टी (मधुबनी)। Bihar Vidhan sabha Chunav 2025 / Benipatti vidhan sabha Seat 2025 / Benipatti Assembly Seat 2025: सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुलिया व पुलों में सुधार हुआ है, लेकिन बस स्टैंड, खसियाघाट में धौंस नदी पर पुल, केंद्रीय विद्यालय निर्माण और अड़ेर को प्रखंड का दर्जा नहीं मिल सका।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उद्योग व रोजगार का कोई साधन नहीं है। विधानसभा क्षेत्र में बेनीपट्टी व कलुआही प्रखंड हैं। 2020 के चुनाव में भाजपा के विनोद नारायण झा ने गरीबों के उत्थान, रोजी-रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास, महिला सुरक्षा, आवागमन, सड़क, पुल-पुलिया निर्माण के नाम पर वोट मांगा था।

    बीते पांच साल में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली आदि के क्षेत्र में कार्य हुए हैं। गांव से लेकर प्रखंडस्तरीय बाजार तक में बदलाव नजर आता है। विधायक के प्रयास से बेनीपट्टी को नगर पंचायत का दर्जा मिला। मगर, स्थायी बस स्टैंड नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है।

    पाली पंचायत के खसियाघाट गांव में धौंस नदी पर पुल नहीं बना। अकुली गांव तथा बेनीपट्टी उपकारा के निकट बछराजा नदी पर पुल नहीं रहने से चचरी पुल बनाकर लोग कृषि कार्य करने को विवश हैं।

    अड़ेर को प्रखंड बनाने का लोग मुद्दा बना रहे हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेनीपट्टी में 100 बेड का अनुमंडल अस्पताल व उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हुआ है। गांवों में सड़कें बनी हैं, लेकिन क्षेत्र में कई ऐसी भी हैं जो लोगों को पीड़ा दे रहीं।

    ऐतिहासिक व पौराणिक स्थल का नहीं हुआ विकास

    महाभारतकालीन ऐतिहासिक व पौराणिक स्थल बाबा गांडीवेश्वरनाथ महादेव स्थान शिवनगर तथा बाणेश्वर स्थान बाणगंगा बररी को पर्यटन स्थल का दर्जा नहीं मिला है। हालांकि, विधायक व पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा के प्रयास से दो दिवसीय उच्चैठ कालिदास महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा मिला। केंद्र सरकार ने भारतमाला परियोजना के तहत बेनीपट्टी विधानसभा को विकास से जोड़ दिया है।

    विकास के काम जो हुए

    • बेनीपट्टी-पुपरी सड़क का परिवर्तन हुआ और 10 मीटर चौड़ीकरण की स्वीकृति मिली।
    • एएनएम स्कूल, अनुमंडल अस्पताल, अतिथि गृह, आधा दर्जन उच्च विद्यालय का निर्माण, कलुआही में प्रखंड भवन के लिए 34 करोड़ की स्वीकृति।
    • 35 करोड़ से पांच पुलों को स्वीकृति मिली।
    • सीएम क्षेत्र विकास योजना के तहत तालाब पर घाट, सड़क का निर्माण, संस्कृति विद्यालय भवन का निर्माण, सामुदायिक व पुस्तकालय भवन का निर्माण, विद्यालय भवन की घेराबंदी, पीसीसी सड़क का निर्माण सहित अन्य कार्य चल रहे।

    समस्याएं जिनका नहीं हो सका समाधान

    • बेनीपट्टी बाजार में जलनिकासी के लिए नाले का निर्माण नहीं हुआ है।
    • नहीं बन सका बस स्टैंड।
    • केंद्रीय विद्यालय नहीं खुल पाया।
    • अड़ेर को प्रखंड का दर्जा नहीं मिल सका।

    एक नजर में विधानसभा

    मतदाता 3,09,281
    महिला  1,45,992
    पुरुष  1,62,282
    थर्ड जेंडर 07

    लोगों ने जो कहा

    विकास तो हुआ है, लेकिन उसमें लूटखसोट है। बेनीपट्टी बाजार में जलनिकासी के लिए नाले का निर्माण नहीं हुआ है। स्ट्रीट लाइट व सीसी कैमरे नहीं लगे। बाजार में आधा दर्जन जगहों पर सुलभ शौचालय जरूरी है। ऐतिहासिक व पौराणिक स्थल को पर्यटन स्थल का दर्जा नहीं मिला है।

    त्रिलोकनाथ झा, समाजसेवी, बेनीपट्टी

    सड़क, पुल-पुलियों का जाल बिछा है। कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों को मिल रहा। फोरलेन सहित अन्य सड़कों का निर्माण हो रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनुमंडल अस्पताल सहित अन्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। विधायक के कार्यकाल में अभूतपूर्व विकास कार्य दिख रहा है।

    शिवकुमार मिश्र, बेनीपट्टी

    सड़क तेजी से बनी है, लेकिन बेनीपट्टी बाजार में नाले का निर्माण जरूरी है। नाला नहीं होने से जलनिकासी में परेशानी है। राज्य सरकार की ओर पेंशन राशि 11 सौ किए जाने एवं 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ लोगों को मिल रहा है।

    नथुनी राम, बेनीपट्टी

    गांवों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश नहीं होने के कारण भूजल स्तर नीचे चले जाने से चापाकल बंद हो गए हैं। पानी के लिए हाहाकार मचा है। नल-जल योजना बेकार साबित हो रही है। सरकार नल-जल को दुरुस्त कर गांवों के घरों तक पेयजल उपलब्ध कराए।

    तिरपित ठाकुर, भटहीशेर

    धरातल पर सारे दावे खोखले

    दो बार विधायक व मंत्री बनने के बाद भी क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ है। धरातल पर सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं। क्षेत्र की जनता ने जिन उम्मीदों से वोट देकर विनोद नारायण झा को जिताया, वह पूरा नहीं हो पाया है। मेरे विधायक काल में अनुमंडल अस्पताल बना। सड़कों का जाल बिछा। गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा।

    भावना झा, प्रतिद्वंद्वी, पूर्व विधायक कांग्रेस

    निष्ठा से किया विकास कार्य

    अपने कार्यकाल में पूरी निष्ठा से क्षेत्र के लिए कार्य किया है। बेनीपट्टी को नगर पंचायत का दर्जा दिलाया। बेनीपट्टी बाजार के संसारी तालाब के समक्ष विद्यापति संग्रहालय, विद्यापति उद्यान का निर्माण कराया। एनएच के निर्माण में सक्रिय भागदारी रही। विकास कार्य के लिए वर्ष 2021 में एक करोड़, 2022 में तीन करोड़, 2023 में चार करोड़ एवं 2024 में चार करोड़ तथा 2025-26 के लिए चार करोड़ की सरकार से स्वीकृति मिली। वर्ष 2021-22 में 40 योजनाओं, 2022-23 में 50, 2023-24 में 48 और 2024-25 में 63 योजनाओं पर काम हो चुका है। वर्ष 2025-26 के लिए करीब 60 योजनाओं की अनुशंसा की गई है।

    विनोद नारायण झा, विधायक

    comedy show banner
    comedy show banner