चोरी के आरोपी को खूंटे से बांधकर पीटा, सिर मुंडवाकर घुमाया; मुखिया पति समेत 10 पर केस
मधेपुरा के शंकरपुर थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में एक युवक को खूंटे से बांधकर पीटा गया और उसका सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया गया। पुलिस ने युवक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। युवक की मां ने मुखिया पति समेत 10 लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, शंकरपुर (मधेपुरा)। शंकरपुर थाना की रायभीर पंचायत में एक युवक को चोरी के आरोप में खूंटे से बांध कर पिटाई की गई फिर इसके बाद सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया गया। घटना 13 सितंबर की है। 14 सितंबर को चोरी के आरोपित युवक अमित कुमार और उसके एक अन्य साथी करण कुमार को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
रायभीर पंचायत की ही वार्ड संख्या सात निवासी रेखा देवी के आवेदन पर केस दर्ज करते हुए पुलिस ने चोरी की गई 30 किलो गेहूं बरामद की गई और उक्त दोनों आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इधर, 15 सितंबर को चोरी के आरोप में गिरफ्तार अमित कुमार की मां वार्ड संख्या छह निवासी विभा देवी ने शंकरपुर थाना में आवेदन देकर मुखिया सुष्मिता चौपाल के पति प्रभाष चौपाल समेत 10 लोगों को नामजद और पांच-छह अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कराया।
विभा देवी का आरोप है कि उसके पुत्र अमित कुमार को शनिवार की सुबह पड़ोसी करण कुमार अपने साथ लेकर बसंतपुर दूध लाने के लिए गया था। वापस लौटने के क्रम में रायभीड़ गांव वार्ड नौ में रूककर पेशाब करने लगा। इसी बीच अचानक मेरे पुत्र अमित कुमार को उसी गांव की रेखा देवी, मुखिया पति प्रभाष चौपाल सहित गांव के ही 10 अन्य व्यक्तियों और पांच-छह अज्ञात लोगों ने घेर लिया।
रेखा देवी ने चोरी करने का आरोप लगाया। इस बीच करण कुमार भाग गया लेकिन मेरे पुत्र को उक्त सभी लोगों ने घेरकर जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए लाठी-डंडा से मारपीट किया। प्रभाष चौपाल के कहने पर कैलू शर्मा ने मेरे पुत्र को खूंटे से बांध दिया और फिर लोगों ने सिर मुंडवाकर मुंह पर कालिख लेप कर गांव में घूमाने लगा।
बताते चलें कि मुख्य आरोपित बनाए गए प्रभाष चौपाल की पत्नी पंचायत की मुखिया हैं। प्रभाष चौपाल स्वयं भाजपा के मंडल अध्यक्ष व प्रखंड बीस सूत्री के उपाध्यक्ष भी हैं। साथ ही वे सिंहेश्वर से राजद विधायक चंद्रहास चाैपाल के भाई हैं।
रायभीर गांव की रेखा देवी के घर चोरी के आरोप में अमित कुमार को 30 किलो गेहूं के साथ पकड़ा गया। आरोपित के निशानदेही पर दूसरे आरोपित करण कुमार को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरे दिन आरोपित की मां ने कालिख-चूना पोतकर गांव में घूमाने और खूंटे से बांधकर पिटाई का आरोप लगाते हुए मुखिया पति समेत 10 को नामजद आरोपित बनाया गया है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। - रौशन कुमार, थानाध्यक्ष, शंकरपुर।
14 सितंबर की सुबह पूर्व वार्ड सदस्य ने फोन कर कहा कि 12 बजे रात में एक चोर पकड़ाया है। जब घटना स्थल पर गया तो देखा एक आदमी का बाल काटकर उसके चेहरे पर चूना लगा दिया है। मैंने तत्काल आरोपित के स्वजन को बुलाया तो उसका भाई आया और कहा कि यह स्मैक पीता है। घर का भी सारा सामान बेच दिया है। इसके बाद थानाध्यक्ष को मैंने ही सूचना दी। पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गया। इसके बाद साजिश रच कर मुझे झूठे आरोप में फंसाया गया है। - प्रभाष चौपाल, मुखिया पति सह मंडल अध्यक्ष, भाजपा।
पंचायत की राजनीतिक के तहत मेरे भाई के विरुद्ध केस दर्ज कराया गया है। सभी आरोप बेबुनियाद है। जांच में सही बात सामने आ जाएगी। वैसे दोनों भाई की राजनीतिक विचारधारा अलग है। इससे पार्टी का कोई लेना- देना नहीं है। - चंद्रहास चौपाल, विधायक, सिंहेश्वर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।